
कोरबा- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक खौफनाक और हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक शराब के नशे में धुत्त पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी और फिर उसका कटा हुआ सिर लेकर पूरे गाँव में घूमता रहा। इस क्रूर हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
आरोपी पति की पहचान सलीक राम यादव (45 वर्ष) हुई है जो पिछले कई सालों से बुंदेली गाँव, सतरेंगा के ही कौशल साहू के पोल्ट्री फार्म में चौकीदारी का काम करता था और अपने परिवार के साथ वहीं रहता था। दंपति के चार बच्चे हैं। सलीक राम पर अपनी पत्नी छेक बाई (42 वर्ष) का आरोप है, घटना के समय उनमें से दो बच्चे घर पर ही मौजूद थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सलीक राम यादव और उसकी पत्नी छेक बाई के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। पत्नी को अपने पति के चरित्र पर शक रहता था। इसी शक के चलते रोजाना की कलह और तनाव बना रहता था।
बुधवार को एक बार फिर इसी मुद्दे पर दोनों के बीच जमकर बहस हुई। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त दोनों ने शराब पी रखी थी और वे पूरी तरह नशे में धुत्त थे। नशे में हुई तीखी बहस ने भयानक रूप ले लिया।
गुस्से में आकर सलीक राम ने रसोई में रखा चाकू उठाया और पत्नी पर हमला कर दिया। उसने उसका गला इस क्रूरता से रेत दिया कि सिर धड़ से अलग हो गया।
हत्या के बाद आरोपी की मानसिक स्थिति बेहद खतरनाक हो गई। वह पत्नी का कटा हुआ सिर लेकर पूरे बुंदेली गाँव में खुलेआम घूमने लगा। उसने उस सिर को बोरे में भी रखा और फिर बोरे के पास ही बैठ गया। इस दौरान उसके हाथ और कपड़े पूरी तरह खून से सने हुए थे।
ग्रामीणों ने जब यह भयानक दृश्य देखा तो उनके होश उड़ गए। कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल से बना लिया, जो अब सोशल मीडिया व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम आदि पर तेजी से वायरल हो रहा है। घबराए हुए ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी और राजगमार चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि आरोपी सलीक राम बिल्कुल शांत बैठा था और उसने बिना किसी डर या पछतावे के अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने जब उससे पूछताछ शुरू की तो उसने चौंकाने वाला बयान दिया:
"साहब, मैंने उसका सिर काट दिया है। मैं उससे बहुत प्यार करता था, अपनी जान से भी ज्यादा। इसलिए उसको चाकू से मार डाला।"
जब पुलिस ने उसके खून से सने कपड़ों की ओर इशारा किया, तो उसने बेरुखी से कहा कि यह उसकी पत्नी का खून है, जिससे वह प्यार करता है। उसने यह भी बताया कि वह इस कटे हुए सिर को बोरे में रखकर बालको पुलिस स्टेशन जमा करने जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस वहाँ आ गई।
आरोपी सलीक राम यादव के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज कर लिया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और पीड़िता का कटा हुआ सिर अपने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें