
लखनऊ: उदय प्रताप (यूपी) कॉलेज परिसर में 20 मार्च को हुई छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या के विरोध में छात्रों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को आक्रोशित छात्रों के एक समूह ने अपना सिर मुंडवाकर धरना दिया और कॉलेज के प्रिंसिपल को पद से हटाने के साथ ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जब कॉलेज दोबारा खुला, तो छात्रों ने अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा। धरने पर बैठे इन छात्रों ने प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मामले की गहन जांच की मांग दोहराई। उन्होंने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की अपील की है।
प्रदर्शनकारी छात्रों की सबसे बड़ी मांग यह है कि इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को फांसी की सजा दी जाए। गौरतलब है कि 20 मार्च को कॉलेज परिसर के भीतर ही बीएससी चौथे सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को घटना वाले दिन ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं, इस हत्याकांड के एक अन्य आरोपी अनुज मौर्य ने सोमवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में खुद आत्मसमर्पण कर दिया।
छात्रों के लगातार चल रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कॉलेज परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और वहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। एडीसीपी वरुणा जोन नीतू कात्यायन सहित पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।