
बारीपदा/ओडिशा: ओडिशा के मयूरभंज जिले से अंधविश्वास से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बहालादा इलाके के कुंभीर्डा गांव में एक 28 वर्षीय युवक ने 'जादू-टोने' के शक में एक बुजुर्ग आदिवासी महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को इस हत्याकांड की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अकेली रहती थीं बुजुर्ग महिला
मृतक महिला की पहचान 62 वर्षीय जबा टुडू के रूप में हुई है। वह अविवाहित थीं और गांव में अपने घर में अकेली ही रहती थीं। रायरंगपुर के सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDPO) बीरेंद्र सेनापति ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी जुगू मरांडी (28 वर्ष) और उसकी पत्नी पिछले 10 सालों से लगातार स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। जुगू के मन में यह अंधविश्वास बैठ गया था कि उनकी इस खराब सेहत के पीछे जबा का 'जादू-टोना' है। इसी शक के चलते वह लंबे समय से इस अकेली बुजुर्ग महिला को रास्ते से हटाने की ताक में था।
खिड़की से झांका तो खून से लथपथ मिला शव
यह खौफनाक वारदात शुक्रवार रात की है। रात में खाना खाने के बाद जब जबा सोने चली गईं, तब आरोपी मौका पाकर उनके घर में घुस गया। उसने कथित तौर पर चाकू से महिला का गला रेत दिया और वहां से फरार हो गया। अगली सुबह जब जबा घर से बाहर नहीं निकलीं, तो पड़ोसियों को कुछ अनहोनी का शक हुआ। उन्होंने जब खिड़की से अंदर झांक कर देखा तो उनके होश उड़ गए। महिला खून से लथपथ फर्श पर मृत पड़ी थी।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला गुनाह
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ बीरेंद्र सेनापति बहालादा थाने की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तफ्तीश के दौरान पुलिस को जुगू पर शक हुआ और उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान जुगू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने माना कि अपनी और पत्नी की बीमारी का जिम्मेदार जबा को मानते हुए ही उसने इस हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी उसके पास से बरामद कर लिया है।
भाई की शिकायत पर मामला दर्ज
मृतक महिला के भाई की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और ओडिशा डायन-प्रथा निवारण अधिनियम (Odisha Prevention of Witch-hunting Act) की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी जुगू को शनिवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.