
नई दिल्ली- जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में NEET-UG पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन का तीसरा दिन सोमवार को शुरू हो गया। फाउंडर अभिजीत दीपके ने आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ाते हुए विशेष रूप से मोहम्मद जुनैद का शुक्रिया अदा किया, जो पिछले कई दिनों से छात्रों की सेवा में लगे हुए हैं।
आंदोलन स्थल पर रात बिताने वाले छात्रों के लिए जुनैद दिन-रात जूस और स्नैक्स के पैकेट बांट रहे हैं। दीपके ने कहा, “यह भारत की असली ताकत है , जब लोग धर्म, जाति और पहचान से ऊपर उठकर एक-दूसरे की न्याय की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होते हैं। जब सिस्टम सुनने से मना कर देता है, तब ऐसे स्वयंसेवकों की मानवता उम्मीद की किरण बन जाती है। यह आंदोलन सिर्फ एक परीक्षा का नहीं, बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य, न्याय और पारदर्शिता की लड़ाई है।”
इस बीच अभिजीत दीपके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक बड़े होटल में प्रवेश करते दिख रहे हैं। आलोचक इसे लेकर खूब मज़ाक उड़ा रहे हैं और कह रहे हैं कि “युवा दो दिन से भूखे-प्यासे सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, जबकि दीपके होटल में हैं।”
CJP ने इसे आंदोलन को डिस्ट्रैक्ट करने का हथकंडा बताया। CJP के बयान में कहा गया, “जब आप संदेश का जवाब नहीं दे सकते, तो मैसेंजर को निशाना बनाते हैं। @abhijeet_dipke का वायरल वीडियो 20 जून शनिवार का है, जो आंदोलन शुरू होने से पहले सोनम वांगचुक सर से मिलने के दौरान रिकॉर्ड किया गया था। छात्रों द्वारा उठाए गए सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं।”
अभिजीत दीपके ने खुद स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा, “यह वीडियो आंदोलन से पहले का है, जब मैं सोनम वांगचुक सर से मिलने गया था।” उन्होंने आलोचकों पर आरोप लगाया कि वे मुद्दे से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं।
CJP के प्रदर्शनकारियों ने NEET-UG 2026 पेपर लीक, मार्किंग गड़बड़ियों और इससे जुड़ी छात्र आत्महत्याओं के मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। प्रदर्शन करने वाले कॉकरोच मास्क पहनकर अपनी resilience दिखा रहे हैं। आंदोलन में कम्युनिटी सपोर्ट भी देखने को मिला, जहां स्थानीय लोग, खासकर मुस्लिम समुदाय के सदस्य छात्रों को मुफ्त भोजन उपलब्ध करा रहे हैं।
हालांकि, पानी, बिजली और दानदाताओं पर कथित पाबंदियों को लेकर तनाव भी बढ़ा है। आलोचक आंदोलन की कुछ असंगतियों की भी चर्चा कर रहे हैं।
CJP ने जोर दिया कि यह आंदोलन युवाओं और छात्रों की आवाज है, जो पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था और जवाबदेही की मांग कर रहा है। दीपके और उनके समर्थक जंतर मंतर पर डटे हुए हैं और आगे भी संघर्ष जारी रखने का संकल्प जताया है। CJP ने कहा कि सोमवार शाम को "हम जंतर मंतर पर उन सभी छात्रों को श्रद्धांजलि देते हुए मोमबत्तियां जलाएंगे, जिन्होंने सरकार की अक्षमता और NEET पेपर लीक के कारण अपनी जान गंवाई। आज शाम 5:30 बजे जंतर मंतर पर यह श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जा रही है। सभी छात्र, युवा और नागरिक मोमबत्ती लेकर पहुंचें और हमारे छात्रों के साथ खड़े हों। आइए, एकजुट होकर न्याय और जवाबदेही की मांग करें, ताकि भविष्य में कोई और छात्र इस व्यवस्था की लापरवाही का शिकार न बने।"
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें