
कोच्चि- महाकुंभ 2025 की वायरल सनसनी मोनालिसा भोसले ने कोच्चि में पति फरमान खान के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर उत्पीड़न और छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए। साथ ही परिवार पर भी तीखे हमले किए और जानलेवा धमकियों का जिक्र करते हुए केंद्र, मध्य प्रदेश, केरल और राजस्थान सरकार से मदद की अपील की। मोनालिसा ने भावुक होकर कहा कि अगर सरकारें मदद नहीं करतीं तो वह और फरमान दोनों सुसाइड कर लेंगे। सनोज मिश्रा मोनालिसा के साथ 'द डायरी ऑफ मणिपुर' फिल्म बना रहे हैं जो पूरी हो चुकी है लेकिन मोनालिसा द्वारा एक मुस्लिम युवक के साथ शादी करने के बाद दोनों में ठनी हुई है।
11 मार्च को केरल के तिरुवनंतपुरम के अरुमनूर मंदिर में मोनालिसा ने बागपत निवासी फरमान खान से हिंदू रीति से शादी की थी। शादी के बाद सनोज मिश्रा ने सार्वजनिक रूप से इसे 'लव जिहाद' बताया और मोनालिसा को नाबालिग करार देते हुए उम्र की जांच की मांग की। मिश्रा ने मोनालिसा के परिवार से मुलाकात की और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिलने की योजना बनाई थी। मोनालिसा ने कहा कि शादी की वजह से उन्हें और उनके पति को जानलेवा धमकियां मिल रही हैं, उनके पोस्टर जलाए जा रहे हैं और उनकी जिंदगी खतरे में है- सिर्फ इसलिए क्योंकि उन्होंने अपनी पसंद का साथी चुना।
मोनालिसा ने सनोज मिश्रा को “गंदा-घटिया आदमी” बताते हुए कहा, “सनोज मिश्रा तो चाहता ही है कि पूरे देश में आतंकवादी हों, झगड़े हों, दंगे हों। मुझे तो बोलना भी नहीं आता, फिर भी मैं आज पूरी हिम्मत के साथ, पूरी ताकत के साथ बोल रही हूं। सनोज मिश्रा फिल्म के नाम पर छोटी-छोटी लड़कियों को गलत तरीके से छूता है। उसने मुझे दो बार गलत तरीके से छुआ। जब मैंने घरवालों को बताया तो उन्होंने कहा ‘पहली मूवी है, चुप रहो’। मैंने कहा ‘पहली मूवी है तो क्या रेप करोगे?’”
मोनालिसा ने आरोप लगाया कि सनोज मिश्रा मुसलमानों से दिक्कत रखते हैं लेकिन मुसलमान टीचर रखकर पढ़ाते हैं। “एक थाली में बैठकर खाना खाते हैं और कहते हैं कि मैं हिंदू हूं। दिखाने से नहीं चलता। अगर मैं एक-एक बात बोलूं तो... मैंने जिंदगी में कभी उनकी तरह झूठ बोलना नहीं सीखा।”
मोनालिसा ने अपना आधार कार्ड और बर्थ सर्टिफिकेट दिखाते हुए कहा कि उनका जन्म 1 जनवरी 2008 को हुआ है। “मैंने बर्थ सर्टिफिकेट बनवाया। उसका बर्थ सर्टिफिकेट हमारे प्यार के चार महीने बाद पहले का बना हुआ है। आप लोग देख सकते हैं।”
मोनालिसा ने रोते हुए कहा, “अगर इतनी दिक्कत है और फरमान को मुझसे अलग करना चाहते हो तो हम दोनों सुसाइड कर लेंगे। फरमान के बिना मैं नहीं रह सकती। हम दोनों एक-दूसरे से बहुत प्यार करते हैं। मैं पूरे सरकार से हाथ जोड़कर विनती करती हूं कि प्लीज मेरी मदद करो। हम दोनों को खुलेआम मारने की, काटने की धमकियां दी जा रही हैं। हमारे पोस्टर जलाए जा रहे हैं। क्या प्यार करना गुनाह है?”
कोच्चि प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोनालिसा ने बताया कि सनोज मिश्रा फिल्म के नाम पर छोटी लड़कियों से बात करते हैं, उन्हें गलत तरीके से छूते हैं और कहते हैं कि मैं तुम्हें फिल्म दूंगा।” मोनालिसा ने आरोप लगाया कि परिवार ने भी उन्हें चुप रहने की सलाह दी क्योंकि यह उनकी पहली फिल्म थी और पैसे मिलने वाले थे। अब मोनालिसा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पर विचार कर रही हैं।
मोनालिसा ने अपने परिवार पर भी गंभीर आरोप लगाये हैं. मोनालिसा ने कहा, “मैंने फरमान से प्यार किया, फरमान ने मुझे नहीं बोला। मेरे परिवार वाले जो बोल रहे हैं कि फैमिली वालों ने छोटे से बड़ा किया, उल्टा फैमिली वालों को मैंने बड़ा किया। मुझे मालूम है, मेरे तीन-तीन भाई-बहनों को मैंने रखा-पाला, पोसा, उनकी देखभाल की। जब मुझे सांप ने काटा तब मेरी फैमिली वालों ने मुझे छोड़ दिया कि मर जाने दो, हमारे पास पैसे नहीं हैं बचाने के लिए। वो पैसे भी मैंने दिए।" उसने आगे कहा, " जब प्रयागराज में मैं वायरल हुई तब मेरे पापा मेरे साथ आए और बोला ‘मेरी लड़की है, मेरी बेटी है’। वरना मुझे ऐसे बोलते थे ‘नहीं, ये तो दूसरे की लड़की है, मेरी बेटी नहीं है’। जब वायरल हुई तो उन्हें बस एक पैसा चाहिए और कुछ नहीं।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरी फैमिली मीडिया के सामने सब दिखावा कर रही है, लेकिन वहां सब ड्रिंक कर रहे हैं, डांस कर रहे हैं। चाहे तो हमारे पास वीडियो भी है।”
फरमान ने कहा कि वे एक छोटे कलाकार हैं, जल्द मलयालम, हिंदी और तमिल फिल्मों में काम कर रहे हैं। “मेरी सिर्फ इतनी गलती है कि मैं मुस्लिम परिवार में जन्मा और मेरा नाम फरमान खान है। इसलिए लोग मुझे गलत-से-गलत आरोप लगा रहे हैं। प्यार करना गुनाह है क्या? अगर लोग हमारे पीछे नहीं हटेंगे, हमें काम नहीं करने देंगे और पैसे नहीं होंगे तो हम कैसे जिएंगे?”
दोनों ने श्री नारायण गुरु जी के मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने की बात दोहराई और कहा कि सभी धर्म समान हैं। मोनालिसा ने कहा, “हर धर्म मेरा है, हिंदू भी, मुसलमान भी, क्रिश्चियन भी। मैंने आज तक धर्म के ऊपर कोई बात नहीं की।”
प्रयागराज महाकुंभ 2025 में रुद्राक्ष की माला और चूड़ियां बेचती मोनालिसा की वीडियो वायरल हुई। उनकी प्राकृतिक सुंदरता और एम्बर आंखों ने लाखों लोगों को आकर्षित किया। सोशल मीडिया पर 'महाकुंभ गर्ल' या 'रुद्राक्ष गर्ल' के नाम से मशहूर मोनालिसा को फिल्म ऑफर मिले, लेकिन शादी और अब इन आरोपों ने उनकी कहानी को नया मोड़ दे दिया है।
केरल और मध्य प्रदेश पुलिस मामले पर नजर रखे हुए हैं। मोनालिसा दंपति फिलहाल कोच्चि में हैं और सुरक्षा मांग रहे हैं। यह घटनाक्रम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.