
भोपाल। उत्तरप्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र ग्रामीण इलाकों से निकलकर पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाली मीरा देवी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। प्रतिष्ठित अमेरिकी पत्रिका TIME ने उन्हें अपनी पहली 'TIME100 Next India 2026' सूची में शामिल किया है। मीरा देवी महिला नेतृत्व वाले स्वतंत्र ग्रामीण मीडिया संस्थान 'खबर लहरिया' की मैनेजिंग एडिटर हैं। उनकी यह उपलब्धि केवल एक पत्रकार का सम्मान नहीं, बल्कि ग्रामीण पत्रकारिता, महिला नेतृत्व और उन समुदायों की आवाज को मिली पहचान है, जिन्हें अक्सर मुख्यधारा के मीडिया में पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती।
TIME ने 19 नवंबर 2026 को मीरा देवी पर विशेष प्रोफाइल प्रकाशित की। TIME100 Next India की इस सूची में ऐसे 100 लोगों को जगह दी गई है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में नए विचारों, नेतृत्व और बदलाव के जरिए भारत के भविष्य को प्रभावित कर रहे हैं।
मीरा देवी का पत्रकारिता का सफर वर्ष 2006 में शुरू हुआ, जब वह खबर लहरिया से जुड़ीं। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के में काम करने वाले इस मीडिया संस्थान ने ग्रामीण महिलाओं को पत्रकारिता से जोड़ने का एक अलग मॉडल विकसित किया। मीरा देवी ने बांदा क्षेत्र में खबर लहरिया के काम को आगे बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर पत्रकारिता का मजबूत आधार तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली महिलाओं के लिए पत्रकारिता में अपनी जगह बनाना आसान नहीं था। सामाजिक बंदिशें, संसाधनों की कमी, तकनीकी चुनौतियां और पारंपरिक मीडिया की सीमाएं उनके सामने थीं। इसके बावजूद मीरा देवी ने रिपोर्टिंग को केवल खबर जुटाने और प्रकाशित करने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि ग्रामीण समाज की वास्तविक समस्याओं को सामने लाने का माध्यम बनाया।
समय के साथ उनकी जिम्मेदारियां बढ़ीं और वह खबर लहरिया की मैनेजिंग एडिटर बनीं। आज वह संगठन के संपादकीय नेतृत्व का हिस्सा हैं और ग्रामीण महिलाओं की पत्रकारिता को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
खबर लहरिया की शुरुआत वर्ष 2002 में उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र से हुई थी। यह महिला नेतृत्व वाला स्वतंत्र समाचार नेटवर्क है, जो ग्रामीण इलाकों की समस्याओं को स्थानीय नजरिए से सामने लाने के लिए जाना जाता है।
इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें ग्रामीण पृष्ठभूमि की महिलाओं को पत्रकारिता से जोड़कर उन्हें रिपोर्टिंग, लेखन और डिजिटल मीडिया का प्रशिक्षण दिया गया। इन महिलाओं ने अपने आसपास के गांवों और कस्बों में जाकर उन मुद्दों पर रिपोर्टिंग की, जिन्हें अक्सर बड़े मीडिया संस्थानों की प्राथमिकता में जगह नहीं मिलती।
खबर लहरिया की पत्रकारिता में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पानी, सड़क, सरकारी योजनाओं, महिलाओं के अधिकार, जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता जैसे विषय प्रमुख रहे हैं। इसके जरिए ग्रामीण समुदायों की समस्याओं को स्थानीय प्रशासन और व्यापक समाज तक पहुंचाने का काम किया गया।
मीरा देवी इसी पत्रकारिता मॉडल की महत्वपूर्ण प्रतिनिधि हैं। उनका सफर बताता है कि पत्रकारिता में नेतृत्व केवल बड़े शहरों, संसाधनों और प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों तक सीमित नहीं है। गांवों से आने वाली महिलाएं भी अपनी मेहनत और जमीनी समझ के आधार पर मीडिया संस्थान का नेतृत्व कर सकती हैं।
मीरा देवी ने कहा- यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, गांव की महिला पत्रकारों की साझा उपलब्धि है
द मूकनायक से बातचीत में मीरा देवी ने अपने पत्रकारिता के सफर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2006 में एक रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की थी। उस समय शायद किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि गांवों की महिलाएं केवल खबरों का हिस्सा नहीं बनेंगी, बल्कि खुद खबरें तैयार करेंगी और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर सवाल भी उठाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष TIME ने उन्हें TIME100 Next India 2026 की सूची में शामिल किया है। यह उनके लिए बड़ी उपलब्धि और सम्मान है, लेकिन इस पहचान को वह केवल अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानतीं।
मीरा देवी के मुताबिक, यह सम्मान खबर लहरिया की उन तमाम सहकर्मियों और महिला रिपोर्टरों की मेहनत और आवाज का प्रतिनिधित्व करता है, जो बुंदेलखंड से लेकर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ के गांवों तक पहुंचकर जमीनी मुद्दों को सामने लाती हैं। ये महिला पत्रकार हर मुद्दे को नारीवादी नजरिए से देखने और उठाने का प्रयास करती हैं।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें