छठ के सिंदूर पर 'कॉमेडी' पड़ी भारी: आखिर क्या बोल गए कॉमेडियन, जो मच गया घमासान?

यश माहेश्वरी पर FIR, महिला आयोगों का संज्ञान, माफी के बाद भी नहीं थमा विरोध
यश माहेश्वरी पर बिहार की महिलाओं, छठ पर्व, सिंदूर लगाने को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। माफी मांगने और इंस्टाग्राम डीएक्टिवेट करने के बावजूद गुस्सा थमा नहीं है और पटना पुलिस ने उन पर FIR दर्ज कर ली है।
यश माहेश्वरी पर बिहार की महिलाओं, छठ पर्व, सिंदूर लगाने को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। माफी मांगने और इंस्टाग्राम डीएक्टिवेट करने के बावजूद गुस्सा थमा नहीं है और पटना पुलिस ने उन पर FIR दर्ज कर ली है।
Published on: 

पटना/नई दिल्ली- छठ महापर्व और बिहार की विवाहित महिलाओं की सिंदूर परंपरा पर कथित अश्लील टिप्पणी के मामले में स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी कानूनी और राजनीतिक घेरे में आ गए हैं। पटना साइबर पुलिस ने 24 नवंबर को उनके खिलाफ FIR संख्या 1550/26 दर्ज की है। वीडियो हटाने और माफी माँगने के बाद भी विरोध थमा नहीं है। दिल्ली में भी गुरूवार को माहेश्वरी के विरुद्ध मुकदमा BNS की धाराएं 79, 196, 296 और 352 के तहत दर्ज हुआ।

विवाद की शुरुआत 21 नवंबर को माहेश्वरी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड हुई शो 'Morally Questionable' की एक क्लिप के वायरल होने से हुई। आरोप है कि दिल्ली में आयोजित इस शो में उन्होंने छठ व्रत रखने वाली महिलाओं द्वारा नाक से माथे तक लगाए जाने वाले पारंपरिक सिंदूर पर बेहद आपत्तिजनक तुलना और टिप्पणी की। रिपोर्टों में इस टिप्पणी को अश्लील और बिहार की महिलाओं का अपमान करने वाला बताया गया है।

छठ में व्रती महिलाएँ कई दिनों तक कठिन उपवास रखकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देती हैं। लंबा सिंदूर इस पर्व में सुहाग और आस्था का प्रतीक माना जाता है। इसलिए क्लिप सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी आलोचना की और कार्रवाई की माँग उठने लगी।

पटना साइबर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(1), 79, 351 और 352 तथा आईटी एक्ट के प्रावधानों में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर जाँच शुरू कर दी है। अब तक किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दक्षिण दिल्ली के साकेत थाना में शिकायत दी है। साथ ही आरोपी कॉमेडियन के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बिहार राज्य महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लेकर पटना के SSP को पत्र लिखा और सख्त कार्रवाई की माँग की। आयोग ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी जल्द माँगी है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने 24 नवंबर को स्वतः संज्ञान लेते हुए बिहार के DGP को जाँच और कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, और सात दिन में रिपोर्ट माँगी है।

विरोध बढ़ने पर माहेश्वरी ने विवादित क्लिप हटा दी और 24 नवंबर को वीडियो जारी कर सार्वजनिक माफी माँगी। उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी निष्क्रिय कर दिया। 93 सेकंड के माफीनामे में उन्होंने इसे अपनी "100 फीसदी गलती" माना और किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुँचाने का इरादा न होने की बात कही। लेकिन आलोचकों का कहना है कि पूरे माफीनामे में उन्होंने एक बार भी 'छठ', 'सिंदूर' या 'बिहार की महिलाओं' का सीधा नाम नहीं लिया। इसी वजह से लोगों को यह माफी अधूरी लगी और कार्रवाई की माँग जारी रही।

इस मामले में पक्ष और विपक्ष दोनों ने आलोचना की। कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने इसे भारतीय संस्कृति और महिलाओं की गरिमा पर "घिनौना हमला" बताया। भाजपा नेता शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि यह केवल बिहारी महिलाओं का नहीं, सूर्य की उपासना करने वालों की आस्था का भी अपमान है। बिहार की सामाजिक कार्यकर्ता रितु जायसवाल ने राज्य के सभी 38 जिलों में FIR दर्ज करने की माँग की।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र विवेक ने 25 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर विधिसम्मत कार्रवाई की माँग की है। पत्र में कहा गया है कि हास्य की स्वतंत्रता का सम्मान है, लेकिन नारी-गरिमा और आस्था का अपमान अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता नहीं हो सकता, और केवल माफी पर्याप्त नहीं है।

पार्टी ने पाँच बिंदुओं पर कार्रवाई चाही है। पहला, संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित हो। दूसरा, बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (साइबर) मूल वीडियो और वायरल अंशों को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित करे और उनके आगे प्रसार पर रोक लगाए। तीसरा, चूँकि कार्यक्रम दिल्ली में हुआ बताया गया है, दिल्ली पुलिस से समन्वय किया जाए। चौथा, राज्य महिला आयोग से संज्ञान लेने का अनुरोध किया जाए। पाँचवाँ, भविष्य में बिहार के पर्व-त्योहारों, लोक आस्था और महिलाओं की गरिमा का उपहास करने वाली डिजिटल सामग्री पर त्वरित संज्ञान के लिए स्पष्ट व्यवस्था बने। पार्टी के युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रणब कुमार ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भी पत्र लिखकर दिल्ली पुलिस की IFSO इकाई से साक्ष्य सुरक्षित कराने और आयोजन स्थल की जाँच की माँग की है। यह विवाद एक बार फिर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सांस्कृतिक संवेदनशीलता की बहस के केंद्र में है। जाँच पूरी होने के बाद ही आरोपों और जिम्मेदारी की स्थिति साफ होगी।

यश माहेश्वरी पर बिहार की महिलाओं, छठ पर्व, सिंदूर लगाने को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। माफी मांगने और इंस्टाग्राम डीएक्टिवेट करने के बावजूद गुस्सा थमा नहीं है और पटना पुलिस ने उन पर FIR दर्ज कर ली है।
ट्राइबल एक्टिविस्ट निशा भगत सुसाइड मामले में महिला आयोग सख्त: रहाटकर बोलीं, " जांच CBI को सौंपने से सरकार की जिम्मेदारी पूरी नहीं"
यश माहेश्वरी पर बिहार की महिलाओं, छठ पर्व, सिंदूर लगाने को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। माफी मांगने और इंस्टाग्राम डीएक्टिवेट करने के बावजूद गुस्सा थमा नहीं है और पटना पुलिस ने उन पर FIR दर्ज कर ली है।
चुनाव जीतीं लेकिन साढ़े चार साल तक अधिकारों से रहीं वंचित: जानिए तमिलनाडु की एक दलित महिला पंचायत अध्यक्ष के साथ क्या-क्या बीती
यश माहेश्वरी पर बिहार की महिलाओं, छठ पर्व, सिंदूर लगाने को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। माफी मांगने और इंस्टाग्राम डीएक्टिवेट करने के बावजूद गुस्सा थमा नहीं है और पटना पुलिस ने उन पर FIR दर्ज कर ली है।
TM Special | माँ सफ़ाई कर्मचारी, पिता ऑटो चालक: कैसे पीएचडी स्कॉलर बेटी दीपाली साल्वे बन रही हैं हाशिये के असंख्य छात्रों की उम्मीद!

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक को सब्सक्राइब करें

'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।

यहां सब्सक्राइब करें