भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के कुशवाह समाज को लेकर दिए गए कथित बयान पर भारतीय जनता पार्टी को घेरते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। दतिया जिले के सोनागिर में विधायक सतीश सिकरवार के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान आयोजित प्रेसवार्ता में पटवारी ने कहा कि किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे वरिष्ठ नेता को किसी समाज विशेष के बारे में इस प्रकार की टिप्पणी करना शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष जैसे गरिमामय पद पर बैठे व्यक्ति के शब्दों का समाज पर गहरा प्रभाव पड़ता है, इसलिए नरेंद्र सिंह तोमर को कुशवाह समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
पटवारी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी लगातार ओबीसी और दलित समाज का अपमान करती रही है। उन्होंने कहा कि समाजों को बांटने वाली राजनीति लोकतंत्र और सामाजिक सौहार्द दोनों के लिए घातक है। कांग्रेस सभी वर्गों, जातियों और समुदायों को समान सम्मान देने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बयान लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं और ऐसे मामलों में सार्वजनिक जवाबदेही तय होनी चाहिए।
प्रेसवार्ता के दौरान जीतू पटवारी ने भिंड जिले में बघेल समाज के लोगों पर दर्ज मामलों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इन मुकदमों को फर्जी बताते हुए आरोप लगाया कि निर्दोष लोगों को राजनीतिक कारणों से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से इन मामलों को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस ग्वालियर-चंबल संभाग में कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ बड़ा जनआंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि अन्याय के खिलाफ कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को प्रताड़ित नहीं होने देगी।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सरकार से समाज में तनाव पैदा करने वाले बयानों और कार्रवाई से बचने की अपील करते हुए कहा कि सभी वर्गों के सम्मान और विश्वास को बनाए रखना लोकतांत्रिक शासन की जिम्मेदारी है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें