MP में 9 साल की बच्ची से गैंगरेप: घर में अकेला पाकर दो आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम, तंत्र-मंत्र सामग्री मिलने से नया मोड़

मंदसौर के अफजलपुर थाना क्षेत्र की घटना, पॉक्सो और एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो इंटरनेट
Published on

भोपाल। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के अफजलपुर थाना क्षेत्र में 9 साल की मासूम बच्ची के साथ गैंगरेप की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मंगलवार को हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बना हुआ है और लोग आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना उस समय हुई जब बच्ची अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान 25 वर्षीय आरोपी अशोक दर्जी उसे बहाने से अपने घर बुलाकर ले गया। बताया जा रहा है कि जैसे ही बच्ची आरोपी के घर के दरवाजे तक पहुंची, उसने उसे पकड़कर अंदर खींच लिया। घर के भीतर पहले से मौजूद 40 वर्षीय अजय मालवीय भी वहां मौजूद था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर मासूम बच्ची के साथ रेप किया। घटना के दौरान बच्ची बुरी तरह डर गई और सहम गई थी, घटना के बाद आरोपियों ने उसे धमकाने की भी कोशिश की।

परिजनों ने पुलिस से की शिकायत

कुछ समय बाद बच्ची ने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। बच्ची की बात सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन तत्काल उसे लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान अशोक दर्जी और अजय मालवीय के रूप में हुई है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में मजबूत साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।

तंत्र-मंत्र की सामग्री मिली

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता की निशानदेही पर आरोपियों के घर की तलाशी भी ली। तलाशी के दौरान वहां से तंत्र-मंत्र से जुड़ी संदिग्ध सामग्री मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल इस संबंध में अधिक जानकारी साझा नहीं की है।

एडिशनल एसपी टीएस बघेल ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है और पुलिस संवेदनशीलता के साथ जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

NCRB के आंकड़ों में स्थिति भयाभय

मध्य प्रदेश लंबे समय से महिलाओं के खिलाफ अपराधों, खासकर दुष्कर्म के मामलों में देशभर में चर्चा का विषय बना रहा है। वर्ष 2023 में भी स्थिति बहुत बेहतर नहीं रही। एनसीआरबी की रिपोर्ट बताती है कि प्रदेश दुष्कर्म की घटनाओं में देशभर में तीसरे स्थान पर रहा। यहां एक साल के भीतर 2,979 मामले दर्ज हुए। राजस्थान 5,078 घटनाओं के साथ सबसे ऊपर रहा, जबकि उत्तर प्रदेश में 3,516 मामले सामने आए।

यह आंकड़े साफ दिखाते हैं कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। हालाँकि सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई योजनाएं और हेल्पलाइन नंबर शुरू किए हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर इनका असर बहुत कम दिखाई दे रहा है।

सांकेतिक फोटो
एमपी में नहीं थम रही दरिंदगी: सागर में 5 साल की मासूम से दुष्कर्म, प्रदेश में बढ़ते अपराधों ने बढ़ाई चिंता
सांकेतिक फोटो
MP में बच्चों से बढ़ रही यौन शोषण की घटनाएं! जबलपुर में 13 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, NCRB आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
सांकेतिक फोटो
राजस्थान: अजमेर दलित दुष्कर्म मामले में कांग्रेस का भाजपा पर हमला, आरोपियों को बचाने का लगाया आरोप

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक की मदद करें

‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.

यहां सपोर्ट करें
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com