जयपुर के परिवार पर 1000 किमी दूर सारण में SC/ST का मुकदमा! पटना हाईकोर्ट- "लॉकडाउन में बिहार जाना नामुमकिन"; FIR रद्द

'वैवाहिक विवादों के बीच बदला लेने के लिए केयरटेकर के जरिए बहु और उसके परिवार पर दर्ज करवाया झूठा केस'
पटना हाईकोर्ट ने कहा कि यह मुकदमा पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण, फालतू और बदला लेने की नीयत से दर्ज कराया गया है।
पटना हाईकोर्ट ने कहा कि यह मुकदमा पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण, फालतू और बदला लेने की नीयत से दर्ज कराया गया है।
Published on

पटना- पटना हाईकोर्ट ने एक अहम फैसले में एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर और ट्रायल कोर्ट द्वारा लिए गए संज्ञान को रद्द कर दिया है। जस्टिस अनिल कुमार सिन्हा की एकल पीठ ने यह फैसला सुनाया। कोर्ट ने इसे बदला लेने की नीयत से दर्ज कराया गया मुकदमा बताया और कहा कि कोविड लॉकडाउन के दौरान जयपुर से सारण, बिहार आना संभव नहीं था।

मामला गरखा थाना (जिला-सारण) के केस नंबर 298/2020 से जुड़ा है। कमला देवी (बदला हुआ नाम) ने एफआईआर दर्ज कराई थी। यह महिला राम सिंह के घर की देखभाल करने वाली केयरटेकर थी और उनकी जमीन व घर की देखभाल करती थी। जून 2019 में, राम सिंह के बेटे मनीष कुमार की शादी मालिनी शर्मा (बदला हुआ नाम) से हुई थी। कुछ समय बाद, मालिनी के भाई अमित और सुमित शर्मा (बदले हुए नाम) उस घर में आये और कमला को उसकी जाति का नाम लेकर गालियां देते थे और उसका सामान बाहर फेंकने की धमकी देते थे।

एफआईआर में आगे आरोप लगाया गया कि 29 जून 2020 को सभी आरोपी अपने वैशाली स्थित निवास से एक कार में सवार होकर आए और पीडिता को जातिसूचक गालियां दीं और घर खाली करने की धमकी दी। आरोपियों ने उसे बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा, मारपीट की और उसकी साड़ी फाड़कर उसकी इज्जत लूटने की कोशिश की। जब पीडिता के पति ने बचाने की कोशिश की, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप यह भी था कि आरोपी 1 ने पिस्टल निकालकर सूचना के माथे पर तान दी और घर खाली करने की धमकी दी।

इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच के बाद 18 अक्टूबर 2022 को आईपीसी की धारा 341, 323, 354, 504, 506 और 34 के साथ एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(आर)(एस)(डब्ल्यू) और 3(2)(वीए) के तहत चार्जशीट दाखिल की। स्पेशल जज, एससी/एसटी एक्ट, सारण (छपरा) ने 27 सितंबर 2023 को इन धाराओं के तहत संज्ञान ले लिया।

पटना हाईकोर्ट ने कहा कि यह मुकदमा पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण, फालतू और बदला लेने की नीयत से दर्ज कराया गया है।
जब तक 'सार्वजनिक दृष्टि' में नहीं जातिसूचक अपमान, नहीं लगेगा SC/ST एक्ट: सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से क्यों उद्वेलित है बहुजन समुदाय?

अपीलकर्ताओं ने कहा - दुर्भावनापूर्ण की गई कारवाई

अपीलकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता चितरंजन सिन्हा ने कोर्ट को बताया कि यह मुकदमा पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण है और कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग है। उन्होंने बताया कि अपीलकर्ता नंबर 4 मालिनी शर्मा की शादी सूचना के जमींदार मनीष कुमार से 11 जून 2019 को हुई थी। शादी के बाद पति-पत्नी में अनबन हो गई, जिसके चलते मालिनी ने 20 जनवरी 2020 को जयपुर के महिला थाने में अपने पति मनीष कुमार और उसके परिवार के खिलाफ धारा 498ए, 406, 323 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कराया था, जिसमें दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप था।

वकील ने कोर्ट को यह भी बताया कि सभी अपीलकर्ता जयपुर, राजस्थान के स्थायी निवासी हैं, न कि वैशाली के। पूरा परिवार पिछले कई दशकों से जयपुर में रह रहा है। अपीलकर्ता नंबर 1 अमित कुमार शर्मा ने जयपुर से ही पढ़ाई की है - उसने 2006 में 8वीं, 2008 में मैट्रिक और 2010 में सीनियर सेकेंडरी राजस्थान बोर्ड से पास की, फिर राजस्थान यूनिवर्सिटी से 2016 में स्नातक किया। उसका आधार कार्ड 18 जून 2011 को जयपुर में बना था, ड्राइविंग लाइसेंस, डोमिसाइल सर्टिफिकेट, बैंक अकाउंट, बीमा पॉलिसी और आयकर रिटर्न सब जयपुर के पते के हैं। इसी तरह, अपीलकर्ता नंबर 2 , अपीलकर्ता नंबर 3 सुमित और अपीलकर्ता नंबर 4 मालिनी के सभी दस्तावेज भी जयपुर के पते के हैं। अपीलकर्ता नंबर 2 को लकवा मारा हुआ है और वह चल-फिर नहीं सकता, जो उसकी जमानत के समय के कोर्ट आदेश से साबित होता है।

कोर्ट के सामने यह सबूत पेश किया गया कि अमित कथित घटना वाले दिन 29 जून 2020 को जयपुर में ही मौजूद था। उसके नियोक्ता द्वारा जारी बायोमेट्रिक हाजिरी पत्र और ऑफिस के सीसीटीवी फुटेज के स्क्रीनशॉट कोर्ट में पेश किए गए। इसके अलावा, अपीलकर्ताओं का तर्क था कि 29 जून 2020 को पूरे देश में कोविड-19 महामारी के कारण लॉकडाउन था और यात्रा पर पूर्ण प्रतिबंध था, ऐसे में जयपुर से सारण (बिहार) आना असंभव था, क्योंकि दूरी 1000 किलोमीटर से अधिक है।

प्रतिवादी नंबर 2 (कमला देवी) की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता रमाकांत शर्मा ने कोर्ट को बताया कि सूचना का जयपुर में दर्ज धारा 498ए के मामले से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि अपीलकर्ताओं ने सूचना को सार्वजनिक स्थान पर उसकी जाति का नाम लेकर अपमानित किया और मारपीट की। जांच के दौरान सूचना और गवाहों ने पूरा साथ दिया और एससी/एसटी एक्ट के तहत संज्ञान लेने के लिए पर्याप्त सामग्री मौजूद थी।

सिर्फ जाति का नाम लेने मात्र से एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध नहीं बन जाता, खासकर तब जब यह सार्वजनिक रूप से और सार्वजनिक दृष्टि में न कहा गया हो।
- जस्टिस अनिल कुमार सिन्हा, पटना हाईकोर्ट

पटना हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद कहा कि सबसे पहले तो यह साफ है कि अपीलकर्ता नंबर 4 की शादी 2019 में मनीष कुमार से हुई थी और उसने 20 जनवरी 2020 को अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ जयपुर में पहले से मामला दर्ज कराया था। इसके बाद 29 जून 2020 को यह मामला दर्ज कराया गया। कोर्ट ने कहा, " प्रतिवादी जो एक केयरटेकर है, वह अपने मालिकों के कहने पर यह झूठा मुकदमा दर्ज कराई है। यह मुकदमा बदला लेने की नीयत से दर्ज कराया गया है।"

कोर्ट ने यह भी कहा कि एफआईआर में दर्ज तारीख 29 जून 2020 को पूरे देश में कोविड लॉकडाउन था, ऐसे में जयपुर से परिवार का बिहार आना संभव नहीं था। कोर्ट ने यह भी कहा, "सिर्फ जाति का नाम लेने मात्र से एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध नहीं बन जाता, खासकर तब जब यह सार्वजनिक रूप से और सार्वजनिक दृष्टि में न कहा गया हो।" कोर्ट ने चार्जशीट को भी सिरी और यांत्रिक बताया, क्योंकि उसमें सिर्फ धाराओं का उल्लेख था, कोई तथ्यात्मक आधार नहीं था।

हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों का हवाला दिया। सलीब उर्फ शालू उर्फ सलीम बनाम यूपी राज्य (2023) के फैसले में कहा गया था कि जब कोई व्यक्ति बदला लेने की नीयत से मुकदमा दर्ज कराता है, तो अदालत को एफआईआर को बारीकी से देखना चाहिए। प्रदीप कुमार केसरवानी बनाम यूपी राज्य (2025) के फैसले में चार चरणों वाला टेस्ट तय किया गया था - पहला, क्या आरोपी के पास मजबूत और अटल सबूत हैं, दूसरा, क्या वे सबूत एफआईआर के आरोपों को खारिज करते हैं, तीसरा, क्या प्रॉसिक्यूशन उन सबूतों का खंडन कर सकता है, चौथा, क्या मुकदमा चलाना न्याय के हित में होगा। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में सभी चारों शर्तें पूरी होती हैं।

इन सभी तथ्यों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, पटना हाईकोर्ट ने कहा कि यह मुकदमा पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण, फालतू और बदला लेने की नीयत से दर्ज कराया गया है। यह मालिनी शर्मा द्वारा जयपुर में दर्ज कराए गए मामले का जवाबी हमला है। कोर्ट ने कहा, "किसी भी आपराधिक मुकदमे को परेशान करने और निजी बदला लेने के उपकरण के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।" अदालत ने 27 सितंबर 2023 को स्पेशल जज, एससी/एसटी एक्ट, सारण (छपरा) द्वारा लिए गए संज्ञान और गरखा थाना की पूरी कार्यवाही को रद्द कर दिया। याचिका को स्वीकार करते हुए कोर्ट ने कहा कि इस मामले को आगे बढ़ाने से न्याय का दुरुपयोग होगा और अपीलकर्ताओं के साथ अन्याय होगा। कोर्ट ने किसी भी तरह के खर्च का आदेश नहीं दिया।

पटना हाईकोर्ट ने कहा कि यह मुकदमा पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण, फालतू और बदला लेने की नीयत से दर्ज कराया गया है।
गलत प्रकरण दर्ज कर रही थी एमपी पुलिस, PHQ ने एफआईआर और विवेचना को लेकर जारी किया सर्कुलर
पटना हाईकोर्ट ने कहा कि यह मुकदमा पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण, फालतू और बदला लेने की नीयत से दर्ज कराया गया है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला: केवल गाली-गलौज एससी/एसटी एक्ट में अपराध नहीं, पत्रकार पर लगे आरोप रद्द
पटना हाईकोर्ट ने कहा कि यह मुकदमा पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण, फालतू और बदला लेने की नीयत से दर्ज कराया गया है।
'हिंदू, सिख या बौद्ध धर्म मानने वाले ही अनुसूचित जाति का दर्जा पाने के हकदार': सुप्रीम कोर्ट का स्पष्टीकरण- अन्य धर्मों में परिवर्तन पर SC/ST एक्ट का संरक्षण नहीं

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक की मदद करें

‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.

यहां सपोर्ट करें
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com