भोपाल में 17 वर्षीय किशोर की हत्या! दो करोड़ रुपए के लालच में वारदात का शक, शरीर का एक हिस्सा अब भी लापता

शाहजहांनाबाद इलाके में रहने वाला किशोर अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
सांकेतिक
सांकेतिक Internet
Published on

भोपाल। शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र के 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, किशोर को कथित तौर पर दो करोड़ रुपए कमाने के लालच में निशाना बनाया गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने नाबालिगों को यह भरोसा दिलाया था कि किशोर के शरीर के प्राइवेट पार्ट को विदेश भेजकर करोड़ों रुपए कमाए जा सकते हैं। इसी लालच में किशोर को मदद का भरोसा देकर सुनसान स्थान पर ले जाने और बाद में उसकी हत्या करने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस कथित साजिश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

6 अगस्त को लापता हुआ था किशोर, पांच दिन बाद तालाब से मिला शव

शाहजहांनाबाद इलाके में रहने वाला किशोर अपने परिवार का इकलौता बेटा था। वह मोती मस्जिद, इकबाल मैदान और आसपास के क्षेत्रों में फेरी लगाकर पेन-कॉपी बेचता था। उसकी कमाई से ही परिवार का खर्च चलता था। 6 अगस्त को वह इकबाल मैदान क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर गुमशुदगी दर्ज की गई।

करीब पांच दिन बाद 11 अगस्त को किशोर का शव छोटे तालाब से बरामद हुआ। शव की स्थिति ऐसी थी कि तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को सुरक्षित रखकर पहचान की कोशिश शुरू की। बाद में कपड़ों और चप्पलों के आधार पर परिजनों ने 14 अगस्त को उसकी पहचान की। पहचान होने के बाद पुलिस ने मामले को हत्या के रूप में दर्ज कर जांच का दायरा बढ़ा दिया।

नाबालिग से पूछताछ में सामने आई कथित साजिश

रविवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तलैया थाना पुलिस ने एक नाबालिग संदेही को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान किशोर की हत्या और उसके शव के एक हिस्से को अलग किए जाने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने जोहेब, नेहा सहित अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

फिलहाल करीब 13 लोगों से पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। इनमें नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की साजिश किसने रची, किशोर को किसके कहने पर सुनसान जगह ले जाया गया और हत्या के बाद शव के हिस्से को कहां ले जाने की योजना थी।

विदेश भेजने के नाम पर दो करोड़ रुपए का लालच

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया है कि कुछ लोगों ने नाबालिगों को कथित तौर पर यह लालच दिया था कि शरीर के एक अंग को विदेश भेजकर करीब दो करोड़ रुपए कमाए जा सकते हैं। आरोपियों ने कथित तौर पर यह भी भरोसा दिलाया था कि इस रकम में सभी को हिस्सा मिलेगा। इसी लालच में किशोर को मदद करने के बहाने अपने साथ ले जाने की बात सामने आई है।

जांच में सामने आए आरोपों के अनुसार किशोर की हत्या के बाद उसके शरीर के एक हिस्से को अलग किया गया। इसके बाद उसे कुछ लोगों तक पहुंचाने की कथित योजना थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह कहानी वास्तव में कितनी सच है और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह या अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं है।

शव का लापता हिस्सा अब तक नहीं मिला

आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर रविवार रात कई संभावित स्थानों पर दबिश दी। छोटे तालाब और आसपास के क्षेत्रों में भी तलाश अभियान चलाया गया। हालांकि, शव का कथित रूप से लापता हिस्सा अभी तक पुलिस को बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए संदिग्धों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में सामने आ रहे तथ्यों का अलग-अलग स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित तौर पर विदेश भेजे जाने वाले हिस्से को किसके माध्यम से और कहां भेजा जाना था।

एक और 17 वर्षीय किशोर ने लगाया हत्या की कोशिश का आरोप

मामले की जांच के दौरान एक और 17 वर्षीय किशोर पुलिस के पास पहुंचा। वह देर रात अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचा और उसने संदिग्धों पर उसे भी निशाना बनाने की कोशिश का आरोप लगाया। किशोर के मुताबिक, कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया था और उसका गला दबाने की कोशिश की गई।

उसने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने हथियार भी दिखाए थे। किसी तरह वह उनके चंगुल से निकलकर भागने में सफल रहा। किशोर ने यह भी आरोप लगाया कि संदिग्ध आपस में हत्या के बाद शरीर से संबंधित किसी हिस्से को निकालने की बात कर रहे थे। पुलिस अब इस शिकायत को भी गंभीरता से लेते हुए इसकी स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।

दो घटनाओं के बीच संबंध तलाश रही पुलिस

दूसरे किशोर की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस अब दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध की पड़ताल कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या दोनों मामलों में वही लोग शामिल हैं और क्या दोनों घटनाओं के पीछे एक ही कथित साजिश थी।

फिलहाल पुलिस का फोकस मृत किशोर की हत्या की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने, शव के लापता हिस्से की बरामदगी और कथित दो करोड़ रुपए के लालच के पीछे मौजूद लोगों की पहचान करने पर है। पुलिस पूछताछ में सामने आए दावों और आरोपों का सत्यापन कर रही है।

सांकेतिक
MP: कटनी में दाल मिल की मशीन की चपेट में आई महिला मजदूर की मौत, मालिक शव छोड़कर भागा
सांकेतिक
MP: यूरिया के लिए किसानों का हंगामा, राजगढ़ में हाईवे पर लगाया जाम
सांकेतिक
MP: विदिशा में बस किराया बढ़ोतरी के खिलाफ छात्राओं का प्रदर्शन, बोलीं- विधायक जी किराया कम करो!

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

द मूकनायक को सब्सक्राइब करें

'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।

यहां सब्सक्राइब करें
The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com