UP: बलिया में सरयू नदी पर निर्माणाधीन पुल का ढांचा गिरा, दो मजदूरों की दर्दनाक मौत और एक गंभीर

बलिया के तुर्तीपार में सरयू नदी पर बन रहे पुल का पिलर ढहा, मलबे में दबकर दो मजदूरों की दर्दनाक मौत और एक गंभीर; डीएम ने दिए जांच के आदेश।
Saryu river bridge collapse Ballia.
बलिया में सरयू नदी पर बन रहे पुल का पिलर गिरने से बड़ा हादसा। 2 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 1 गंभीर।(Ai Image)
Published on

उत्तर प्रदेश: बलिया जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। बुधवार को उभांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत तुर्तीपार इलाके में सरयू नदी पर बन रहे एक निर्माणाधीन पुल के पिलर का भारी-भरकम स्टील फ्रेमवर्क अचानक भरभरा कर गिर गया। इस भयानक हादसे में दो मजदूरों की जान चली गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है।

बलिया के जिलाधिकारी (डीएम) एम. पी. सिंह ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए बताया कि हादसे की गहन जांच के लिए एसडीएम के नेतृत्व में अधिकारियों की एक टीम को तुरंत घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया है। इस टीम को घटना के असल कारणों की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है, ताकि इस लापरवाही के लिए जवाबदेही तय की जा सके।

एएसपी (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार सुबह मजदूर तुर्तीपार में सरयू नदी पर बन रहे पुल के पिलर में स्टील का ढांचा लगाने के काम में पूरी तरह से जुटे हुए थे। तभी यह ढांचा अचानक ढह गया और लोहे की भारी छड़ों के नीचे तीन मजदूर बुरी तरह दब गए। इन मजदूरों में पप्पू (3), लखीमपुर खीरी निवासी अमित (29) और पीलीभीत जिले का रहने वाला जुगल (21) शामिल थे।

हादसे की सूचना मिलते ही उभांव पुलिस मौके पर पहुंची। अन्य मौजूद मजदूरों और स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला और उन्हें फौरन स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने पप्पू और अमित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जुगल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। एएसपी के अनुसार इस पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान लोहे के सरियों का भारी ढांचा अचानक से ढह गया, जिससे मजूदरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर भारी अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते वहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी का आरोप उठाया है। उन्होंने मांग की है कि जिनकी लापरवाही से यह जानलेवा हादसा हुआ है, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

Saryu river bridge collapse Ballia.
पूरे देश में मनेगी सम्राट अशोक जयंती; हर बौद्ध कार्यक्रम में अब एक साथ होंगे भगवान बुद्ध, सम्राट अशोक और डॉ. अंबेडकर!
Saryu river bridge collapse Ballia.
सुप्रीम कोर्ट का फैसला: सेना में महिला अफसरों को स्थायी कमीशन और पेंशन का हक
Saryu river bridge collapse Ballia.
नस्लीय भेदभाव पर गृह मंत्रालय सख्त: नोएडा-गाजियाबाद में पूर्वोत्तर के लोगों के लिए तैनात होंगे विशेष अफसर

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com