
भोपाल। मध्यप्रदेश के सतना में कॉलेज में साथ पढ़ने वाली छात्राओं से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि चार छात्राओं ने एक अन्य छात्रा को सुनसान जगह ले जाकर बेरहमी से पीटा और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसने एक छात्र के साथ रिलेशनशिप में आने से इनकार किया था, जिससे नाराज होकर आरोपी छात्राओं ने उसे सबक सिखाने की साजिश रची। मारपीट के दौरान पीड़िता को धमकाने के साथ उससे वीडियो कॉल के जरिए उक्त छात्र से माफी भी मंगवाई गई।
डंडे से कान और आंख के आसपास किया वार, लात-घूंसों से भी पीटा
वायरल हुए वीडियो में चार लड़कियां एक छात्रा को घेरकर उसके साथ मारपीट करती नजर आ रही हैं। वीडियो में पीड़िता के साथ गाली-गलौज और धमकाने की बात भी सामने आई है। आरोप है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी छात्रा ने डंडे से पीड़िता के कान और आंख के आसपास वार किए, जबकि अन्य छात्राओं ने उसे लात-घूंसों से पीटा। इस दौरान एक छात्रा पूरी घटना का वीडियो बनाती रही। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
छात्र के साथ रिलेशनशिप बनाने का बनाया जा रहा था दबाव
पीड़िता के मुताबिक, एक छात्र उसे लगातार वॉट्सऐप पर परेशान करता था। छात्र को फटकारने के बाद कॉलेज में पढ़ने वाली और पड़ोस में रहने वाली एक छात्रा ने कथित तौर पर पीड़िता पर अपने दोस्त के साथ रिलेशनशिप में आने के लिए दबाव बनाया। पीड़िता ने जब इसके लिए इनकार कर दिया तो मामला विवाद में बदल गया। आरोप है कि इसी इनकार से नाराज होकर आरोपी छात्रा ने पीड़िता को सबक सिखाने की योजना बनाई।
बहाने से स्कूटर पर बैठाकर सुनसान जगह ले गई छात्रा
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 अगस्त को आरोपी छात्रा उसे बहाने से अपने स्कूटर पर बाजार चलने के लिए बैठाकर ले गई। इसके बाद वह उसे काफी देर तक इधर-उधर घुमाती रही। बाद में रिश्तेदार के यहां उतैली जाने की बात कहकर उसे नगर वन के सामने एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया। पीड़िता के अनुसार, वहां पहले से ही तीन अन्य छात्राएं मौजूद थीं। आरोप है कि चारों ने अपने चेहरे ढंक रखे थे और इसके बाद उन्होंने पीड़िता को घेर लिया।
मारपीट के दौरान छात्र से वीडियो कॉल पर मंगवाई माफी
आरोप है कि चारों छात्राओं ने पीड़िता को घेरकर उसके साथ मारपीट की और उसे धमकाया। इस दौरान उससे कहा गया कि वह उनके दोस्त की बात माने। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए पीड़िता की उस छात्र से बातचीत कराई गई और उससे माफी भी मंगवाई गई। पीड़िता का आरोप है कि उस पर छात्र के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव डाला गया। जब उसने डर के कारण इसके लिए हामी भर दी, तब उसे सेमरिया चौराहे पर लाकर छोड़ दिया गया।
घटना के बाद डर के कारण 38 दिन तक चुप रही पीड़िता
घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल पुलिस में शिकायत नहीं की। बताया जा रहा है कि वह डर के कारण पूरी घटना अपने परिजनों से भी छिपाती रही। परिवार की परिस्थितियां भी ऐसी थीं कि वह तत्काल खुलकर किसी को घटना के बारे में नहीं बता सकी। पीड़िता की मां गंभीर बीमारी से पीड़ित बताई गई हैं, जबकि पिता उनके इलाज के सिलसिले में बाहर थे। छात्रा भी एक रिश्तेदार के यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी।
रिश्तेदार के पास पहुंचा वीडियो, तब सामने आई पूरी घटना
मामला तब सामने आया जब मारपीट का वीडियो पीड़िता के एक स्थानीय रिश्तेदार के पास पहुंचा। वीडियो देखने के बाद रिश्तेदार ने छात्रा से पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों और रिश्तेदारों की जानकारी में मामला आया और पीड़िता को लेकर पुलिस थाने पहुंचा गया। करीब 38 दिन बाद 11 सितंबर को मामला कोलगवां थाने पहुंचा।
कोलगवां पुलिस ने दर्ज किया केस, वायरल वीडियो की भी जांच
पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोलगवां थाना पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है और 12 सितंबर को अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने सामने आए वायरल वीडियो का भी परीक्षण कराया है। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम, वीडियो में दिखाई दे रही छात्राओं और घटना के पीछे बताए जा रहे विवाद की जांच कर रही है।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर
फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों, वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना को लेकर कॉलेज छात्राओं के बीच विवाद, रिलेशनशिप के लिए कथित दबाव और सुनसान स्थान पर मारपीट किए जाने के आरोपों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें