
भोपाल। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के नामली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। 25 मार्च की रात को एक अगरबत्ती फैक्ट्री में दो बहनों को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। एक युवक ने कार्यक्रम से बहला-फुसला कर उन्हें बाइक पर बिठाया और अपने साथियों के हवाले कर दिया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी अभी फरार हैं। फैक्ट्री संचालक की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
क्या है पूरी घटना?
घटना की शुरुआत 15 वर्षीय नाबालिग पीड़िता और उसकी चचेरी बहन के एक रिश्तेदार के घर कार्यक्रम से हुई। रात करीब 9:30 बजे दोनों घर के बाहर बैठी हुई थीं, तभी राजवीर कुमावत नामक युवक बाइक पर पहुंचा। उसने नाबालिग से कहा कि वह उससे 10 मिनट बात करना चाहता है और साथ चलने को कहा। भोली-भाली बहनें उसके बातों में आ गईं और बाइक पर सवार हो गईं। राजवीर उन्हें सीधे नौगावां-पल्दूना रोड स्थित अगरबत्ती फैक्ट्री ले गया, जहां उसके दो साथी सुमित जाट और पवन जाट पहले से मौजूद थे। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि राजवीर ने उन्हें अंदर छोड़ दिया और बाहर से दरवाजा बंद कर भाग गया। यह साजिश पहले से रची गई लगती है, क्योंकि साथी वहां पहले से तैयार बैठे थे।
फैक्ट्री में बंद कर अलग-अलग कमरों में दुष्कर्म, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी
फैक्ट्री पहुंचते ही भयानक कांड शुरू हो गया। सुमित जाट ने नाबालिग को एक कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे डराया कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देगा। इसी बीच, पवन जाट ने बड़ी बहन को दूसरे कमरे में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों बहनों के साथ अलग-अलग कमरों में क्रूरता की गई। वारदात के बाद तीनों आरोपी उन्हें बाइक पर बिठाकर एक घर ले गए, जहां सुमित ने फिर नाबालिग के साथ और पवन ने बड़ी बहन के साथ दुष्कर्म किया। पूरे घटनाक्रम में आरोपीयों ने उन्हें जान मारने की धमकियां देकर उन्हें खामोश रखा।
डर के मारे चुप रहीं पीड़िताएं
दुष्कर्म के बाद दोनों बहनें रिश्तेदार के घर लौट आईं, लेकिन डर के कारण किसी को कुछ नहीं बताया। आरोपीयों की धमकियां उनके दिमाग में घर कर गई थीं। शुक्रवार रात को आखिरकार उन्होंने परिजनों को पूरी घटना बयां की। परिजन स्तब्ध रह गए और तुरंत उन्हें नामली थाने ले गए। वहां नाबालिग और युवती ने अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने राजवीर कुमावत, सुमित जाट और पवन जाट के खिलाफ POCSO एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की। यह साहसिक कदम पीड़िताओं की जिंदगी में नई उम्मीद जगा सकता है।
पुलिस जांच में फैक्ट्री संचालक पर संदेह
शनिवार को एसडीओपी किशोर पाटनवाला और नामली थाना प्रभारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। नौगावां-पल्दूना रोड पर स्थित यह अगरबत्ती फैक्ट्री नामली निवासी देव सोनावा के नाम से चल रही बताई जा रही है। पुलिस संचालक की भूमिका की गहन जांच कर रही है क्या उसे इस साजिश की भनक थी? तीनों आरोपी फरार हैं और पुलिस टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।
NCRB के आंकड़ों में स्थिति भयाभय
मध्य प्रदेश लंबे समय से महिलाओं के खिलाफ अपराधों, खासकर दुष्कर्म के मामलों में देशभर में चर्चा का विषय बना रहा है। वर्ष 2023 में भी स्थिति बहुत बेहतर नहीं रही। एनसीआरबी की रिपोर्ट बताती है कि प्रदेश दुष्कर्म की घटनाओं में देशभर में तीसरे स्थान पर रहा। यहां एक साल के भीतर 2,979 मामले दर्ज हुए। राजस्थान 5,078 घटनाओं के साथ सबसे ऊपर रहा, जबकि उत्तर प्रदेश में 3,516 मामले सामने आए।
यह आंकड़े साफ दिखाते हैं कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। हालाँकि सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई योजनाएं और हेल्पलाइन नंबर शुरू किए हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर इनका असर बहुत कम दिखाई दे रहा है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.