
उदयपुर- बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजकुमार रोत ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने महिला सुरक्षा, बढ़ती महंगाई, कथित भ्रष्टाचार और उदयपुर में हाल ही में हुई एक घटना (उदयपुर फाइल्स) को लेकर सरकार और सत्तारूढ़ दल को घेरा। रोत ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भाजपा पर 'ड्रामा' करने का भी आरोप लगाया।
'अलबेला राजस्थान' यू ट्यूब चैनल के साथ एक वीडियो इंटरव्यू में सांसद रोत ने सबसे पहले भाजपा के ही एक महिला मोर्चा की पदाधिकारी के बयान का हवाला देते हुए सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा, "मैं कल ही देख रहा था कि एक भाजपा के ही महिला मोर्चा के कोई पदाधिकारी थे। उस महिला ने कहा कि मैं अपनी खुद की बहू को भी अब भाजपा पार्टी कार्यालय भेजने में हिचकिचाहट महसूस करती हूं। मुझे विश्वास नहीं है।"
रोत ने इसे वर्तमान भाजपा सरकार के लिए 'दुर्भाग्य' करार देते हुए कहा कि एक तरफ संसद में महिला सम्मान की बात की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा शासित राज्यों में महिलाएं असुरक्षित हैं।
रोत ने हाल में पारित महिला आरक्षण कानून/नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विस्तार से बात करते हुए भाजपा पर संविधान संशोधन के जरिए 'चाल' चलने का आरोप लगाया। उनका दावा है, "यह कानून तो 2023 में ही पास हो चुका है, लेकिन सत्ता पक्ष ने तीन कानूनों को मर्ज करके एक 'सैंडविच' बना दिया और सामने महिला आरक्षण का नारा दे दिया। असली मंशा परिसीमन के जरिए सीटों में हेराफेरी की है। उन्होंने किसी भी क्षेत्रीय पार्टी से चर्चा नहीं की, जिससे साफ है कि वह यह कानून लाना ही नहीं चाहते थे।"
उन्होंने मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि न्यूज चैनल सिर्फ महिला आरक्षण की बात कर रहे हैं, जबकि 131वें संविधान संशोधन और परिसीमन बिल पर चर्चा नहीं कर रहे।
अपने इंटरव्यू के दौरान सांसद रोत ने 'उदयपुर फाइल्स' मामले को उठाया, जिसमें रात 3 बजे पुलिस की मौजूदगी में एक वकील को उठाकर जेल भेजने की बात कही गई। उन्होंने कहा:
"दिल्ली में जितनी एपस्टीन फाइल्स (Epstein Files) की चर्चा है, उतनी ही चर्चा उदयपुर फाइल्स की भी है। सत्ता के दम पर चीजों को दबाया जा सकता है, मिटाया नहीं।"
रोत ने आरोप लगाया कि इस मामले में उदयपुर के भाजपा सांसद मन्नालाल रावत और मंत्री बाबूलाल खराड़ी चुप्पी साधे हैं। उन्होंने व्यंग्य किया, "मुझे लगता है जब तक वे मेरी और मेरी बाप पार्टी का नाम नहीं लेते, उन्हें खाना भी हजम नहीं होता। असली मुद्दों से भटकाने के लिए वे हमें माओवादी और महिला विरोधी कहते हैं।"
रोत ने मौजूदा हालातों को 'बहुत खराब' बताते हुए कहा कि महंगाई तेजी से बढ़ रही है, भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, राजस्थान में 'डबल इंजन' की सरकार विफल रही है। विदेश नीति फेल हो गई है। ईरान-इजराइल और अमेरिका युद्ध में भारत की बेइज्जती हुई है।
उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल चुनाव के आखिरी दिन पेट्रोल के दाम बढ़ाए जाएंगे, जिसे छुपाने के लिए भाजपा पाकिस्तान से तुलना करेगी।
रोत ने शहरी जनता से अपील करते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस के अलावा अब 'बाप' एक मजबूत विकल्प है। उन्होंने कहा, "जनता की मजबूरी है कि उन्हें भाजपा को वोट देना पड़ता है। हम इस मजबूरी को दूर करेंगे। हम आपके बीच आएंगे, आपकी बात उठाएंगे। सच है, उसका सम्मान आज नहीं तो कल करना ही पड़ेगा।"
उदयपुर में भाजपा नेत्री को अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने और कथित तौर पर एआई का उपयोग करके वीडियो बनाने से जुड़ा एक मामला है जिसे स्थानीय स्तर पर "उदयपुर फाइल्स" कहा जा रहा है, इस केस में पुलिस ने 44 दिनों में चार्जशीट पेश कर दी है। एक महिला बीजेपी नेता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक आरोपी वकील ने उसे ऑफिस बुलाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया, बेहोशी की हालत में अश्लील वीडियो बनाया और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। पुलिस ने आरोपी वकील विशाल गुर्जर को गिरफ्तार कर उसके घर से डिजिटल घड़ी (हिडन कैमरा डिवाइस) बरामद की है, जिससे वीडियो रिकॉर्ड किया गया था। इस मामले को लेकर सियासी घमासान तेज है। विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने दावा किया है कि उनके पास 4-5 वीडियो हैं और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए इसे बीजेपी नेताओं से जुड़ा हाईप्रोफाइल मामला बताया।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें