
नई दिल्ली- विश्व शौचालय दिवस (19 नवंबर) पर एक रिपोर्ट जारी हुई। रेकिट और अंतर्राष्ट्रीय जनसंख्या विज्ञान संस्थान (IIPS) की "Bridging the Life-Expectancy Gap of Sanitation Workers in India" के मुताबिक भारत में सफाई कर्मियों की औसत जीवन प्रत्याशा 63.8 वर्ष है। यह पेशेवर और प्रबंधकीय श्रेणी के कामगारों से 11.4 वर्ष कम है। समान शिक्षा और आय वाले कृषि व मैनुअल श्रमिकों से तुलना करें, तब भी अंतर 9.6 वर्ष का है।
रिपोर्ट के अनुसार सफाई कर्मियों की दर्ज मौतों में से 30.2 प्रतिशत का संबंध जहरीली गैस के संपर्क और विषाक्तता से है। सिर्फ 1 प्रतिशत कर्मी स्वास्थ्य बीमा में योगदान दे पाते हैं। शहरी पुरुष सफाई कर्मियों की जीवन प्रत्याशा सबसे कम, 62.3 वर्ष है, यानी देश के शहरी पुरुषों से करीब नौ साल कम। अध्ययन का अनुमान है कि इस असमानता से हर साल GDP का लगभग 1.03 प्रतिशत का नुकसान होता है।
ये आंकड़े नीति-निर्माताओं को चौंका सकते हैं। लेकिन द मूकनायक ने जब देश के कई शहरों में सफाई कर्मियों और उनके लिए काम करने वाले स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से बात की, तो एक कड़वा सच सामने आया। किसी को हैरानी नहीं हुई। किसी ने लंबी सांस ली, किसी ने कहा, "यह तो हम रोज़ जीते हैं।"
छत्तीसगढ़ के भिलाई में भारती पखाले पिछले आठ साल से सफाई के काम में हैं। 40 साल की भारती अपने वार्ड में सूखे और गीले कचरे की छंटाई की सुपरवाइज़र हैं। हर महीने 8 हज़ार रुपये मिलते हैं और रोज़ आठ घंटे काम करना पड़ता है।
साप्ताहिक छुट्टी के बारे में पूछने पर वे बताती हैं, "साप्ताहिक अवकाश जैसा कोई प्रावधान नहीं है। हां, कोई इमरजेंसी हो तो छुट्टी लेनी पड़ती है। सब अपनी ज़रूरत के हिसाब से लेते हैं, इसलिए महीने में चार दिन का आराम हमें मिल पाता है।"
अनुबंध में ESI या PF जैसी कोई व्यवस्था नहीं है। बीमारी हुई तो इलाज का पूरा खर्च अपनी जेब से उठाना पड़ता है। "सिर्फ आठ हज़ार रुपये में कोई कैसे गुज़ारा करे? यह ज़मीनी हकीकत है, लेकिन हमारे पास कोई विकल्प नहीं है।"
दलित परिवार में पली-बढ़ी भारती ज़्यादा पढ़ नहीं पाईं। उनके मुताबिक ऐसे हालात में खासकर महिलाओं के पास कोई और रास्ता बचता ही नहीं। उनकी उम्मीद अब 14 साल की बेटी से है। "मैं और मेरे पति उसे हमेशा यही कहते हैं कि हम जो झेल रहे हैं, वह तुम कभी मत झेलना। अच्छी पढ़ाई करो और कोई अच्छी, सम्मानजनक नौकरी पाओ।"
अनुसूचित जाति पृष्ठभूमि से होने के बावजूद भारती कहती हैं कि कम से कम उन्हें अपने कार्यस्थल पर भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ा।
उनकी मांग साफ है। "अगर हमारी कम से कम 15 हज़ार रुपये महीने की मांग, ESI और PF के साथ, मान ली जाए और लागू हो जाए, तो हमें थोड़ी राहत मिलेगी।"
महिला कर्मियों की एक अलग तकलीफ भी है। सुबह छह बजे ड्यूटी पर पहुंचकर दोपहर दो बजे तक काम करने वाली महिलाओं को माहवारी के दिनों में भी राहत नहीं मिलती। भारती का कहना है कि इसके लिए पीरियड लीव जैसी व्यवस्था होनी चाहिए।
मशीनीकरण पर उनका अनुभव दावों से अलग है। "गटर लाइनों की सफाई के लिए रोबोटिक मशीनें हैं, लेकिन असली काम आज भी इंसानी हाथों से ही होता है। सुरक्षा के साधन हैं, पर फिर भी आदमी ज़हरीली गैसों और प्रदूषित हवा के संपर्क में आता ही है।"
जब उन्हें बताया गया कि रिपोर्ट के मुताबिक सफाई कर्मियों की उम्र इतनी कम है, तो भारती ने गहरी सांस ली। "हमारी उम्र इतनी कम निकली है, तो इसमें कोई हैरानी की बात नहीं।"
IIPS के अध्ययन के अनुसार, भारत में सफाई कर्मचारियों की अनुमानित जीवन प्रत्याशा 63.8 वर्ष है, जबकि पेशेवर, तकनीकी और प्रबंधकीय पदों पर काम करने वालों की जीवन प्रत्याशा 75.2 वर्ष है। यानी, इनमें 11.4 वर्षों का अंतर है। रिपोर्ट में यह भी अनुमान लगाया गया है कि समय से पहले होने वाली मौतों के कारण, प्रति 1 लाख सफाई कर्मचारियों में से कुल 77,458 जीवन-वर्षों का नुकसान होता है।
बिहार के खड़गपुर के 30 वर्षीय उत्तम कुमार दलित समुदाय से हैं। 15 साल की उम्र में माता-पिता का हाथ बंटाने गए थे और तब से यही उनकी रोज़ी है।
आज उत्तम और उनकी पत्नी अंजनी को मिलाकर हर महीने 20 हज़ार रुपये की आमदनी होती है। बदले में आठ घंटे की ड्यूटी। चार लोगों का परिवार है, जिसमें 10 और 7 साल के दो बच्चे हैं।
उत्तम बताते हैं, "साल में एक बार वर्दी और जूता मिलता है। कोई हेल्थ कार्ड नहीं बना हुआ है"। फिर पूछते हैं, "हमारा चार जनों का परिवार है। हम घर चलाएं, बच्चों को पढ़ाएं, बीमार हों तो दवा-दारू करवाएं, आप बताइए, कैसे होगा हमारा जीवन बहुत अच्छा?"
जब उन्होंने काम शुरू किया था, तब 4,600 रुपये महीना मिलते थे। 13 साल बाद आज वे 10 हज़ार तक पहुंचे हैं। अध्ययन पर उनकी राय सीधी है। "अगर कोई ऐसा सर्वे हो, तो मुझे यकीन है कि जीवन की गुणवत्ता में कोई बदलाव नहीं आएगा, जब तक पूरे भारत में सफाई कर्मियों के लिए एक समान नीति नहीं बनती।"
राजस्थान के जोधपुर में सफाई कर्मचारी संघ के नेता प्रकाश विद्रोही के पास सबसे कड़वी बातें हैं।
वे कहते हैं, "जोधपुर में हर साल कम से कम एक से दो सफाई कर्मियों की मौत होती है, और वजह है खतरनाक कामकाजी हालात। रोबोटिक और मशीनी सिस्टम की डींगें हांकी जाती हैं, लेकिन असलियत यह है कि पूरे राजस्थान में मैनुअल स्कैवेंजिंग और हाथ से मज़दूरी ही चलन में है। जो सुरक्षा उपकरण दिए जाते हैं, वे असरदार नहीं हैं, और हमारे लोग सीवर चैम्बरों से निकलने वाले ज़हरीले रसायनों की चपेट में आते रहते हैं।"
आवास पर वे सवाल उठाते हैं, "रेलवे कर्मचारियों के लिए रेलवे क्वार्टर हैं, दूसरे विभागों के लिए भी क्वार्टर हैं, लेकिन क्या आपने राजस्थान में कहीं कोई सफाई कर्मचारी कॉलोनी सुनी है? नगर पालिकाओं या यूआईटी ने हमारे आवास और कल्याण के लिए कभी कोई परियोजना आवंटित नहीं की।"
जोधपुर नगर निगम (JMC) हेल्थ कार्ड देता है, लेकिन किसी अनहोनी की वजह से कर्मचारी उसे समय पर रिन्यू न करा पाए तो वह बेकार हो जाता है। एक बार अंतराल आ जाए, तो बाबुओं की वजह से रिन्यूअल "टेढ़ी खीर" बन जाता है। विद्रोही के अनुसार यह कार्ड सिर्फ सामान्य बीमारियों तक सीमित है। गंभीर बीमारी के लिए ज़्यादातर सफाई कर्मियों के पास सिर्फ आयुष्मान कार्ड बचता है।
वेतन का फर्क भी वे गिनाते हैं। "JMC के स्थायी कर्मचारियों को महीने के 55 हज़ार रुपये मिलते हैं, लेकिन संविदा कर्मियों की हालत बदतर है। उन्हें सिर्फ 7 हज़ार रुपये मिलते हैं, ESI या PF कटता ही नहीं। सब कुछ भ्रष्टाचार है।"
शोषण की एक ताज़ा मिसाल भी वे देते हैं। उनके अनुसार महिला कर्मियों को जोधपुर नगर निगम क्षेत्र से बाहर, लूणी के एक दूरस्थ ग्राम पंचायत में ले जाकर एक निजी राजा राम मंदिर की सड़कों की सफाई करवाई गई। यह मंदिर एक बड़े और संपन्न ट्रस्ट द्वारा चलाया जाता है। विद्रोही ने यहां के अधिकारियों से शिकायत की कि कर्मचारियों को अधिकार क्षेत्र के बाहर क्यों भेजा गया। कोई जवाब नहीं मिला। उलटे अधिकारियों ने कहा, "ये तो धर्म का काम है, आपको क्या आपत्ति?"
सुबह छह बजे ड्यूटी पर पहुंचने वाले कर्मी दोपहर दो बजे तक काम करते हैं, फिर भी फुर्सत नहीं मिलती। "घर पहुंचते-पहुंचते चार बज जाते हैं। और जो मेहनत हम करते हैं, उसका कोई ओवरटाइम नहीं मिलता।" माहवारी के दौरान महिला कर्मियों की स्थिति पर उनका गुस्सा साफ झलकता है। "उनके लिए शौचालय नहीं हैं, आराम करने की कोई जगह नहीं है। कपड़े बदलने की ज़रूरत पड़े तो लोग उन्हें अंदर आने ही नहीं देते। बाज़ारों में जो सार्वजनिक शौचालय दिखते हैं, उनकी हालत हम जानते हैं। या तो ताले लगे होते हैं या बुरी हालत में होते हैं, क्योंकि उनका इस्तेमाल आम लोग या भिखारी करते हैं, जिन्हें स्वच्छता की समझ नहीं होती।"
बातचीत के अंत में वे कहते हैं, "मैं दावे के साथ कह सकता हूं, भारत में गाय और कुत्तों का जीवन सफाई कर्मियों से बेहतर है। मेहतर का काम करने वालों का जीवन बदतर है। गायों और कुत्तों के लिए कानून हैं, लेकिन सफाई कर्मियों की कोई सुध नहीं लेता।"
बांसवाड़ा जिले की कुशलगढ़ नगर पालिका में सफ़ाई कर्मचारी, जो दिन में छह घंटे बिना थके सड़कों और नालियों की सफ़ाई करते हैं, उन्हें न सिर्फ़ सैलरी की कमी का सामना करना पड़ता है, बल्कि जातिवाद में गहरे तक पैठ जमाए भेदभाव का भी सामना करना पड़ता है। यहाँ काम करने वाली दो महिला सफाई कर्मी कल्पना और शिल्पा कहती हैं, "हमारी सैलरी बहुत कम है, और सरकार को सोचना चाहिए कि आज के समय में हम 6-7 हजाररुपये में कैसे गुज़ारा कर सकते हैं। जिनकी पक्की नौकरी है, उन्हें 40 हज़ार या उससे भी ज़्यादा सैलरी मिलती है, लेकिन हमारी सैलरी कम होने की वजह से वह समय पर नहीं आती। हमें उधार लेना पड़ता है, जिसमें हर हज़ार रुपये पर 100 रुपये का ब्याज लगता है। जब हमारी सैलरी आती है तो हम लोन चुका देते हैं और फिर घर का खर्च चलाने के लिए दूसरा लोन लेते हैं - यह सिलसिला चलता रहता है।"
भारत के सबसे नियोजित और साफ-सुथरे शहरों में गिने जाने वाले चंडीगढ़ में भी हाल कुछ खास नहीं है। शहर में सफाई कर्मियों से जुड़े मुद्दों पर सर्वे करने वाले एक सेल्फ हेल्प ग्रुप की शमा ने द मूकनायक को बताया कि काम के सिलसिले में उनकी सफाई कर्मियों से लगातार बातचीत होती रहती है।
"चंडीगढ़ का क्षेत्रफल बहुत बड़ा है, लेकिन साफ-सफाई रखने वाले सफाई कर्मियों की संख्या कम है। ऐसे में उन्हें ज़्यादा काम करना पड़ता है। पूरा-पूरा दिन एक ही हिस्से की सफाई में निकल जाता है," शमा कहती हैं। उनके समूह ने 7-8 महीने पहले सुझाव दिया था कि क्षेत्र के मुकाबले मैनपावर कम है, इसलिए ज़्यादा लोग लगाए जाएं। "लेकिन मेरे ख़याल से इस सिफारिश पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।"
छुट्टियों को लेकर वे बताती हैं कि सफाई कर्मियों को सप्ताह में एक अवकाश मिलता है, लेकिन महीने में कोई बीमार पड़ जाए तो छुट्टी के पैसे कट जाते हैं। "सरकार काटे न काटे, लेकिन ठेकेदार ज़रूर काटेगा।" यानी बीमारी में आराम करने की कीमत भी उन्हें अपनी तनख्वाह से चुकानी पड़ती है।
मध्य प्रदेश के दमोह में हालात और भी दयनीय हैं। वाल्मीकि सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़े रजत कच्छावा बताते हैं कि आबादी के मुकाबले यहां सफाई कर्मियों की संख्या बहुत कम है। "स्थायी कर्मचारी करीब 50 हैं और संविदा पर करीब 100। सब मिलाकर 150 से 200 सफाई कर्मी काम करते हैं।"
सबसे बड़ी मार वेतन के इंतज़ार की है। "3-3 महीने सैलरी नहीं मिलती। मैं खुद इसी समुदाय से जुड़ा हूं। लोगों को घर के ज़ेवर बेच-बेचकर अपना परिवार चलाना पड़ता है। बच्चों को शिक्षा तक नहीं दे पाते, स्कूलों से नाम कट जाते हैं। आप सर्वे की क्या ही बात कर रहे हो," रजत कहते हैं।
वे याद दिलाते हैं कि देश का सबसे बड़ा त्योहार दिवाली है, लेकिन इस मौके पर भी बोनस तो दूर, दमोह के सफाई कर्मियों को वेतन भुगतान नहीं मिला। "कोई त्योहार कैसे मनाए, जब रोज़मर्रा का जीवन गुज़ारना ही मुश्किल है?"
संविदा कर्मियों को 10 हज़ार रुपये वेतन मिलता है, जिसमें सिर्फ PF कटता है। ESI न होने से छोटी-मोटी बीमारियों की दवाइयां भी अपनी जेब से खरीदनी पड़ती हैं। जिनके पास आयुष्मान कार्ड है, वे बड़ी बीमारी में इलाज करा लेते हैं, लेकिन उसमें भी चुनिंदा निजी अस्पताल ही शामिल हैं और एडमिशन के बहाने कुछ न कुछ पैसा देना ही पड़ता है।
रजत दलित समुदाय के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाते हैं। उनके समूह ने सफाई कर्मियों की पीड़ा स्थानीय अधिकारियों तक पहुंचाई है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होती, सिर्फ आश्वासन मिलता है।
उनकी मांग है, "ठेका (कॉन्ट्रैक्ट) सिस्टम खत्म होना चाहिए। देशभर की सभी नगर पालिकाएं सफाई कर्मियों को ठेकेदार की बजाय सीधी भर्ती से रखें और न्यूनतम सम्मानजनक वेतन दें। समय पर भुगतान हो, मेडिकल और PF अनिवार्य हों। बच्चों की शिक्षा आदि के लिए भी सुविधाएं बढ़ाई जाएं, ताकि अगली पीढ़ी कम से कम सम्मानजनक जीवन जी सके।"
यह रिपोर्ट स्वच्छता कर्मियों के परिवारों के सामने आने वाली आर्थिक चुनौतियों पर भी प्रकाश डालती है। उनका प्रति व्यक्ति औसत मासिक खर्च ₹3,357 है, जो अध्ययन किए गए सभी व्यावसायिक समूहों में सबसे कम है। स्वास्थ्य देखभाल का खर्च उनके बोझ को और बढ़ा देता है; उनके मासिक पारिवारिक खर्च का 17.4% हिस्सा स्वास्थ्य पर होने वाले निजी खर्च (आउट-ऑफ-पॉकेट खर्च) के रूप में जाता है।
रिपोर्ट कहती है कि केवल 1 प्रतिशत कर्मी स्वास्थ्य बीमा में योगदान देते हैं, और भिलाई, जोधपुर व दमोह में संविदा कर्मियों को ESI नहीं मिलता, कहीं PF भी नहीं कटता। रिपोर्ट मौतों के पीछे ज़हरीली गैस को बड़ा कारण बताती है, और जोधपुर में हर साल एक-दो सफाई कर्मी जान गंवाते हैं। रिपोर्ट मशीनीकरण को समाधान की कुंजी मानती है, जबकि भिलाई से जोधपुर तक कर्मी कहते हैं कि असली काम अब भी हाथों से हो रहा है।
IIPS के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. श्रीनिवास गोली का कहना है कि गरीबी अकेले इस अंतर की वजह नहीं है। सफाई कर्मियों में लगभग तीन में से एक मौत ज़हर से जुड़ी है, जबकि अन्य पेशों में यह अनुपात करीब बीस में एक है। उनके अनुसार यह किसी खास कार्यस्थल जोखिम की ओर इशारा करता है, जिसे मशीनीकरण और गैस डिटेक्शन से हटाया जा सकता है।
रिपोर्ट के छह रणनीतिक प्राथमिकता क्षेत्रों में खतरनाक मैनुअल प्रवेश घटाना, कार्यबल के बेहतर रिकॉर्ड, सफाई कर्मियों के परिवारों को सहयोग और आजीविका सुरक्षा मज़बूत करना शामिल हैं। रेकिट के हार्पिक वर्ल्ड टॉयलेट कॉलेज ने अब तक ढाई लाख सफाई कर्मियों को प्रशिक्षण दिया है।
पर ज़मीन की मांगें बहुत सीधी हैं: समय पर और पर्याप्त वेतन, ठेका प्रथा का अंत, ESI-PF जैसी सामाजिक सुरक्षा, असरदार सुरक्षा उपकरण, ज़रूरत भर के कर्मी, महिलाओं के लिए शौचालय, आराम की जगह और पीरियड लीव, रहने के लिए कॉलोनी, बच्चों की पढ़ाई की सुविधा और पूरे देश में एक समान नीति।
जिस इंसान की सुबह छह बजे ड्यूटी से शुरू होती है, जिसे महीनों वेतन नहीं मिलता, जो बीमार पड़े तो पैसे कटवाए, जिसके बच्चे का नाम फीस न भर पाने से स्कूल से कट जाए और जिसे ज़हरीली गैस के बीच सांस लेनी पड़े, उसकी उम्र आखिर कैसे नहीं घटेगी? 63.8 साल का यह आंकड़ा शायद इसी सवाल का जवाब है।
भारती की बेटी हर रोज़ स्कूल जाती है। भारती कहती हैं, "हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे यह सब न झेलें।"
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें