
भोपाल। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के रकरी गांव में गोवर्धन पूजा के दौरान रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की किसानों को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। सांसद ने अपने संबोधन में कहा था कि किसान साल में तीन महीने मेहनत करता है, जबकि बाकी नौ महीने ताश, राजश्री, बोतल, चिलम और 'जय भोले' में बिताता है। उनका यह बयान सामने आने के बाद किसान संगठनों और विपक्षी नेताओं ने नाराजगी जताई है।
सांसद की टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने इसकी निंदा की है। महासंघ के मऊगंज जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने कहा कि सांसद का बयान अन्नदाताओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि एक तरफ मध्य प्रदेश सरकार कृषि वर्ष मना रही है, वहीं दूसरी तरफ सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधि किसानों को शराबी और नशेड़ी बताने वाली भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने सांसद की टिप्पणी को अनर्गल और तर्कहीन बताया।
नरेंद्र सिंह ने सवाल उठाया कि क्या किसान केवल तीन महीने ही खेती करता है? उन्होंने कहा कि मूली, भाजी और आलू के अलावा दूसरी फसलों को तैयार करने में लंबा समय लगता है। धान की बुवाई से लेकर निराई, गुड़ाई और कटाई-मड़ाई तक किसान लगातार खेतों में मेहनत करता है। इसके बाद गेहूं की फसल की तैयारी और खेती का काम शुरू हो जाता है। किसानों को आवारा गोवंश से फसलों की रखवाली, खाद और बीज की कमी जैसी समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है।
कांग्रेस नेताओं ने भी सांसद के बयान पर जताई नाराजगी
सांसद की टिप्पणी का कांग्रेस नेताओं ने भी विरोध किया है। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के मऊगंज जिला अध्यक्ष और जनपद सदस्य शेख मुख्तार सिद्दीकी ने कहा कि किसान दिन-रात खेतों में मेहनत करता है, तब जाकर देश के लोगों के लिए अनाज पैदा होता है। किसानों के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना निंदनीय है और इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस के हनुमना ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री किसानों को अन्नदाता कहते हैं, लेकिन उन्हीं की पार्टी के सांसद किसानों को नशेड़ी बताकर उनका अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी देश के करोड़ों किसानों की मेहनत और उनके योगदान का अपमान है।
माफी की मांग, विरोध तेज करने की चेतावनी
रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। अब गोवर्धन पूजा के मंच से किसानों को लेकर की गई टिप्पणी पर रीवा और मऊगंज में विरोध शुरू हो गया है। किसान संगठनों ने सांसद से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि यदि सांसद अपने बयान पर माफी नहीं मांगते हैं तो आंदोलन और विरोध को व्यापक स्तर पर तेज किया जाएगा।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें