
भोपाल। मध्य प्रदेश में आगामी जनगणना 2027 के दौरान आदिवासी धर्म की अलग पहचान दर्ज कराने की मांग तेज होने लगी है। भील-भिलाला समाज ने इस मांग को लेकर संगठित अभियान चलाने का निर्णय लिया है। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि आदिवासियों की अपनी विशिष्ट धार्मिक परंपराएं, रीति-रिवाज, प्रकृति आधारित आस्थाएं और सांस्कृतिक मान्यताएं हैं। इसलिए जनगणना में उनकी धार्मिक पहचान को अलग से दर्ज करने के लिए आदिवासी धर्म कोड की व्यवस्था होनी चाहिए।
इस मांग को लेकर समाज अब गांव से लेकर जिला स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी में है। साथ ही शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग रखी जाएगी। यदि मांग पर सुनवाई नहीं होती है तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।
इस मुद्दे को मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी उठा चुके हैं। उन्होंने आदिवासी समाज की अलग धार्मिक पहचान और जनगणना में उसके लिए स्वतंत्र धर्म कोड की मांग का समर्थन किया है। ऐसे में जनगणना 2027 से पहले आदिवासी धर्म कोड का सवाल प्रदेश में सामाजिक और राजनीतिक चर्चा का विषय बनता जा रहा है।
सामाजिक बैठक में बनी अभियान की रणनीति
इस संबंध में रविवार को सरेंडी गांव में आयोजित जिला स्तरीय दीपावली मिलन समारोह में समाज के प्रतिनिधियों ने बैठक कर आगे की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में उपस्थित लोगों ने सहमति जताई कि आदिवासी धर्म कोड की मांग को संगठित तरीके से शासन के सामने रखा जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि जनगणना केवल आबादी की गणना का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे किसी समुदाय की सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े आंकड़े भी सामने आते हैं। आदिवासी समाज की अपनी परंपराएं और प्रकृति आधारित आस्थाएं हैं, जिन्हें अलग पहचान मिलना जरूरी है। उनका कहना था कि अलग धर्म कोड दर्ज होने से आदिवासी समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े आंकड़ों को स्पष्ट रूप से समझने में मदद मिलेगी।
गांव और पंचायत स्तर तक मजबूत होगा संगठन
बैठक में समाज की संगठनात्मक मजबूती पर भी चर्चा हुई। इसके तहत जिले के सातों ब्लॉक में समितियों का विस्तार करने और पंचायत स्तर पर नई कार्यकारिणी गठित करने की योजना बनाई गई। प्रतिनिधियों का मानना है कि संगठन की पहुंच गांवों तक मजबूत होने से समाज की समस्याओं और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को एकजुट होकर उठाया जा सकेगा।
इसके अलावा सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र परिवारों तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में समाज के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जगनाथ गरवाल, देवकरण भिलाला, कमल कटारा, राजेश, मिथुन, विष्णु, शंकर सिंह, अर्जुन भील, रोहित, संजय सरपंच, रितेश, मोर सिंह, देवराज, सुनील और अनिल सहित समाज के कई सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर जिला अध्यक्ष मुकेश पंडा ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
आदिवासी विकास परिषद के मध्यप्रदेश छात्र प्रभाग के अध्यक्ष नीरज बारिवा ने द मूकनायक से बातचीत करते हुए कहा कि आदिवासी समाज की अपनी विशिष्ट धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान है। हमारी आस्थाएं प्रकृति, जल, जंगल, जमीन, पूर्वजों और पारंपरिक रीति-रिवाजों से जुड़ी हुई हैं। इसके बावजूद जनगणना में आदिवासी समाज को अपनी अलग धार्मिक पहचान दर्ज कराने के लिए स्पष्ट धर्म कोड उपलब्ध नहीं है। अलग आदिवासी धर्म कोड की मांग किसी धर्म के विरोध में नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, परंपरा और पहचान को संवैधानिक रूप से दर्ज कराने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 आदिवासी समाज के लिए अपनी धार्मिक पहचान दर्ज कराने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसके लिए समाज के युवाओं, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों को एकजुट होकर गांव-गांव तक जागरूकता अभियान चलाना होगा। हम चाहते हैं कि प्रत्येक आदिवासी परिवार जनगणना के दौरान अपनी धार्मिक पहचान को लेकर जागरूक रहे। शासन-प्रशासन के सामने ज्ञापन के माध्यम से मांग रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी किया जाएगा। यह लड़ाई आने वाली पीढ़ियों की सांस्कृतिक पहचान और अस्तित्व से जुड़ी है।
जनगणना 2027 में धार्मिक पहचान का सवाल
गौरतलब है कि देश के विभिन्न आदिवासी समुदाय लंबे समय से अलग धर्म कोड की मांग करते रहे हैं। उनका तर्क है कि आदिवासी समुदायों की धार्मिक मान्यताएं प्रकृति, पूर्वजों, पारंपरिक देवी-देवताओं और स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी हैं। इसलिए उन्हें मौजूदा धार्मिक श्रेणियों में समाहित करने के बजाय स्वतंत्र पहचान दी जानी चाहिए।
जनगणना 2011 में 'अन्य धर्म और मान्यताएं' (Other Religions and Persuasions) की श्रेणी के तहत सरना, गोंड, भील और प्रकृति धर्म जैसी धार्मिक पहचानें दर्ज की गई थीं। इससे आदिवासी समुदायों की अलग धार्मिक पहचान से जुड़े आंकड़े सामने आए थे।
वहीं, मार्च 2026 में लोकसभा में केंद्र सरकार की ओर से दिए गए जवाब के अनुसार, जनगणना 2027 में प्रगणक उत्तरदाताओं द्वारा बताए गए धर्म का नाम दर्ज करेंगे। ऐसे में जनगणना से पहले आदिवासी धर्म कोड की मांग को लेकर समाजों और संगठनों की सक्रियता बढ़ रही है।
भील-भिलाला समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक बैठक तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में गांवों में जनजागरूकता, संगठन विस्तार और शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। समाज की कोशिश है कि जनगणना 2027 में आदिवासी समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को उचित स्थान दिलाने के लिए एकजुट होकर आवाज उठाई जाए।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें