मणिपुर में तनाव: अरंबाई टेंगोल लीडर की गिरफ्तारी के बाद आत्मदाह की धमकी, सड़कों पर आग और गोलियों की गूंज!

अरंबाई टेंगोल के लीडर कनन सिंह की गिरफ्तारी के बाद मणिपुर में उग्र प्रदर्शन, भीड़ ने बस को किया आग के हवाले, इंटरनेट सेवाएं बंद, धारा 144 लागू।
Imphal Bazaar, Manipur
इम्फाल बाज़ार, मणिपुर [फाइल फोटो]फोटो साभार- सत्य प्रकाश भारती, द मूकनायक
Published on

इंफाल। मणिपुर में शनिवार को अरंबाई टेंगोल (Arambai Tenggol) के एक प्रमुख मैतेई नेता की गिरफ्तारी के बाद हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए। गिरफ्तारी के विरोध में राजधानी इंफाल समेत कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गए। प्रशासन ने इंफाल घाटी के पांच जिलों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है और इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं।

इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें काले कपड़ों में कुछ लोग खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की धमकी देते नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं हो सकी है।

गिरफ्तारी के बाद प्रदर्शन, झड़प और गोलीबारी

पुलिस ने बताया कि अरंबाई टेंगोल के एक नेता की गिरफ्तारी के बाद प्रदर्शन हिंसक हो गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में तीन लोग घायल हो गए। राजधानी इंफाल के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए, जिनमें खुरई लामलोंग इलाके में प्रदर्शनकारियों ने एक बस को आग के हवाले कर दिया। वहीं, कांगला गेट के पास—जो राज्यपाल भवन से महज 200 मीटर की दूरी पर है—भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

क्वाकईथेल इलाके में गोलीबारी की आवाजें भी सुनी गईं, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि फायरिंग किस ओर से की गई।

CBI ने की अरंबाई तेंगगोल नेता की गिरफ्तारी

इस बार मणिपुर में अशांति की प्रमुख वजहों में अरंबाई टेंगोल के सदस्य कनन सिंह की गिरफ्तारी है, जिसे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने इंफाल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। CBI के अनुसार, कनन सिंह 2023 में मणिपुर में हुई हिंसा से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों में शामिल था।

CBI ने एक बयान में कहा,

"CBI के गुवाहाटी स्थित भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने अरंबाई टेंगोल के सदस्य कनन सिंह को इंफाल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। वह मणिपुर हिंसा 2023 से जुड़ी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल था। उसकी गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई है। उसे इंफाल से गुवाहाटी लाया गया है और पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।"

गिरफ्तारी के बाद भारी संख्या में प्रदर्शनकारी इंफाल एयरपोर्ट के गेट पर जमा हो गए और मुख्य सड़कों को जाम कर दिया ताकि गिरफ्तार नेता को राज्य से बाहर ले जाने से रोका जा सके।

इंटरनेट सेवाएं निलंबित, धारा 144 लागू

तनावपूर्ण हालात को देखते हुए प्रशासन ने इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थोउबाल, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके साथ ही मोबाइल इंटरनेट, वी-सैट, वीपीएन जैसी सेवाएं भी निलंबित कर दी गई हैं।

सरकारी आदेश में कहा गया,

"वर्तमान कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए, आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ सामग्री, वीडियो और संदेशों का प्रसार कर सकते हैं, जिससे राज्य में हालात और बिगड़ सकते हैं।"

इसके तहत पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने, लाठी, पत्थर, हथियार या धारदार वस्तुओं के साथ बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इंफाल पूर्व और बिष्णुपुर जिलों में रात 10 बजे से लेकर अगले आदेश तक कर्फ्यू लागू किया गया है।

Imphal Bazaar, Manipur
मणिपुर हिंसा ग्राउंड रिपोर्ट: रिलीफ कैंपों के कम स्पेस में करवटों में दिन गुजारती गर्भवती महिलाएं, नवजातों की जिंदगियां दांव पर
Imphal Bazaar, Manipur
मणिपुर हिंसा ग्राउंड रिपोर्ट: चुराचांदपुर में प्रवेश के लिए सिर्फ मुस्लिम ड्राइवर ही क्यों?
Imphal Bazaar, Manipur
मणिपुर हिंसा ग्राउंड रिपोर्ट: आदिवासियों को 'बाहरी' बताने का नैरेटिव और पहाड़ी में बसे लोगों का सच

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com