
नालगोंडा- तेलंगाना के नलगोंडा जिले के चिंतपल्ली मंडल स्थित पीके मल्लेपल्ली गांव में 2 अक्टूबर को ग्राम सभा के दौरान एक दलित महिला पर सार्वजनिक रूप से हमला होने की शर्मनाक घटना सामने आई है। स्थानीय कांग्रेस नेता अमरनाथ गौड़ (कप्पुला अमरनाथ) ने ग्राम पंचायत कार्यालय परिसर में महिला बचत समूह के फंड को लेकर विवाद के दौरान महिला के साथ यह मारपीट, बदसलूकी और गाली गलौज की ।
पीड़िता गनिपल्ली माधवी (उम्र 30), पति अब्बैया, अनुसूचित जाति (मडिगा) समुदाय की निवासी हैं। वे पिछले आठ वर्षों तक गांव की विलेज ऑर्गनाइजेशन असिस्टेंट (VOA) के रूप में कार्यरत थीं, जिन्हें चार महीने पहले पद से हटा दिया गया था। घटना के दिन वे सामाभावना संघम (महिला बचत समूह) की महिलाओं के साथ चर्चा में शामिल थीं।
ग्राम सभा में अमरनाथ गौड़ भी पहुंचे और पुरानी रंजिश तथा बचत समूह के पैसे को लेकर माधवी से बहस छेड़ दी। उन्होंने जातिसूचक गालियों का इस्तेमाल किया, माधवी को थप्पड़ मारा, बाल पकड़कर घसीटा, जमीन पर गिराया और लात-घूंसे से पीटा। यह सब गांव के लोगों की मौजूदगी में ग्राम पंचायत कार्यालय के पास हुआ, जिससे मौके पर तनाव बढ़ गया।
पीडिता ने पुलिस को दिए बयान में आपबीती बताई, उसने कहा, " अमरनाथ ने पूछा कौन हो तुम? ग्राम सभा में क्यों आई हो? हमने तुम्हें हटा दिया था। यहां आने का क्या काम? क्यों आई हो?” उन्होंने आगे कहा, “उन्होंने मुझे थप्पड़ मारा, बाल पकड़कर घसीटा, जमीन पर गिराया और कुचला। इतने लोगों के सामने मेरी बेइज्जती की। तीन महीने से परेशान कर रहे हैं। पैसे मांगने की वजह से निशाना बनाया। किसी ने इंसाफ नहीं किया। मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं, आत्महत्या की ओर धकेल रहे हैं। मेरे दो छोटे बच्चे हैं। जो किया, वह पूरी तरह से दुर्भावना से किया।”
माधवी ने उसी दिन शाम करीब 6 बजे चिंतपल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने क्राइम नंबर 172/2026 के तहत FIR दर्ज की है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 74, 115(2) और 352 के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 2015 की धाराएं 3(1)(r), 3(1)(s) तथा 3(2)(va) शामिल की गई हैं। पुलिस ने जांच जारी रखने की पुष्टि की है।
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। दलित संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा की और अमरनाथ गौड़ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मडिगा आरक्षण प्रदर्शन समिति (MRPS) नेता मंदा कृष्णा मडिगा ने इसकी तीव्र निंदा करते हुए चिंतपल्ली मंडल मुख्यालय में बड़े पैमाने पर रस्ता रोको का आह्वान किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर धरना दिया, जिससे मंडल मुख्यालय में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। उन्होंने आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें