
नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में 20 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों के साथ कथित नस्लीय अपमान और गालियों के मामले में दिल्ली पुलिस ने तेज कार्रवाई की है। आरोपी महिला रूबी जैन को बुधवार 25 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मालवीय नगर पुलिस थाने की टीम ने रूबी जैन को उनके आवास से हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ जारी है। उनके पति हर्ष सिंह पर भी आरोप हैं और उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया चल रही है।
केंद्रीय मंत्री और अरुणाचल प्रदेश के सांसद किरेन रिजीजू ने मामले पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अगर हमारे नॉर्थईस्ट को टारगेट किया गया है तो कार्रवाई होगी।”
रिजीजू ने आगे बताया कि उनकी टीम ने दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय किया और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने साफ कहा, “सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
20 फरवरी को दोपहर में तीन अरुणाचली युवतियों ने अपने किराए के फ्लैट में एयर कंडीशनर इंस्टॉल करवाया। ड्रिलिंग के दौरान नीचे वाले फ्लोर पर धूल-मलबा गिरने से पड़ोसी दंपति हर्ष सिंह और रूबी जैन के साथ विवाद शुरू हुआ। विवाद जल्द ही नस्लीय अपमान में बदल गया। वायरल वीडियो में रूबी जैन को युवतियों को “मोमोज बेचने वाली”, “₹500 में धंधेवाली”, “मसाज पार्लर वाली” और उत्तर-पूर्वी लोगों को “गटर-छाप”, “नॉर्थईस्ट वाले शिट हैं” जैसी गंदी गालियां देते सुना गया।
पीड़िताओं की शिकायत पर मालवीय नगर थाने में BNS की धारा 79 (महिला की लज्जा भंग), 351(2) (आपराधिक धमकी), 3(5) (साझा इरादा) और 196 (नस्ल के आधार पर शत्रुता बढ़ाना) के तहत FIR दर्ज की गई थी। SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
रूबी जैन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वीडियो वायरल होने के बाद देशभर में फैले आक्रोश के बीच यह गिरफ्तारी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आरोपी हर्ष सिंह ने पहले ANI को दिए इंटरव्यू में “हीट ऑफ द मोमेंट” में हुई गलती के लिए माफी मांगी थी और खुद को “दिल्ली के दरिंदे कपल” न कहने की अपील की थी। यह घटना दिल्ली में उत्तर-पूर्वी समुदाय के साथ लगातार हो रहे नस्लीय भेदभाव को लेकर फिर से सवाल उठा रही है। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.