MP: छतरपुर में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म, मां और उसके प्रेमी पर POCSO एक्ट में केस दर्ज

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो इंटरनेट
Published on

भोपाल। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि किशोरी की सगी मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटी को खेत पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म कराया। मामला जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर बमीठा थाना क्षेत्र के बसारी गांव का बताया जा रहा है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने नाबालिग की शिकायत के आधार पर उसकी मां और मां के प्रेमी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अत्यधिक ब्लीडिंग के बाद सामने आया मामला

बमीठा थाना पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात बसारी गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची। पुलिस को दी गई शिकायत में किशोरी ने आरोप लगाया कि उसकी मां उसे खेत पर लेकर जाती थी, जहां मां के प्रेमी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के मुताबिक, यह घटना एक से अधिक बार हुई और मां की मौजूदगी में उसे आरोपी के पास ले जाया गया। हालांकि, मामले की पूरी परिस्थितियों और घटनाओं की वास्तविकता की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

परिजनों को घटना की जानकारी उस समय हुई, जब गुरुवार शाम किशोरी की तबीयत बिगड़ गई और उसे अत्यधिक ब्लीडिंग होने लगी। परिजनों ने जब उससे इसकी वजह पूछी तो किशोरी ने कथित तौर पर अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर बमीठा थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। पुलिस ने उसके बयान और शिकायत के आधार पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोप में उसकी मां और मां के प्रेमी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब मामले से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने और घटना की पूरी कड़ी की जांच में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई

मामले में पुलिस किशोरी के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। नाबालिग से जुड़े इस मामले में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एमपी में POCSO के 3721 मामले दर्ज

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, मध्यप्रदेश में बच्चों के साथ यौन अपराधों से संबंधित POCSO (प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेन्स) अधिनियम के तहत 3,721 मामले दर्ज किए गए। इस मामले में मध्यप्रदेश देश में चौथे स्थान पर रहा।

रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु में सबसे अधिक 5,320 मामले दर्ज हुए, जबकि महाराष्ट्र में 4,829 और उत्तरप्रदेश में 3,671 मामले सामने आए। आंकड़े बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों की गंभीरता को रेखांकित करते हैं और प्रभावी रोकथाम व त्वरित न्याय की आवश्यकता पर जोर देते हैं।

सांकेतिक फोटो
MP: सीहोर में क्लोरीन गैस रिसाव से हड़कंप! पानी फिल्टर प्लांट में दूसरी बार हादसा, 10 मरीज अस्पताल पहुंचे
सांकेतिक फोटो
MP: सर्व शिक्षा अभियान के कर्मचारियों का वेतन दो माह से अटका, 1500-2000 जनशिक्षक परेशान
सांकेतिक फोटो
MP: सागर में जहरीली शराब से करीब 28 मौतों का दावा! प्रशासन ने 24 की पुष्टि की, कांग्रेस ने आंकड़े छिपाने का लगाया आरोप

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक को सब्सक्राइब करें

'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।

यहां सब्सक्राइब करें
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com