
मुंबई- नासिक के सेल्फ-स्टाइल्ड ज्योतिषी और 'कैप्टन' अशोक खरात के यौन शोषण मामले ने महाराष्ट्र की राजनीति में तूफान मचा दिया है। 67 साल के खरात को नासिक पुलिस ने बलात्कार, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में उनके ऑफिस और फार्महाउस से 58 महिलाओं के साथ अश्लील हरकतों के वीडियो वाली पेन ड्राइव बरामद हुई है।
रिटायर्ड मर्चेंट नेवी अधिकारी खरात अपने ऑफिस में महिलाओं को निजी समस्याओं के समाधान का लालच देकर बुलाता था । वहां पहुंचने पर उन्हें नशीला पदार्थ देकर सम्मोहित करते और फिर पति की मौत या तांत्रिक डर की धमकी देकर उनका शोषण करता था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह शोषण सिर्फ एक महिला तक सीमित नहीं था। नासिक क्राइम ब्रांच ने आरोपी के कनाडा कॉर्नर स्थित 'ओकस प्रॉपर्टी डीलर्स' ऑफिस और मीरगांव के फार्महाउस से 58 आपत्तिजनक वीडियो वाली पेन ड्राइव बरामद की है। इन वीडियो में खरात विभिन्न महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें करते नजर आ रहे हैं। छापेमारी में एक पिस्तौल, जिंदा कारतूस और खाली कारतूस भी मिले हैं। खरात श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट और शिवनिका संस्थान के चेयरमैन भी थे, जहां राजनीतिक नेता, उद्योगपति और सेलिब्रिटी अक्सर दर्शन करने आते थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने IPS तेजस्विनी सतपुते की अगुवाई में SIT गठित की है। खरात के राजनीतिक-सामाजिक रिश्ते दिल्ली से महाराष्ट्र तक फैले होने की बात कही जा रही है। रियल एस्टेट के नाम पर उनका 'ओकस प्रॉपर्टी डीलर्स' ऑफिस अपराध का अड्डा था।
पुलिस की छापेमारी में उसके पास से एक पेनड्राइव बरामद हुई, जिसमें कई अश्लील वीडियो मिले हैं।
नासिक पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-1 और विशेष जांच टीम (SIT) अब खरात के फोन कॉल्स, चैट्स, सोशल मीडिया अकाउंट्स और 200 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति के दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। फार्महाउस और मंदिर परिसर से संदिग्ध कागजात भी बरामद हुए हैं। पुलिस को शक है कि खरात ने रियल एस्टेट के नाम पर अपराध का धंधा चलाया। जांच में NCP के दोनों गुटों के कुछ नेताओं के भी संपर्क सामने आए हैं। आरोपी को 24 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
इस मामले में सबसे बड़ा विवाद महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रूपाली चाकणकर को लेकर है। सोशल मीडिया पर उनका पुराना वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे अशोक खरात का पाद्य पूजन (पैर धोना) करती दिख रही हैं। वीडियो में चाकणकर खरात के पैर धोती हुईं और उन्हें गुरु मानती नजर आ रही हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को चाकणकर को मीटिंग में बुलाकर उनके पद को "अनटेनेबल" बताते हुए तुरंत इस्तीफा देने का आदेश दिया। इसके बाद चाकणकर ने व्यक्तिगत कारण बताकर इस्तीफा सौंप दिया और डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार को भी मिलीं।
लेकिन इस्तीफा देने से मामला खत्म नहीं हुआ। कई लोग और सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि इस्तीफा काफी नहीं, रूपाली चाकणकर पर क्रिमिनल केस दर्ज होना चाहिए, उन्हें को-एक्यूज्ड बनाया जाए और गिरफ्तार किया जाए। उनका तर्क है कि महिला आयोग की प्रमुख जैसी संवेदनशील पद पर बैठी व्यक्ति का ऐसे फ्रॉडस्टर से संबंध रखना अस्वीकार्य है, जो महिलाओं का शोषण कर रहा था। शिवसेना (UBT) की सुषमा अंधारे ने पहले ही कहा था कि क्या ऐसे लोगों के पैर पूजे जाने चाहिए? अब यह मांग और तेज हो गई है कि चाकणकर पर सख्त कार्रवाई हो, क्योंकि उनके रिश्ते से जांच प्रभावित हो सकती है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.