MP: छतरपुर नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों का 11 माह का एरियर अटका, दो दिन में भुगतान नहीं तो करेंगे हड़ताल

कर्मचारियों ने यह भी कहा कि वे रोजाना मेहनत करके शहर को साफ रखते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की ओर किसी का ध्यान नहीं दिया जा रहा। यदि प्रशासन ने समय रहते उन्हें उनका अधिकार नहीं दिया, तो हड़ताल ही एकमात्र विकल्प बच जाएगा।
छतरपुर नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों का 11 माह का एरियर अटका
छतरपुर नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों का 11 माह का एरियर अटकाInternet
Published on

भोपाल। मध्यप्रदेश के छतरपुर नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों का रोष लगातार बढ़ता जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले 11 महीनों से एरियर भुगतान का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें यह राशि अब तक नहीं मिल पाई है। कर्मचारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन और श्रम विभाग ने पहले ही आदेश जारी कर दिए थे कि कर्मचारियों को एरियर का भुगतान किया जाए। प्रदेश के कई जिलों और नगर परिषदों में यह भुगतान किया भी जा चुका है, लेकिन छतरपुर में आज तक इस आदेश का पालन नहीं हुआ है। इससे कर्मचारियों में असंतोष गहराता जा रहा है।

कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार अपने अधिकारियों को मौखिक रूप से पूरी स्थिति बताई और उनसे एरियर भुगतान की मांग भी की, लेकिन उनकी बात अनसुनी कर दी गई। किसी अधिकारी ने उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। कर्मचारियों ने बताया कि वे महीनों से सिर्फ़ आश्वासन ही सुनते आ रहे हैं। कई सफाई कर्मियों का कहना है कि वे पहले ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं, और इतनी लंबी देरी के बाद भी भुगतान न मिलना उनके लिए असहनीय हो गया है। इसी नाराजगी को देखते हुए सोमवार को कर्मचारियों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को एक लिखित ज्ञापन सौंपा।

कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी

ज्ञापन में साफ चेतावनी दी गई है कि अगर दो दिनों के भीतर एरियर का भुगतान नहीं किया गया, तो छतरपुर के सभी सफाई कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर चले जाएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि शासन और श्रम विभाग के आदेशों के बाद भी भुगतान न करना स्पष्ट रूप से अन्याय है। उनका कहना है कि जब बाकी जिलों में भुगतान किया जा सकता है, तो छतरपुर के कर्मचारियों को ही क्यों इंतजार कराया जा रहा है?

कर्मचारियों ने यह भी कहा कि वे रोजाना मेहनत करके शहर को साफ रखते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं की ओर किसी का ध्यान नहीं दिया जा रहा। यदि प्रशासन ने समय रहते उन्हें उनका अधिकार नहीं दिया, तो हड़ताल ही एकमात्र विकल्प बच जाएगा।

कर्मचारियों को फूटा गुस्सा

इस मामले पर सफाई कर्मी आकाश बाल्मिक ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान लगातार टलता जा रहा है। उन्होंने बताया कि न तो उन्हें समय पर वेतन मिल रहा है और न ही एरियर का भुगतान किया गया है। अधिकारी सिर्फ़ भरोसा देकर टालते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली से अब तक दो महीने बीत चुके हैं और वे लगातार परेशान हैं। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और किसी तरह दिन काटने पड़ रहे हैं। इस आर्थिक संकट से उनके परिवार की स्थिति भी प्रभावित हो रही है।

वहीं दूसरी ओर नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) माधुरी शर्मा ने बताया कि पिछले महीने से नगर पालिका में ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली यानी फेस आईडी सिस्टम शुरू किया गया है। कई कर्मचारियों ने समय पर अपना पंजीकरण नहीं कराया, जिसके कारण उनके वेतन भुगतान में अड़चन आई। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारी समय पर पंजीकरण करा लेते, तो यह समस्या उत्पन्न नहीं होती। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि पंजीकरण में देरी उनकी गलती नहीं, बल्कि सिस्टम में तकनीकी खामियां थीं।

सीएमओ माधुरी शर्मा ने एरियर भुगतान को लेकर भी जानकारी देते हुए कहा कि नगर पालिका प्रशासन ने एरियर भुगतान की तैयारियां पूरी कर ली हैं, लेकिन फिलहाल नगर पालिका के पास पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं है। इसी वजह से एरियर को एकमुश्त देना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि एरियर का भुगतान तीन किस्तों में किया जाएगा, जिसकी पहली किस्त का भुगतान आज किया जा रहा है। शेष दो किस्तें जल्द ही जारी की जाएंगी। उन्होंने कहा कि बजट उपलब्ध होते ही शेष भुगतान भी समय पर कर दिया जाएगा।

उधर, कर्मचारियों की चेतावनी के बाद नगर पालिका प्रशासन में भी हलचल बढ़ गई है। कर्मचारी हड़ताल पर चले जाते हैं तो शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो सकती है, जिससे लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। नगर पालिका प्रशासन इस स्थिति से बचने की कोशिश में है और जल्द से जल्द भुगतान प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दे रहा है। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि जब तक एरियर उनके खाते में नहीं पहुंचता, वे किसी आश्वासन पर विश्वास नहीं करेंगे।

छतरपुर नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों का 11 माह का एरियर अटका
MP: विवादित बयान पर शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार का यू-टर्न! राजा राममोहन राय को ‘दलाल’ कहने पर मांगी माफी
छतरपुर नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों का 11 माह का एरियर अटका
MP: बाबासाहेब की तस्वीर गायब? संजय गांधी थर्मल पावर स्टेशन के कर्मी आहत: 'टूट गई हो तो हम खुद नई तस्वीर देंगे!'
छतरपुर नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों का 11 माह का एरियर अटका
MP के खंडवा में प्याज के दाम को लेकर किसानों का प्रदर्शन: रेल रोकने की चेतावनी के लिए आगे बढ़े और फिर धरने पर बैठे

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com