बिहार: सरेआम महिला से गैंगरेप की कोशिश, नोचते हुए लोगों की भीड़ ने कपड़े फाड़े और वीडियो किया वायरल; दो गिरफ्तार

नालंदा के नूरसराय में विवाहिता के साथ सरेआम दरिंदगी की कोशिश, कपड़े फाड़कर गंदा वीडियो किया वायरल, पुलिस ने 2 आरोपियों को भेजा जेल।
Nalanda woman viral video
बिहार के नालंदा में दबंगों की शर्मनाक करतूत! सरेराह महिला के कपड़े फाड़े, गैंगरेप की कोशिश की और गंदा वीडियो किया वायरल। पुलिस ने 2 को किया गिरफ्तार।फोटो साभार सोशल मीडिया- X
Published on

नालंदा/पटना: बिहार के मुख्यमंत्री के गृह जिले नालंदा में कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए मनबढ़ों के दुस्साहस का एक बेहद घृणित और शर्मनाक मामला सामने आया है। नूरसराय थाना क्षेत्र के अजयपुर गांव में सरेराह एक विवाहिता के साथ न सिर्फ गैंगरेप का प्रयास किया गया, बल्कि विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़कर घटना का वीडियो भी बना लिया गया। हद तो तब हो गई जब पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की, तो बेखौफ आरोपियों ने उस गंदे वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

इस अमानवीय घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है और राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।

राशन लाने गई थी पीड़िता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक वारदात 26 मार्च 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। पीड़िता दो बच्चों की मां है और घर में अपने वृद्ध सास-ससुर के साथ रहती है। उसका पति मजदूरी करने के लिए महाराष्ट्र में रहता है।

शाम के वक्त जब वह किराने की दुकान से राशन लेकर घर लौट रही थी, तभी रास्ते में तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया। पीड़िता के अनुसार, तीनों ने उसे पकड़ लिया, उसके कपड़े फाड़ दिए और उसके साथ शारीरिक छेड़छाड़ करते हुए सरेआम दुष्कर्म का प्रयास किया। जब उसने अपना बचाव करते हुए शोर मचाया, तब भी दरिंदे नहीं रुके। भीड़ इकट्ठा होने पर आरोपियों ने उसके साथ बदसलूकी की और इस पूरी घटना का अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया।

पुलिस की कार्रवाई: दो आरोपी न्यायिक हिरासत में

नालंदा पुलिस द्वारा 31 मार्च 2026 को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पीड़िता के लिखित आवेदन पर नूरसराय थाना में कांड संख्या-194/26 (दिनांक- 27/03/26) दर्ज किया गया है।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा- 74/75/76/115(2)/126(2)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस की विशेष टीम ने दो नामजद आरोपियों को, अशोक यादव (पिता- पचु यादव उर्फ़ पूना यादव), मतलू महतो उर्फ़ नवनीत कुमार नरोत्तम (पिता- स्व० हरिहर महतो) को गिरफ्तार कर लिया है.

दोनों आरोपी ग्राम अजयपुर, थाना नूरसराय के ही निवासी हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। तीसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

विपक्ष का तीखा हमला: "सम्पूर्ण मानवता के लिए शर्मनाक"

मुख्यमंत्री के गृह जिले में हुई इस वारदात पर अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन विपक्ष ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।

बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर कड़े शब्दों में इस घटना की निंदा करते हुए लिखा:

"नालंदा में हुई घटना बेहद घृणित, सम्पूर्ण मानवता के लिए शर्मनाक एवं अपमानजनक है। इस घटना ने पूरी दुनिया में बिहार को शर्मसार करने का काम किया है। यह घटना एक समाज के रूप में हमारे चरित्र पर काला धब्बा तो है ही, लेकिन सवाल कानून-व्यवस्था पर भी है। सवाल जाने वाली और आने वाली सरकार पर भी है।नीतीश कुमार के जाने और भाजपाई राज के आने की खबर मात्र से गुंडे, अपराधी, माफिया पुनः सिर उठाने लगे हैं। मुख्यमंत्री के गृह जिले से ही उन्होंने अपनी मौजूदगी का ऐलान कर पूरे बिहार को आने वाले कल का दृश्य दिखा दिया है।"

फिलहाल, पुलिस प्रशासन पर इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का भारी दबाव है। तीसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों के हौसलों को लेकर गंभीर बहस छेड़ दी है।

Nalanda woman viral video
'अलग-अलग धर्म के बालिगों का लिव-इन में रहना गुनाह नहीं', इलाहाबाद HC ने प्रेमी जोड़े को दी सुरक्षा
Nalanda woman viral video
राज्यसभा: ओबीसी कोटे में मुस्लिमों को शामिल करने पर विपक्ष का वॉकआउट, भाजपा ने की व्यापक समीक्षा की मांग
Nalanda woman viral video
एमपी में OBC 13% आरक्षण पर अब शीर्ष अदालत करेगी सीधी सुनवाई, रिजर्वेशन से जुड़े दो मामले रिकॉल

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com