मध्य प्रदेश से SC-ST के तीन सांसद हो सकते हैं मोदी मंत्रिमंडल में शामिल, इन छह नामों की चर्चा तेज!

एमपी से तीन कैबिनेट और तीन राज्य मंत्री, कुल छः मंत्री आज शाम को दिल्ली में शपथ ले सकते हैं। दो अनुसूचित जनजाति और एक अनुसूचित जाति के सांसद को मंत्री पद मिल सकता है। पुराने दो नामों पर चल सकती हैं कैंची!
पीएम मोदी
पीएम मोदी

भोपाल। एनडीए के नेता चुने गए नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। इसी बीच अब उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले सांसदों के बारे कयास लगाना शुरू हो गया है। जानकारी है कि मोदी कैबिनेट के लिए सदस्यों को रविवार सुबह फोन किए जा चुके हैं। उन्हें शपथ के लिए तैयार रहने को कहा गया है। शाम को 7:15 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाएंगी, साथ ही मंत्रिमंडल के सदस्यों की भी शपथ होगी।

मोदी मंत्रिमंडल में सभी राज्यों से सांसद संख्या अनुपात में शामिल हो सकते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने मध्य प्रदेश में क्लीन स्वीप कर दिया। इस बड़ी जीत के बाद अब एमपी के नेताओं की मोदी कैबिनेट में दावेदारी बढ़ गई है। माना जा रहा है कि प्रदेश में बड़ी जीत हासिल करने वाले कुछ चेहरों को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।

सूत्रों की मानें तो मध्य प्रदेश को इस बार कम से कम 2 मंत्रालय मिल सकते हैं। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और राज्य के भाजपा प्रमुख वीडी शर्मा का नाम मंत्री बनने के लिस्ट में शामिल है। इसके साथ दो सदस्य राज्य मंत्री हो सकते है। अंदर खाने की चर्चाओं से मिली जानकारी मुताबिक पूर्व केंद्रीय मंत्री आदिवासी नेता फग्गन सिंह कुलस्ते और पूर्व मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक (अनुसूचित जाति) इन दोनों का नाम काटा जा सकता है। हालांकि, वीरेंद्र कुमार अब 8 बार के सांसद हैं, लेकिन एनडीए के घटक दलों के साथ कैबिनेट की शेयरिंग का असर पड़ सकता है।

फिलहाल मध्य प्रदेश से तीन कैबिनेट और तीन राज्य मंत्री, कुल छः मंत्री आज शाम को दिल्ली में शपथ ले सकते हैं। दो अनुसूचित जनजाति और एक अनुसूचित जाति के सांसद को मंत्री पद मिल सकता है।

इनकी दावेदार पक्की

मध्य प्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप भानु शर्मा को 8 लाख से ज्यादा वोटों से हराया है। शिवराज सिंह को 11 लाख से ज्यादा वोट मिले, तो वहीं कांग्रेस कैंडिडेट को 3 लाख से भी कम वोट मिले थे। विदिशा से उनकी यह 6वीं जीत है। वे 3 बार राज्य के मुख्यमंत्री भी रहे। सूत्र बताते हैं कि बीजेपी की तरफ से उनके कॉल भी आया है। और उन्हें कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है।

बीजेपी के ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना शिवपुरी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी को साढ़े 5 लाख से ज्यादा वोटों से शिकस्त दी है। हालांकि, पिछली बार 2019 के चुनाव में इसी सीट से वह कांग्रेस के टिकट से लड़े थे, और भाजपा के केपी यादव ने उन्हें हराया था।

हाल के चुनाव में उनकी जीत के बाद मध्य प्रदेश की इस हाईप्रोफाइल सीट पर एक बार फिर बीजेपी का कब्जा हो गया। गुना में मिली बड़ी जीत के बाद अब मोदी कैबिनेट में ज्योतिरादित्य सिंधिया की दावेदारी भी बढ़ गई है। सूत्र बताते हैं कि नवनिर्वाचित सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को बीजेपी की तरफ से कॉल पहुंच गया है। वह एनडीए सरकार में मंत्री बन सकते हैं। इसके साथ ही उन्हें नागरिक उड्डयन मंत्रालय ही पुनः मिल सकता है।

इधर, एक और नाम सामने आया है जिसे मंत्री बनाया जा सकता है। मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने खजुराहो लोकसभा सीट पर 5 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की है। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी प्रत्याशी कमलेश कुमार को हराया, उनका भी नाम मंत्रियों के संभावित लिस्ट में शामिल है। विष्णु शर्मा को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है।

मध्य प्रदेश की कुछ महिला सांसद भी मंत्रिमंडल में अपनी जगह बना सकती हैं। जिन दो नामों को काटे जाने की चर्चा है उनकी जगह हिमाद्री सिंह (एसटी) को मिल सकती है। हिमाद्री ने शहडोल संसदीय सीट पर कांग्रेस के फुंदे लाल सिंह मार्को को 3 लाख से ज्यादा वोटों से हराया है।

सावित्री ठाकुर (एसटी) ने धार संसदीय सीट पर कांग्रेस के राधेश्याम मुवेल को 2 लाख 18 हजार 665 मतों मात दी है। संध्या राय (एससी) ने भिंड संसदीय सीट पर फूल सिंह बरैया को 64 हजार 840 वोटों से शिकस्त दी। राजनीतिक विश्लेषक मान रहे हैं। एमपी में बीजेपी संसद में महिलाओं को आगे करने और उनका आरक्षण बढ़ाने की बात करती है, इस वजह से इन तीनों महिलाओं को नई सरकार की मंत्रिमंडल में पद मिल सकता है।

पीएम मोदी
मध्य प्रदेश: कोर्ट के ऑर्डर के बाद भी दलित की जमीन नहीं हो सकी कब्जा मुक्त!
पीएम मोदी
MP: आरक्षित सीटों पर क्या हैं कांग्रेस की हार के कारण?
पीएम मोदी
MP: SC/ST व OBC को हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट में प्रतिनिधित्व देने वाली याचिका क्यों हुई ख़ारिज?

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com