पंजाब: लॉ कॉलेज के क्लासरूम में खौफनाक वारदात; छात्रा की गोली मारकर हत्या, छात्र ने खुद को भी उड़ाया

'वेलेंटाइन वीक' में प्रस्ताव ठुकराने पर खूनी खेल; शादी से इनकार पर क्लासरूम में छात्रा को मारी गोली, CCTV में कैद हुई 30 सेकंड की दहशत
Mai Bhago Law College Shooting
पंजाब के तरनतारन में दिल दहला देने वाली वारदात! लॉ कॉलेज की भरी क्लास में सिरफिरे आशिक ने छात्रा को मारी गोली।
Published on

तरनतारन: पंजाब के तरनतारन में सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। माई भागो लॉ कॉलेज (Mai Bhago Law College) में एक तरफा प्यार और इंकार के चलते खून-खराबा हुआ, जिसने पूरे कैंपस को दहशत में डाल दिया। 20 वर्षीय लॉ छात्र प्रिंस राज ने भरी क्लास में अपनी सहपाठी संदीप कौर के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और उसके तुरंत बाद खुद को भी गोली मार ली।

सीसीटीवी में कैद हुआ 30 सेकंड का खौफ

यह पूरी वारदात कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में सोमवार सुबह 9:16 बजे का वक्त दिख रहा है। क्लास अभी शुरू नहीं हुई थी और छात्र आपस में बातें कर रहे थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि संदीप कौर अपनी सहेली के साथ पिछली बेंच पर बैठी थी। तभी उसका क्लासमेट प्रिंस राज वहां पहुंचा और उनके पास ही बैठ गया।

शुरुआत में उनके बीच कुछ सामान्य बातचीत होती दिखी और किसी को भी अनहोनी का अहसास नहीं हुआ। लेकिन अगले ही पल, प्रिंस अपनी जगह से खड़ा हुआ, अपने बैग से पिस्तौल निकाली और संदीप के सिर पर सटाकर गोली चला दी। संदीप बेसुध होकर बेंच पर गिर पड़ी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, प्रिंस ने उसी पिस्तौल से खुद के सिर में भी गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही क्लासरूम में भगदड़ मच गई और छात्र जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे।

‘वेलेंटाइन वीक’ में प्रस्ताव ठुकराने से था नाराज

मृतका संदीप कौर की मां ने बताया कि आरोपी प्रिंस पिछले कई महीनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। पुलिस जांच और परिवार के बयानों के मुताबिक, प्रिंस ने 8 फरवरी को 'वेलेंटाइन वीक' (Valentine Week) के दौरान संदीप को प्रपोज किया था, जिसे संदीप ने साफ मना कर दिया था। संदीप की सगाई तीन महीने पहले किसी और से हो चुकी थी, और वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहती थी। इसी बात से नाराज होकर प्रिंस सोमवार को कॉलेज में हथियार लेकर पहुंचा।

संदीप की बड़ी बहन मनप्रीत कौर ने खुलासा किया कि आरोपी ने शुक्रवार को ही धमकी दी थी, "अगर तुम मेरी नहीं हो सकती, तो मैं तुम्हें किसी और का भी नहीं होने दूंगा।" मनप्रीत ने बताया कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, संदीप फोन पर उनसे ही बात कर रही थी।

आरोपी की हालत बेहद नाजुक

घटना के तुरंत बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने संदीप कौर को मृत घोषित कर दिया। आरोपी प्रिंस राज की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। प्रिंस लुधियाना से 100 किमी दूर स्थित मल्लियां (Mallian) गांव का रहने वाला है, जबकि संदीप कौर तरनतारन के पास नौशेरा पन्नुआं (Naushera Pannuan) की निवासी थी। दोनों कॉलेज में पहले सेमेस्टर के छात्र थे।

पिता की पिस्तौल का इस्तेमाल?

एसएसपी (SSP) सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्र के पास हथियार कहां से आया। पुलिस को संदेह है कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल प्रिंस के पिता की हो सकती है, जो सेना (Army) में कार्यरत हैं। प्रिंस के गांव के सरपंच नछत्तर सिंह के अनुसार, उसके पिता 15-20 दिन पहले ही छुट्टी काटकर वापस ड्यूटी पर लौटे थे और प्रिंस अपनी मां के साथ रह रहा था।

संदीप के परिवार ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था और घटना के बाद प्रिंसिपल की गैर-मौजूदगी पर गहरे सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Mai Bhago Law College Shooting
मणिपुर: उखरुल में फिर भड़की हिंसा, 25 घर और सरकारी क्वार्टर खाक; जान बचाने के लिए लोगों का पलायन शुरू
Mai Bhago Law College Shooting
दिल्ली: गड्ढे में 8 घंटे तक तड़पता रहा बाइक सवार, तमाशबीन बना रहा ठेकेदार, मजदूर पर गिरी गाज!
Mai Bhago Law College Shooting
तेलंगाना में 'ऑनर किलिंग': दलित युवक से शादी करने पर पिता और भाई ने बेटी-दामाद पर कुल्हाड़ी से किया हमला, घर भी फूंका

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com