
भोपाल। ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद अब राजनीतिक और सामाजिक टकराव का रूप लेता जा रहा है। आज़ाद समाज पार्टी और भीम आर्मी ने इस मुद्दे को अधिकार और सम्मान से जोड़ते हुए प्रदेश-व्यापी आंदोलन की घोषणा कर दी है। भोपाल में आयोजित पत्रकारवार्ता में संकल्प यात्रा के संयोजक दामोदर यादव मंडल ने कहा कि प्रतिमा स्थापना उनके लिए केवल प्रतीकात्मक नहीं बल्कि सामाजिक न्याय और अधिकारों की संवैधानिक मान्यता का सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और उसके संरक्षण में कार्य कर रहे कुछ मनुवादी तत्व इस स्थापना का विरोध कर रहे हैं, जिससे स्थिति वर्ग संघर्ष की ओर बढ़ रही है।
दामोदर यादव मंडल ने बताया कि संकल्प यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत की जा चुकी है और यह यात्रा 15 मार्च को ग्वालियर पहुंचेगी, जहां एक लाख कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में प्रतिमा स्थापना का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान प्रदेश भर में लगभग पचास बड़ी सभाएँ और सौ नुक्कड़ सभाएँ आयोजित की जाएँगी, जिनके माध्यम से सामाजिक समानता, संवैधानिक अधिकार और आरक्षण जैसे मुद्दों पर जनजागरण किया जाएगा। उनके अनुसार यह अभियान केवल प्रतिमा स्थापना तक सीमित नहीं है बल्कि समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता के खिलाफ एक वैचारिक आंदोलन भी है।
रैलियां होंगी आयोजित
यात्रा संयोजक ने राजनीतिक रणनीति का संकेत देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के प्रभाव वाले क्षेत्रों तथा कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के क्षेत्र में भी बड़ी रैलियाँ आयोजित की जाएँगी। उनका आरोप है कि संशोधित UGC एक्ट का विरोध केवल किसी कानून का विरोध नहीं बल्कि ओबीसी वर्ग के अधिकारों के खिलाफ रुख दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वे संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनता को इस मुद्दे की वास्तविकता बताएँगे और सामाजिक न्याय के पक्ष में समर्थन जुटाएँगे।
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व विधायक आर.डी. प्रजापति ने कहा कि उन्होंने पहले जिस मुहिम की शुरुआत की थी, उसे अब दामोदर मंडल आगे बढ़ा रहे हैं और संकल्प यात्रा उसी संघर्ष की निरंतरता है। उन्होंने दावा किया कि यह यात्रा अंधविश्वास, पाखंड और सामाजिक असमानता के खिलाफ आवाज़ बुलंद करेगी तथा समाज को वैज्ञानिक सोच और संवैधानिक मूल्यों की ओर प्रेरित करेगी। वहीं पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनोद अम्बेडकर और युवा प्रदेश अध्यक्ष अनिल गुर्जर ने आरोप लगाया कि UGC एक्ट पर लगे स्टे के विरोध में किए गए पिछले आंदोलन को पुलिस ने वाटर कैनन और लाठीचार्ज से दबाने की कोशिश की थी, लेकिन अब संगठन और बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहा है।
UGC कानून लागू कराने की मांग
नेताओं ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद चंद्रशेखर आजाद के निर्देश पर प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा और हर हाल में UGC कानून लागू कराने के लिए दबाव बनाया जाएगा। उनका कहना है कि यह संघर्ष किसी दल विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त समान अधिकारों की रक्षा के लिए है। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने प्रतिमा स्थापना में बाधा डाली तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा तथा राजधानी में फिर से सीएम हाउस घेराव किया जाएगा।
दामोदर यादव ने द मूकनायक से कहा कि ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना केवल एक मूर्ति लगाने का विषय नहीं बल्कि सामाजिक न्याय, समान अधिकार और संविधानिक सम्मान का प्रश्न है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ शक्तियाँ जानबूझकर इस मुद्दे को रोकने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन संगठन हर हाल में प्रतिमा स्थापित कराएगा। यादव ने कहा कि संकल्प यात्रा के माध्यम से प्रदेशभर में जनजागरण किया जा रहा है और 15 मार्च को ग्वालियर में विशाल जनसमूह के साथ ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने बाधा डाली तो आंदोलन और तेज़ किया जाएगा तथा UGC सहित अन्य मुद्दों पर भी सरकार को घेरने की रणनीति तैयार है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.