MP: हाईवे पर हाथ-पैर बंधी मिली महिला, पति और दो साथियों पर दुष्कर्म का आरोप

मोमोज खाने के कुछ देर बाद ही उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया, तो उसने खुद को बंधा हुआ पाया।
सांकेतिक
सांकेतिक
Published on

भोपाल। मध्यप्रदेश के सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर 9 सितम्बर की शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जब राहगीरों ने रेलवे ब्रिज के पास एक महिला को संदिग्ध हालत में पड़ा देखा। महिला के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे और उसकी हालत गंभीर थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया। होश आने के बाद महिला ने पुलिस को जो बयान दिया, उसने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके ही पति ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे हाईवे किनारे फेंक दिया।

क्या है मामला?

पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि 9 सितम्बर को उसका पति उसे बाजार लेकर गया था। वहाँ पति ने उसे मोमोज खिलाए। महिला का आरोप है कि मोमोज खाने के कुछ देर बाद ही उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया, तो उसने खुद को बंधा हुआ पाया। महिला ने दावा किया कि इसी दौरान पति और उसके साथियों ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

महिला ने आगे कहा कि आरोपियों ने उसे धमकाया और फिर हाईवे के किनारे छोड़कर फरार हो गए। हाथ-पैर बंधे होने और बेहोशी की हालत के कारण वह मदद नहीं मांग सकी। राहगीरों ने जब उसकी हालत देखी, तभी पुलिस को बुलाया गया।

जिला अस्पताल लाए जाने के बाद जब महिला को होश आया तो उसने काफी हंगामा किया। उसने कहा कि यदि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई नहीं की तो वह आत्महत्या कर लेगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। इस चेतावनी के बाद पुलिस हरकत में आई और महिला की शिकायत दर्ज की गई।

सिविल लाइन थाना प्रभारी बाल्मिक चौबे ने बताया कि पीड़िता के बयान पर उसके पति लक्ष्मी राजपूत समेत तीन लोगों के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

जानकारी के मुताबिक महिला की शादी वर्ष 2014 में बिजावर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी राजपूत से हुई थी। बताया जा रहा है कि यह महिला पहले भी कई बार थानों में शिकायतें दर्ज कर चुकी है। दमोह, बड़ामलहरा, गुलगंज और बिजावर थानों में महिला द्वारा दुष्कर्म और मारपीट के प्रकरण दर्ज कराए जा चुके हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही महिला का मेडिकल परीक्षण और उसके बयान की सत्यता की जांच की जा रही है। महिला द्वारा पहले भी किए गए प्रकरणों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।

NCRB के आंकड़े

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ अपराधों की दर लगातार बढ़ रही है।

एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक 2022 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 4,45,256 मामले दर्ज किए गए, जो 2021 में 4,28,278 की तुलना में 4% की वृद्धि है। वहीं बच्चों के खिलाफ अपराध के 1,62,449 मामले दर्ज किए गए, जो 2021 की तुलना में 8.7% (1,49,404 मामले) की वृद्धि दर्शाते हैं। मध्य प्रदेश में भी बच्चों के खिलाफ मामले बढ़े हैं। आंकड़ों के अनुसार राजधानी भोपाल में साल 2022 में 758 अपराध बच्चों के खिलाफ दर्ज हुए।

सांकेतिक
MP: 27% ओबीसी आरक्षण पर क्या है सरकार की बड़ी रणनीति? CM हाउस और होटल में हुईं बैठकें
सांकेतिक
MP: NHRC ने खाद की किल्लत, किसानों पर लाठीचार्ज के वीडियो के बाद सीएस-डीजीपी को नोटिस, दो सप्ताह में रिपोर्ट मांगी
सांकेतिक
MP: भोपाल कमिश्नर दफ्तर में आत्मदाह की कोशिश, विदिशा के दलित बुजुर्ग ने जमीन विवाद से तंग आकर उठाया कदम

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com