
उदयपुर- जिले के डबोक थाना क्षेत्र के हरियाव गांव में 29 अप्रैल की रात एक दलित परिवार की बिंदोली पर जातिवादी हमले की शर्मनाक घटना सामने आई है। कुछ दबंगों ने जातिसूचक गालियां देते हुए बारात को आगे बढ़ने से रोका और फिर लाठियों, सरियों तथा तलवारों से हमला बोल दिया। दुल्हन को बलपूर्वक घोड़ी से उतार दिया, इस घटना से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है।
पीड़ित भैरूलाल मेघवाल ने पुलिस में दी गई रिपोर्ट में बताया कि 29 अप्रैल की रात करीब 10 बजे उनकी पुत्री पूजा मेघवाल की बिंदोली धीरा तलाई हरियाव के मुख्य मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान गांव के लक्ष्मण सिंह, माधु सिंह, किशन सिंह, उदय सिंह, अर्जुन सिंह, तखत सिंह, फतेह सिंह, विक्रम सिंह तथा उनके परिवार की महिलाओं समेत लगभग 15 लोगों ने बिंदोली को रोक लिया।
आरोपियों ने जितेन्द्र मेघवाल की फेंट पकड़कर जातिसूचक गालियां दीं और कहा, “च$#रो मेघवालों, बिंदोली को मेरे घर के आगे मत ले जाना, नहीं तो खून-खराबा हो जाएगा।” इसके तुरंत बाद उन्होंने डीजे बंद करवा दिया और दुल्हन पूजा मेघवाल को घोड़ी से नीचे उतार दिया। इसके बाद बारातियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी गई। हमलावरों ने लाठियों, सरियों और तलवारों से जमकर मारपीट की। तखत सिंह द्वारा तलवार से वार किए जाने की भी शिकायत की गई है जिसमें मंजू मेघवाल के सिर में चार टांके आए हैं।
हमले में वर्दी चंद मेघवाल, गणेश मेघवाल, जीतू मेघवाल, मंजू मेघवाल, लक्ष्मीबाई, हितेश मेघवाल, सुरेश मेघवाल, पुष्कर मेघवाल, कैलाश मेघवाल, जगदीश मेघवाल सहित कई लोग घायल हो गए। पत्थराव में महिलाओं और बच्चों को भी गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान हमलावरों ने महिलाओं के गले से मंगलसूत्र छीन लिए और लूटपाट भी की गई।
भीम आर्मी, उदयपुर के उपाध्यक्ष रोशन मेघवाल ने ‘ द मूकनायक’ को बताया कि घटना के समय जब हंगामा बढ़ा तो पुलिस मौके पर पहुंची और शांति भंग की धारा में 4 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। अगले दिन 30 अप्रैल को FIR दर्ज होने के बाद पीड़ितों के बयान दर्ज किए गए। अब इन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 189(2), 115(2), 126(2) तथा SC/ST एक्ट की धाराओं 3(1)(za)(B), 3(1)(r), 3(1)(s) और 3(2)(va) के तहत कार्रवाई की जाएगी।
मेघवाल ने बताया कि इस हिंसा में कुल करीब 15 लोग शामिल थे, जिनमें 4-5 महिलाएं भी थीं। शुक्रवार को भीम आर्मी के समर्थकों के साथ काफी संख्या में लोग डबोक थाने पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस को बताया कि पहले भी इसी गांव में इन ही लोगों द्वारा एक अन्य दलित परिवार की शादी में इसी प्रकार की रुकावटें डाली गई थीं।
भीम आर्मी ने चेतावनी दी है कि यदि सभी आरोपियों के विरुद्ध SC/ST एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो सोमवार को बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
वर्तमान में क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और लोग आक्रोशित हैं। पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जांच आईपीएस प्रोबेशनर आशिमा वासवानी को सौंपी गई है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें