भदोही: शादी से ठीक 5 दिन पहले दलित युवती का अपहरण, 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

यूपी के भदोही में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शादी से ठीक 5 दिन पहले एक दलित युवती का अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ BNS और SC/ST एक्ट के तहत केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
अपहरण (सांकेतिक तस्वीर)
अपहरण (सांकेतिक तस्वीर)
Published on

उत्तर प्रदेश: भदोही जिले से एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक दलित युवती का उसकी शादी से महज पांच दिन पहले कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव त्यागी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि युवती के पिता ने इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी। इसी शिकायत के आधार पर रविवार शाम को सुरियावां थाना क्षेत्र के फत्तुपुर गांव के रहने वाले छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

आरोपियों की पहचान तेजू बिंद, उसके पिता शेषधर, उसकी मां मेवाती बिंद, शिवम बिंद, साहब लाल और रामनाथ बिंद के रूप में हुई है।

इन सभी आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87, 351 और 352 के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) अधिनियम के तहत सख्त मामला दर्ज किया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) अशोक मिश्रा को जांच सौंपते हुए युवती की जल्द और सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

एसपी अभिनव त्यागी ने बताया कि युवती की शादी 20 अप्रैल को होनी तय थी और परिवार में तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। इसी बीच 6 और 7 अप्रैल की दरम्यानी रात को मुख्य आरोपी तेजू बिंद ने अपने एक साथी की मदद से पहली बार उसका अपहरण कर लिया था।

दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पहली बार अपहरण होने के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की। उन्हें जानकारी मिली कि उनकी बेटी प्रयागराज में है। इसके बाद 12 अप्रैल को परिवार वाले प्रयागराज पहुंचे और वहां के एक कमरे से उसे वापस अपने घर ले आए।

उस समय घर में शादी का माहौल था और बारात आने में कुछ ही दिन बचे थे। इसी वजह से परिवार ने सामाजिक लोक-लाज के चलते उस वक्त पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई और न ही कोई कानूनी कार्रवाई की।

हालांकि, आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने दूसरी बार भी इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, 15 अप्रैल को जब युवती के परिवार वाले किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे, तभी मौका पाकर आरोपियों ने उसे फिर से अगवा कर लिया। अब पुलिस सरगर्मी से आरोपियों की तलाश और युवती की बरामदगी में जुटी हुई है।

अपहरण (सांकेतिक तस्वीर)
'BJP के लिए नारी सिर्फ एक नारा, मोदी सरकार को सत्ता में रहने का हक नहीं'- अखिलेश यादव
अपहरण (सांकेतिक तस्वीर)
गाजियाबाद: लोनी में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा से तोड़फोड़, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
अपहरण (सांकेतिक तस्वीर)
MP सीधी में आंबेडकर जयंती पर बवाल! दलित महिला से मारपीट और जातिसूचक गालियों का आरोप, पुलिस पर गंभीर सवाल, जानिए क्या है मामला?

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक की मदद करें

‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.

यहां सपोर्ट करें
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com