पुरी बीच पर दलित छात्रा से गैंगरेप: तीन आरोपी गिरफ्तार, चौथे की तलाश जारी, राज्य सरकार पर उठे सवाल

फोटो-वीडियो डिलीट करने के बदले मांगे थे पैसे, इनकार करने पर की दरिंदगी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को आंध्र बॉर्डर से दबोचा, विपक्ष ने सरकार पर उठाए सवाल।
सांकेतिक
सांकेतिकफोटो साभार- इंटरनेट
Published on

भुवनेश्वर: ओडिशा के पुरी में समुद्र तट के पास एक दलित कॉलेज छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने इस घिनौनी वारदात के सिलसिले में तीन आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस अधीक्षक (SP) प्रतीक सिंह ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह शर्मनाक घटना शनिवार दोपहर की है। 19 वर्षीय पीड़िता अपने पुरुष मित्र के साथ बालिहारचंडी मंदिर के पास स्थित कैसुरिना के जंगल में बैठी हुई थी। उसी दौरान, कुछ युवकों का एक समूह वहाँ पहुँचा और उन्होंने दोनों की तस्वीरें और वीडियो बना लिए। इसके बाद, आरोपियों ने उन तस्वीरों और वीडियो को डिलीट करने के बदले में पैसों की माँग शुरू कर दी।

जब पीड़िता ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो समूह में से दो युवकों ने लड़की के साथ बलात्कार किया। इस दौरान, अन्य आरोपियों ने उसके दोस्त के साथ मारपीट की और उसे एक पेड़ से बाँध दिया।

पुलिस की कार्रवाई

यह घटना शनिवार को हुई, लेकिन इसकी शिकायत सोमवार शाम को पुरी सदर पुलिस थाने में दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई। एसपी प्रतीक सिंह ने बताया कि अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और चौथे आरोपी को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य रूप से सिबा साहू और मनोज साहू उर्फ कालिया शामिल हैं, जिन पर बलात्कार का आरोप है। एसपी ने बताया, "कालिया को ओडिशा-आंध्र प्रदेश की सीमा से पकड़ा गया।"

उन्होंने आगे कहा, "दोनों मुख्य आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीसरे व्यक्ति को पीड़िता और उसके दोस्त के साथ मारपीट करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। चौथे व्यक्ति की तलाश जारी है, जिसने पीड़िता के साथ मारपीट की थी।"

घटना पर गरमाई सियासत

इस घटना के बाद राज्य की सियासत भी गरमा गई है। क्षेत्र के पूर्व विधायक और वरिष्ठ बीजद नेता संजय दास बर्मा ने राज्य की भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार को बालिहारचंडी मंदिर और उसके आसपास के इलाके की उचित सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए, क्योंकि यह एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है।

गौरतलब है कि पुरी एक विश्व प्रसिद्ध पर्यटन और तीर्थ स्थल है, जहाँ 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर के दर्शन के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं। भगवान जगन्नाथ की प्रसिद्ध रथ यात्रा भी यहीं होती है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

यह कोई पहला मामला नहीं है जब ओडिशा में इस तरह की घटना सामने आई हो। अभी हाल ही में, 15 जून को गंजम जिले के प्रसिद्ध गोपालपुर समुद्र तट पर अपने प्रेमी के साथ घूमने गई एक कॉलेज छात्रा के साथ भी सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। उस मामले में पुलिस ने दस लोगों को गिरफ्तार किया था।

सांकेतिक
ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट पर फिर घमासान, जयराम रमेश ने सरकार पर साधा निशाना, कहा - 'आदिवासियों का अस्तित्व खतरे में'
सांकेतिक
केरल: झूठे चोरी के आरोप में फंसी दलित महिला ने मांगी न्याय की गुहार, पुलिस पर लगाए थे प्रताड़ना के गंभीर आरोप
सांकेतिक
MP: खरगोन में फॉस्फोराइट माइनिंग विवाद : हाईकोर्ट में याचिका, हजारों पेड़ कटने और नर्मदा प्रवाह पर संकट की आशंका!

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com