
भोपाल। दीपावली पर जहां हर घर रोशनी से जगमगा रहा था, बच्चे पटाखे चला रहे थे और परिवार त्योहार की खुशियां बांट रहे थे, वहीं मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रोझौही और सरई कला क्षेत्र में इस बार दीपावली का माहौल बिल्कुल अलग रहा। यहां कई घरों में न तो दीपावली की तैयारियां हुईं और न ही दीये जलाकर त्योहार मनाया गया। प्रस्तावित न्यूक्लियर प्लांट के विरोध में आंदोलन कर रहे ग्रामीणों ने अपनी जमीन, पानी और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की चिंता को त्योहार से ऊपर रखा और दीपावली नहीं मनाने का फैसला किया।
ग्रामीणों का यह विरोध सिर्फ प्रस्तावित परियोजना के खिलाफ नहीं, बल्कि अपने जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण को बचाने की चिंता से भी जुड़ा है। इस बीच विमला कोल की मौत ने आंदोलन के दर्द को और गहरा कर दिया। परिवार के लिए यह पहली दीपावली थी, जब घर में विमला मौजूद नहीं थीं।
पत्नी की यादों के बीच जमुना कोल की सूनी दीपावली
विमला कोल के पति जमुना कोल के लिए इस बार दीपावली का त्योहार बेहद दुखद रहा। जिस घर में पत्नी के साथ त्योहार की खुशियां बांटनी थीं, वहां इस बार उनकी यादें ही रह गईं। आंदोलन के दौरान विमला की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में मौत हो गई थी।
परिवार और ग्रामीणों का दावा था कि विमला जल सत्याग्रह में शामिल थीं और कई दिनों से तालाब में उतरकर प्रस्तावित परियोजना का विरोध कर रही थीं। हालांकि, उनकी मौत की परिस्थितियों को लेकर प्रशासन और परिवार के अलग-अलग दावे सामने आए थे।
तत्कालीन कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने कहा था कि विमला जल सत्याग्रह में शामिल नहीं थीं और नित्यकर्म के दौरान गिरने से उनकी मौत हुई थी। वहीं, परिवार और ग्रामीणों ने उनकी मौत को आंदोलन के दौरान हुई परेशानियों से जोड़कर देखा। विमला की मौत के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने परिवार से मुलाकात कर एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी थी।
बच्चों के भविष्य की चिंता
आंदोलन में शामिल संदीप कोल ने कहा कि दीपावली ऐसा त्योहार है, जिसे हर परिवार अपने घर में खुशियों के साथ मनाना चाहता है। लेकिन जब अपनी जमीन और भविष्य को लेकर चिंता हो, तो त्योहार मनाने का मन नहीं होता। हमारी आजीविका जमीन से जुड़ी है। हम चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ियों के लिए यह जमीन सुरक्षित रहे।
रावेंद्र कोल ने कहा कि गांव के लोगों के लिए जमीन और पानी सबसे जरूरी हैं। प्रस्तावित प्लांट से इन पर क्या असर पड़ेगा, इसकी स्पष्ट जानकारी ग्रामीणों को नहीं दी गई है। जब तक लोगों की आशंकाओं का समाधान नहीं होता, तब तक विरोध जारी रहेगा।
वहीं, बबली कोल ने कहा कि दीपावली बच्चों के लिए खुशियों का त्योहार है, लेकिन इस बार गांव के लोगों ने अपने भविष्य की चिंता को प्राथमिकता दी है। हम नहीं चाहते कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी जमीन और अधिकार बचाने के लिए संघर्ष करना पड़े।
440 मेगावाट की प्रस्तावित परियोजना
रोझौही और सरई कला क्षेत्र में टाटा पावर से जुड़ी 2×220 मेगावाट क्षमता की प्रस्तावित न्यूक्लियर परियोजना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। परियोजना की शुरुआती तकनीकी जांच के लिए एमएस फुग्रो की दो बोरिंग मशीनें क्षेत्र में पहुंची थीं।
योजना के तहत कुल आठ बोरहोल किए जाने थे। इनमें से चार बोरहोल करीब 100 मीटर गहराई तक प्रस्तावित थे। हालांकि, ग्रामीणों ने सर्वे का विरोध करते हुए काम रुकवा दिया था।
9 अक्टूबर को कंपनी, प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई बैठक भी बेनतीजा रही थी। ग्रामसभा में भी परियोजना के प्रस्ताव पर ग्रामीणों ने असहमति जताई थी। ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना को लेकर उनकी आशंकाओं और सवालों का जवाब दिए बिना आगे की प्रक्रिया नहीं बढ़ाई जानी चाहिए।
कोटी जलप्रपात को बचाने की मांग, आंदोलन जारी
सामाजिक कार्यकर्ता और आंदोलनकारी शिवानंद द्विवेदी ने बताया कि ग्रामीणों का विरोध किसी भी विकास कार्य के खिलाफ नहीं है। उनकी चिंता जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण को लेकर है। ग्रामीण चाहते हैं कि परियोजना से होने वाले संभावित प्रभावों की जानकारी सार्वजनिक की जाए और उनकी आपत्तियों का समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने अधिकारों और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। प्रस्तावित न्यूक्लियर प्लांट को निरस्त करने और क्षेत्र के प्राकृतिक महत्व वाले कोटी जलप्रपात को बचाने की मांग के साथ आंदोलन जारी है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें