
दिल्ली के जंतर-मंतर पर जुलाई में हुए छात्र प्रदर्शन के बाद चर्चा में आई 15 वर्षीया रुचिका सिंह का एक नया वीडियो 30 अगस्त से सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है । वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए कहती हैं कि उनकी जिंदगी “नरक” बन गई है, उन्हें हर जगह मुंह छिपाकर रहना पड़ रहा है और अब वे पीछे नहीं हटेंगी। वीडियो में रुचिका कहती हैं- "मोदी जी आप कायर हो… अब मैं पीछे नहीं हटने वाली, आप याद रखना।” सवाल यह है कि एक महीने पहले हाथ जोड़कर माफी मांगने वाली युवती अब यह भाषा क्यों इस्तेमाल कर रही है? पूरा मामला जंतर-मंतर के वायरल क्लिप, जीरो FIR, प्रधानमंत्री के क्षमा-संदेश और उसके बाद की सामाजिक-कानूनी प्रक्रिया से जुड़ा है।
23 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा था। उसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें नोएडा की रुचिका सिंह प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती दिख रही थीं। यह भी आरोप था कि टिप्पणियां संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने और सार्वजनिक शांति भंग करने के इरादे से की गईं।
29 जुलाई को गाजियाबाद की सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता स्मृति सिंह चंदेल की शिकायत पर गौतमबुद्ध नगर के एक्सप्रेसवे थाने में रुचिका सिंह के खिलाफ जीरो FIR दर्ज हुई। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 (जानबूझकर अपमान जिससे शांति भंग हो), 353(1) (सार्वजनिक उपद्रव उत्पन्न करने वाले कथन) और 356(1) (मानहानि) के तहत दर्ज किया गया। घटना दिल्ली में हुई थी, इसलिए केस दिल्ली पुलिस (संसद मार्ग थाना क्षेत्र) को स्थानांतरित कर दिया गया।
इस दौरान परिवार पर मीडिया, अजनबियों और ऑनलाइन भीड़ का दबाव बढ़ने की खबरें आईं। कथित रूप से उसके घर पर लोगों के पहुंचने, डोक्सिंग और धमकियों की भी रिपोर्ट्स आयीं। CJP ने FIR को लेकर सवाल उठाए और युवती का बचाव किया।
31 जुलाई की रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर कहा कि जंतर-मंतर पर कुछ शरारती बच्चों ने उन्हें और उनकी दिवंगत मां को भद्दी गालियां दीं। उन्होंने इसे सभ्य समाज के अनुकूल नहीं बताया, लेकिन कहा कि बचपन में गलतियां होती हैं और उन्हें सुधारने का अवसर भी मिलता है। मोदी ने युवा प्रदर्शनकारियों को “गुमराह बच्चे” बताते हुए क्षमा करने और सजा के बजाय मार्गदर्शन देने की बात कही।
इसके तुरंत बाद रुचिका का माफी वाला वीडियो वायरल हुआ। हाथ जोड़कर उन्होंने कहा कि वे दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस गई थीं, वहां प्रदर्शन चल रहा था, भीड़ के असर में आकर उन्होंने बहुत सी बुरी बातें कह दीं। उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ 15 साल की हूं। जो किया वह माफी के लायक नहीं है। यह मेरी पहली और आखिरी गलती है। मैंने वह वीडियो खुद नहीं डाला। पूरे देश से माफी मांगती हूं।” कई माध्यमों ने इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की थी।
अगस्त के पहले सप्ताह में शिकायतकर्ता स्मृति सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के क्षमा करने और युवतियों के माफी वीडियो आने के बाद वे शिकायत वापस ले रही हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस को यह बात बताई।
लगभग एक महीने बाद, अब नया क्लिप फैल रहा है। युवती कहती हैं, “मोदी जी आपने मेरी जिंदगी नरक बना दी है। मतलब एक 15 साल की बच्ची के पीछे आप हाथ धोकर पड़ गए… हर जगह टॉर्चर कराया। मुझे हर जगह मुंह छिपाकर जाना पड़ रहा है।” आगे वे कहती हैं कि खोने को कुछ नहीं बचा, अब पीछे नहीं हटेंगी और “मोदी जी आप कायर हो, आप याद रखना।”
नए वीडियो की प्रामाणिकता, रिकॉर्डिंग की तारीख और क्लिप में दिख रही लडकी की पहचान स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं हुई है। फिर भी क्लिप को रुचिका से जोड़कर शेयर किया गया। आम आदमी पार्टी ने भी इसे शेयर करते हुए लिखा कि किसी को इतना मत डराओ कि उसका डर ही खत्म हो जाए। समर्थक इसे दबाव और उत्पीड़न के बाद का गुस्सा बता रहे हैं, आलोचक इसे माफी तोड़ने और फिर से विवाद भड़काने वाला कदम बता रहे हैं। कांग्रेस हैंडल से इस क्लिप को शेयर करते हुए लिखा, "Gen Z के आगे इंस्टाग्राम पर 'Fraands-Fraands' चिल्लाने वाले नरेंद्र मोदी का ये असली चेहरा है। जो एक 15 साल की लड़की के आगे दम दिखाते हैं, BJP के गुंडों से ट्रोल करवाते हैं, डराते-धमकाते हैं और माफ़ी मांगने के लिए मजबूर करते हैं। शर्म आनी चाहिए।"
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें