निजामाबाद/आजमगढ़। जिले के मिर्जापुर ब्लाक में बन रहे सौ शैय्या (100 बेड) वाले अस्पताल के तत्काल संचालन की मांग अब तेज हो गई है। सोशलिस्ट किसान सभा के महासचिव और किसान नेता राजीव यादव ने इलाके का दौरा करने के बाद इस अस्पताल को जल्द से जल्द शुरू करने की पुरजोर मांग उठाई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अस्पताल के शुरू होने से निजामाबाद क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को मामूली से लेकर गंभीर उपचार के लिए 25 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल नहीं भागना पड़ेगा। सम्पर्क संवाद कार्यक्रम के तहत निर्माणाधीन अस्पताल का जायजा लेते हुए उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था के सरकारी दावों पर कड़ा प्रहार किया।
स्थानीय लोगों के हवाले से बताया गया है कि इस अस्पताल (सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिकहुला) को साल 2007 में बसपा सरकार के कार्यकाल में मंजूरी मिली थी। बीते 19 सालों में सूबे में कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन यह अस्पताल आज तक आधा-अधूरा ही पड़ा है।
राजीव यादव ने कहा कि यह अधूरा प्रोजेक्ट सुदूर ग्रामीण इलाकों की घोर उपेक्षा का जीता-जागता प्रमाण है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावों की यह इमारत सीधे तौर पर पोल खोल रही है। जनता के लंबे संघर्ष और मांग के बाद इसका निर्माण कार्य दोबारा तो शुरू हुआ, लेकिन इसका विधिवत संचालन अब तक शुरू नहीं हो सका है।
इलाके में अस्पताल न होने के कारण महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। ग्रामीण अंचलों में स्कूल, अस्पताल और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी पर चिंता जताते हुए राजीव यादव ने कहा कि निजामाबाद में यह सब सिर्फ एक सपना बनकर रह गया है।
निजामाबाद क्षेत्र की जर्जर सड़कों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां के खराब रास्ते बीमार मरीजों की जान को और भी भारी जोखिम में डाल देते हैं। अस्पताल के तत्काल संचालन के साथ ही उन्होंने भदुली, निजामाबाद और मिर्जापुर, लाहीडीह, कौड़िया, मुंडियार होते हुए माहुल बेलवाई मार्ग के अविलंब निर्माण की भी सख्त मांग दोहराई है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें