
पार्वतीपुरम मान्यम: आंध्र प्रदेश के पार्वतीपुरम मान्यम जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है। कुरुपम मंडल स्थित एक आदिवासी आश्रम स्कूल में 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए आयोजित विदाई समारोह (फेयरवेल पार्टी) विवादों में घिर गया है। आरोप है कि स्कूल के डिप्टी वार्डन ने इस पार्टी में मनोरंजन के नाम पर किन्नरों को बुलाया और छात्रों को उनके साथ डांस करवाया।
शुक्रवार रात को हुई इस घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद आदिवासी कल्याण विभाग के उच्च अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी वार्डन को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना नीलकंठपुरम स्थित आदिवासी कल्याण आश्रम स्कूल (बालक) की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, स्कूल के डिप्टी वार्डन पट्टिका चंद्र मोहन ने विदाई समारोह के दौरान किन्नरों के एक ग्रुप को आमंत्रित किया था। वायरल हुए वीडियो में छात्र किन्नरों के साथ कदम मिलाते और नाचते हुए नजर आ रहे हैं।
आरोप है कि यह डांस परफॉर्मेंस काफी 'अश्लील' था और डिप्टी वार्डन ने खुद छात्रों को किन्नरों के साथ नाचने के लिए प्रोत्साहित किया। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया के जरिए बाहर आया और छात्रों के अभिभावकों तक पहुंचा, उन्होंने भारी नाराजगी जताई। अभिभावकों ने तुरंत आदिवासी कल्याण विभाग के अधिकारियों से वार्डन के इस रवैये की शिकायत की।
वार्डन और स्कूल की स्थिति
आरोपी पट्टिका चंद्र मोहन पिछले ढाई साल से इस स्कूल में फिजिकल डायरेक्टर (PD) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पिछले साल जून में ही डिप्टी वार्डन का अतिरिक्त कार्यभार संभाला था।
स्कूल के आंकड़ों की बात करें तो यहाँ छठी से लेकर 10वीं कक्षा तक कुल 272 छात्र पढ़ाई करते हैं। जिस बैच के लिए यह विदाई पार्टी रखी गई थी, उस 10वीं कक्षा में कुल 39 छात्र हैं।
प्रिंसिपल ने झाड़ा पल्ला
जिस वक्त यह विवादित पार्टी चल रही थी, उस समय स्कूल के हेडमास्टर (प्रिंसिपल) परिसर में मौजूद नहीं थे। उन्होंने बताया कि वे एक बैठक में शामिल होने के लिए पलाकोंडा गए हुए थे। मामले पर सफाई देते हुए प्रिंसिपल ने कहा, "मुझे इस बात की जानकारी थी कि छात्र डांस करके अपनी फेयरवेल पार्टी मनाना चाहते हैं, लेकिन यह बाहरी ग्रुप (किन्नर) स्कूल के अंदर कैसे आया और यह सब कैसे हुआ, इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं थी।"
जांच शुरू
प्रिंसिपल ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए उच्च अधिकारियों को एक रिपोर्ट सौंप दी है। विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वार्डन के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, डिप्टी वार्डन के निलंबन के बाद आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.