
भोपाल। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज में निजी बस ऑपरेटरों द्वारा स्कूली छात्राओं का बस किराया बढ़ाए जाने के विरोध में छात्राओं ने मोर्चा खोल दिया। 10 रुपये के स्थान पर 25 रुपये किराया वसूले जाने से नाराज छात्राओं का समूह स्कूल की छुट्टी के बाद सिरोंज बस स्टैंड पहुंचा और बसों के सामने खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं ने इस दौरान "विधायक जी, किराया कम करो!" के नारे लगाए। प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राएं बस स्टैंड पर एकजुट होकर किराया कम करने की मांग करती दिखाई दे रही हैं।
10 से 15 किलोमीटर दूर गांवों से पढ़ने आती हैं छात्राएं
सिरोंज में पढ़ने वाली कई छात्राएं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से रोजाना 10 से 15 किलोमीटर तक की दूरी तय करके स्कूल पहुंचती हैं। ऐसे में बस किराए में एकमुश्त बढ़ोतरी का सीधा असर उनके परिवारों पर पड़ रहा है। छात्राओं का कहना है कि पहले उनसे 10 रुपये किराया लिया जाता था, लेकिन अब निजी बस संचालकों द्वारा इसे बढ़ाकर 25 रुपये कर दिया गया है। छात्राओं के मुताबिक, रोजाना स्कूल आने-जाने में ही परिवहन का खर्च काफी बढ़ जाएगा। ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाली छात्राओं के लिए यह अतिरिक्त खर्च बड़ी परेशानी बन सकता है।
बस के सामने खड़े होकर लगाए नारे
वायरल वीडियो में छात्राओं का एक समूह सिरोंज बस स्टैंड पर दिखाई दे रहा है। छात्राएं एक बस के सामने खड़ी होकर किराया कम करने की मांग कर रही हैं। इस दौरान छात्राओं ने स्थानीय विधायक को संबोधित करते हुए "विधायक जी, किराया कम करो" के नारे लगाए। अचानक बड़ी संख्या में छात्राओं के बस स्टैंड पर पहुंचने से वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और छात्राओं से बातचीत शुरू की।
SDM ने दिया भरोसा, इसके बाद हटा प्रदर्शन
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ओम नारायण बड़कुल मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रही छात्राओं से बातचीत की और उनकी शिकायत सुनी। प्रशासन की ओर से छात्राओं को मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्राएं शांत हुईं और वहां से वापस लौट गईं। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बस किराया बढ़ाने का मामला चर्चा में आ गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान बस स्टैंड पहुंचे विधायक उमाकांत शर्मा
इसी बीच तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे स्थानीय विधायक उमाकांत शर्मा भी बस स्टैंड पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ बस ऑपरेटरों की बैठक की और छात्राओं की शिकायत पर चर्चा की। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद बस ऑपरेटरों ने किराए की दर को वापस पुरानी दर यानी 10 रुपये करने पर सहमति जताई। इसके बाद छात्राओं की मुख्य मांग पूरी होती नजर आई और विवाद को तत्काल प्रभाव से शांत कराया गया।
मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बस पास की मांग
विधायक उमाकांत शर्मा ने बताया कि छात्राओं की समस्या को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर छात्राओं के लिए बस पास और विशेष किराया छूट देने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों से पढ़ने आने वाली छात्राओं को परिवहन में राहत मिलनी चाहिए, ताकि आर्थिक स्थिति उनके शिक्षा हासिल करने के रास्ते में बाधा न बने। यदि छात्राओं को नियमित बस पास या विशेष किराया सुविधा मिलती है तो इससे उनके परिवारों पर पड़ने वाला परिवहन खर्च भी कम किया जा सकता है।
छात्राओं के प्रदर्शन पर CJP संस्थापक अभिजीत दीपके की प्रतिक्रिया
सिरोंज की छात्राओं के प्रदर्शन पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी प्रतिक्रिया दी। दीपके ने वायरल वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा, "एक धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से क्या होगा? मुझे उम्मीद है कि अब आप सभी को जवाब मिल गया होगा।" उनका यह बयान शिक्षा और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक बहस से जोड़कर देखा जा रहा है।
किराया बढ़ोतरी से शुरू हुआ विवाद
सिरोंज में छात्राओं का यह प्रदर्शन इस बात को सामने लाता है कि ग्रामीण इलाकों से रोजाना स्कूल आने वाले विद्यार्थियों के लिए सार्वजनिक परिवहन कितना महत्वपूर्ण है। 10 रुपये से सीधे 25 रुपये किराया किए जाने से छात्राओं में नाराजगी पैदा हुई और उन्होंने अपनी मांग को लेकर सड़क पर उतरने का फैसला किया। प्रशासन और स्थानीय विधायक के हस्तक्षेप के बाद बस ऑपरेटरों द्वारा किराया वापस 10 रुपये किए जाने पर फिलहाल छात्राओं को राहत मिली है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें