हैदराबाद/लातूर: देश में एक बार फिर ट्रेन के सफर के दौरान धार्मिक पहचान के आधार पर मारपीट का शर्मनाक मामला सामने आया है। महाराष्ट्र के लातूर जिले के रहने वाले एक 32 वर्षीय मुस्लिम युवक के साथ हैदराबाद के पास चलती ट्रेन में पांच लोगों के समूह ने बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें सिर्फ इसलिए निशाना बनाया क्योंकि उन्होंने सिर पर टोपी पहनी थी और दाढ़ी रखी हुई थी।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 9 फरवरी की है, जब पीड़ित इमरान बाबू सैयद ‘साईंनगर शिरडी-काकीनाडा पोर्ट एक्सप्रेस’ (Sainagar Shirdi–Kakinada Port Express) से यात्रा कर रहे थे। घटना हैदराबाद के हाफिजपेट रेलवे स्टेशन के पास घटित हुई। इमरान ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ सफर कर रहे थे, तभी पांच लोगों की भीड़ ने उन पर हमला बोल दिया।
पीड़ित के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब एसी कोच में बिना टिकट यात्रा कर रहे एक व्यक्ति के साथ रेलवे स्टाफ ने कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। इमरान ने बताया, "जब स्टाफ उस यात्री को पीट रहा था, तो मैंने और कुछ अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इसके बाद, वहां मौजूद कुछ लोगों का गुस्सा मुझ पर फूट पड़ा और उन्होंने मुझे निशाना बनाना शुरू कर दिया।"
धार्मिक पहचान देख बरपाया कहर
इमरान बाबू सैयद ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाते हुए आरोप लगाया कि हमलावरों का रवैया पूरी तरह से सांप्रदायिक था। उन्होंने कहा, "उन लोगों ने मेरी दाढ़ी खींची और सिर से टोपी उतारकर फेंक दी। मुझे बुरी तरह पीटा गया, जिससे मेरे मुंह से खून आने लगा। यह सब सिर्फ इसलिए किया गया क्योंकि हम मुसलमान हैं और हमारी पहचान अलग है।"
इमरान ने यह भी बताया कि जब उनके साथ यात्रा कर रहे दोस्त ने उन्हें बचाने की कोशिश की, तो भीड़ ने उसे भी नहीं बख्शा। उसके साथ भी मारपीट की गई और उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया।
वायरल वीडियो में झलक रहा दर्द
सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वीडियो में इमरान पुलिस अधिकारियों के सामने रोते हुए नजर आ रहे हैं और पूरी घटना का विवरण दे रहे हैं। वीडियो में वे कहते सुनाई दे रहे हैं, "उसने मुझे उठाया और मारने लगा।"
उनकी हालत देखकर ट्रेन में हुई बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
ताजा जानकारी के अनुसार, पीड़ित इमरान बाबू सैयद इस मामले में हाफिजपेट रेलवे स्टेशन पर औपचारिक शिकायत (FIR) दर्ज करवा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.