
भोपाल। मध्य प्रदेश के सतना जिले के उचेहरा में 13 वर्षीय नाबालिग बच्चे के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस ने 13 वर्षीय को 24 घंटे से अधिक समय तक थाने में बैठाकर रखा। वहीं, बच्चे के परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर अभद्रता करने और के साथ मारपीट किए जाने के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी सवाल उठने लगे हैं।
आजाद समाज पार्टी मध्यप्रदेश के नेता सुनील अस्तेय ने इस मामले को गंभीर बताते हुए प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन से जवाब मांगा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्य प्रदेश शासन और पुलिस महानिदेशक से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। अस्तेय ने उचेहरा थाना प्रभारी टीआई सतीश मिश्रा पर लगे आरोपों का उल्लेख करते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
नाबालिग को 24 घंटे से अधिक थाने में बैठाने पर सवाल
सुनील अस्तेय ने अपने एक्स पर सबसे बड़ा सवाल यह उठाया है कि आखिर 13 वर्षीय लड़के को 24 घंटे से अधिक समय तक थाने में क्यों बैठाकर रखा गया? उन्होंने कहा कि यदि किसी नाबालिग से संबंधित कोई शिकायत या विवाद था, तो पुलिस को कानून में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना चाहिए था।
भारतीय कानून में बच्चों से जुड़े मामलों में विशेष सुरक्षा और प्रक्रियाएं निर्धारित हैं। किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 के तहत कानून से संघर्ष की स्थिति में पाए जाने वाले बच्चे के मामले में किशोर न्याय बोर्ड और विशेष प्रक्रियाओं का प्रावधान है। किसी बच्चे को पुलिस थाने के लॉकअप या जेल में नहीं रखा जा सकता। ऐसे मामलों में बच्चे के अधिकारों और गरिमा की सुरक्षा करना पुलिस की जिम्मेदारी है।
ऐसे में यह जांच का महत्वपूर्ण विषय है कि नावालिग को किस परिस्थिति में और किस कानूनी आधार पर थाने में बैठाकर रखा गया। क्या इस दौरान बाल अधिकारों और किशोर न्याय कानून के प्रावधानों का पालन किया गया था?
परिजनों के साथ अभद्रता और मारपीट के भी आरोप
इस पूरे मामले में केवल नाबालिग को थाने में बैठाए रखने का आरोप ही नहीं है, बल्कि उसके परिजनों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला भी सामने आया है। पीड़ित परिवार के आरोपों के मुताबिक, थाने में उनके साथ अभद्रता की गई और बलराम चौधरी के साथ मारपीट की गई।
सुनील अस्तेय ने इस घटनाक्रम को पुलिस की जवाबदेही से जोड़ते हुए सवाल किया है कि यदि थाने में ही नाबालिग और उसके परिवार के साथ इस तरह का व्यवहार होता है, तो आम नागरिक न्याय की उम्मीद किससे करेंगे?
उन्होंने मांग की है कि परिजनों के साथ कथित मारपीट और अभद्रता की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
थाना प्रभारी को जांच तक निलंबित करने की मांग
सुनील अस्तेय ने उचेहरा थाना प्रभारी टीआई सतीश मिश्रा की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित थाना प्रभारी को जांच पूरी होने तक निलंबित किया जाए।
उनका कहना है कि पुलिस से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। यदि आरोपित अधिकारी उसी थाने में पदस्थ रहते हैं, जहां से संबंधित साक्ष्य और रिकॉर्ड जुटाए जाने हैं, तो जांच की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ सकते हैं।
सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित करने और उच्चस्तरीय जांच की मांग
मामले में सुनील अस्तेय ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, नाबालिग को 24 घंटे से अधिक समय तक थाने में बैठाए रखने के कारणों की जांच हो। दूसरी, परिजनों के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए। तीसरी, जांच पूरी होने तक संबंधित थाना प्रभारी को निलंबित किया जाए।
इसके अलावा उन्होंने थाने के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तत्काल सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि घटना से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्यों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ या उनके नष्ट होने की आशंका न रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्य प्रदेश शासन और पुलिस महानिदेशक से मामले में तत्काल जवाब देने की अपील की है।
द मूकनायक से बातचीत में आजाद समाज पार्टी मध्यप्रदेश के नेता सुनील अस्तेय ने कहा कि उचेहरा में 13 वर्षीय नाबालिग के साथ जिस तरह के व्यवहार के आरोप सामने आए हैं, वे बेहद चिंताजनक हैं। किसी भी बच्चे और उसके परिवार को न्याय की मांग करने पर पुलिस थाने में प्रताड़ना का सामना नहीं करना चाहिए। यदि पुलिस ने नाबालिग को 24 घंटे से अधिक समय तक थाने में बैठाकर रखा और उसके परिजनों के साथ मारपीट एवं अभद्रता की है, तो यह कानून और मानवाधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला है।
उन्होंने कहा कि इस मामले को केवल विभागीय जांच तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। थाने के सीसीटीवी फुटेज तत्काल सुरक्षित किए जाएं, घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच हो और पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए जाएं। जांच निष्पक्ष हो सके, इसके लिए संबंधित थाना प्रभारी को जांच पूरी होने तक निलंबित किया जाना चाहिए। यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो दोषियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें