
रांची- झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) रांची के छात्रावास में शनिवार देर रात प्रथम वर्ष के बी.टेक छात्र आदित्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के पूर्णिया निवासी आदित्य कुमार के रूप में हुई है। कॉलेज में परीक्षा चल रही थी, पेपर खराब होने से आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, पुलिस इस मामले को संदिग्ध आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:45 से 11:30 बजे के बीच आदित्य के कमरे का दरवाजा बंद रहने और कोई जवाब न मिलने पर रूममेट और साथी छात्रों को शक हुआ। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने पर आदित्य को फंदे से लटका पाया गया। छात्रों ने तुरंत सीपीआर देने की कोशिश की।
छात्रों का आरोप है कि आपातकालीन चिकित्सा सहायता में गंभीर देरी हुई। एंबुलेंस की चाबी खोजने में 15-20 मिनट लग गए और कुल मिलाकर करीब 45 मिनट बाद आदित्य को एंबुलेंस में ले जाया जा सका। उन्हें मेडिका अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। छात्रों ने हॉस्टल केयरटेकर दीपक रोशन, उनके सहयोगी आकाश, ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर डॉ. कुंज बिहारी खरे और सुरक्षाकर्मियों पर शराब के नशे में होने तथा मौके से भागने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि समय पर एंबुलेंस और ऑक्सीजन उपलब्ध होती तो जान बच सकती थी।
इस घटना से पूरे संस्थान में आक्रोश फैल गया। छात्र रातभर धरने पर बैठे रहे। रविवार सुबह भी प्रदर्शन जारी रहा। छात्रों ने हॉस्टल गेट और खेलगांव चौक पर सड़क जाम कर दी। वे निदेशक और एकेडमिक डीन के इस्तीफे, दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई तथा हॉस्टल की चिकित्सा सुविधाओं, एंबुलेंस, ऑक्सीजन और सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं।
छात्रों का कहना है कि संस्थान में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर पहले से ही आंदोलन चल रहा था। इस घटना ने उनके गुस्से को और भड़का दिया। छात्राएं भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखे हुए है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने रविवार को इस मामले पर संज्ञान लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “हम रांची के IIIT में प्रथम वर्ष के छात्र की असामयिक मृत्यु की घटना का संज्ञान ले रहे हैं। आयोग इस मामले में छात्र को इलाज मिलने में देरी, प्रशासनिक लापरवाही और कथित रूप से आत्महत्या किए जाने की परिस्थिति तथा मृत्यु के कारण की भी जांच करवाएगा। हम शिक्षा मंत्रालय सहित लॉ इंफोर्समेंट अथॉरिटीज और इन्वेस्टीगेशन एजेंसीज को आवश्यक निर्देश देने जा रहे हैं।”
रांची सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। मौत का कारण और संबंधित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। परिवार को सूचित कर दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने कमरे को सील कर दिया है।
IIIT रांची आईआईटी नहीं, बल्कि पीपीपी मॉडल के तहत संचालित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान है। फिलहाल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। छात्रों का प्रदर्शन जारी है और प्रशासनिक स्तर पर कोई आधिकारिक बयान अभी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है।
जांच जारी है। आगे की जानकारी उपलब्ध होने पर अपडेट दी जाएगी।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें