
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। हनुमानगंज थाना क्षेत्र में 57 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप उसके पड़ोस में रहने वाले एक बस कंडक्टर पर लगा है। आरोप है कि करीब 40 वर्षीय व्यक्ति शराब के नशे में महिला के घर पहुंचा और उसे अकेला पाकर जबरन दुष्कर्म किया। घटना के समय महिला का पति काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था।
पीड़िता ने पति के घर लौटने पर उसे पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों हनुमानगंज थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
पति के काम पर जाने के बाद हुई घटना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने पति के साथ किराए के मकान में रहती है। महिला फल बेचकर अपने परिवार का गुजारा करती है। गुरुवार दोपहर उसका पति रोजमर्रा के काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला बस कंडक्टर कथित तौर पर शराब के नशे में महिला के घर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि उस समय महिला घर की सीढ़ियों के पास मौजूद थी। आरोप है कि महिला को अकेला देखकर आरोपित ने उसके साथ जबरदस्ती की और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद महिला ने अपने पति के लौटने का इंतजार किया और उसे पूरी आपबीती बताई।
पति के साथ थाने पहुंची पीड़िता
घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला का पति उसके साथ पुलिस थाने पहुंचा। दोनों ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित बस कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की जांच की जा रही है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।
महिलाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
भोपाल में सामने आया यह मामला महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। खासकर ऐसी परिस्थितियों में, जब महिलाएं घर पर अकेली होती हैं और उन्हें अपने आसपास रहने वाले लोगों से ही खतरा पैदा हो जाता है।
NCRB के आंकड़ों में स्थिति भयाभय
मध्य प्रदेश लंबे समय से महिलाओं के खिलाफ अपराधों, खासकर दुष्कर्म के मामलों में देशभर में चर्चा का विषय बना रहा है। वर्ष 2023 में भी स्थिति बहुत बेहतर नहीं रही। एनसीआरबी की रिपोर्ट बताती है कि प्रदेश दुष्कर्म की घटनाओं में देशभर में तीसरे स्थान पर रहा। यहां एक साल के भीतर 2,979 मामले दर्ज हुए। राजस्थान 5,078 घटनाओं के साथ सबसे ऊपर रहा, जबकि उत्तर प्रदेश में 3,516 मामले सामने आए।
यह आंकड़े साफ दिखाते हैं कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। हालाँकि सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई योजनाएं और हेल्पलाइन नंबर शुरू किए हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर इनका असर बहुत कम दिखाई दे रहा है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें