Ground Report: एमपी में गहराया LPG संकट! एजेंसियों पर लंबी कतारें, 5 दिन से 50 हजार होटल-रेस्टॉरेंट को नहीं मिले कॉमर्शियल सिलेंडर

भोपाल की गैस एजेंसियों पर सुबह से भीड़, सर्वर ठप होने से ऑनलाइन बुकिंग बंद; सरकार बोली- घबराएं नहीं, जमाखोरी पर होगी कार्रवाई
Ground Report: एमपी में गहराया LPG संकट! एजेंसियों पर लंबी कतारें, 5 दिन से 50 हजार होटल-रेस्टॉरेंट को नहीं मिले कॉमर्शियल सिलेंडर
Published on

भोपाल। इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के असर अब भारत के बाजारों और आपूर्ति व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगे हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश में एलपीजी गैस का संकट गहराता जा रहा है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से प्रदेश के होटल और रेस्टॉरेंट कारोबार पर बड़ा असर पड़ रहा है, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि प्रदेश के करीब 50 हजार से ज्यादा होटल और रेस्टॉरेंट को पिछले पांच दिनों से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिले हैं, जिसके कारण कई प्रतिष्ठानों के सामने संचालन बंद करने की नौबत आ गई है। होटल संचालकों का कहना है कि कई जगहों पर सिर्फ 24 से 48 घंटे की गैस ही बची है, ऐसे में मजबूरी में इंडक्शन चूल्हे और डीजल भट्ठियों जैसे वैकल्पिक साधनों का उपयोग करना पड़ रहा है।

पुलिस की मौजूदगी में सिलेंडर विरतण

इधर घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर भी प्रदेश के कई शहरों में अफरा-तफरी का माहौल है। राजधानी भोपाल, इंदौर सहित कई जिलों में लोग गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही कतार में खड़े दिखाई दे रहे हैं। बुजुर्गों से लेकर महिलाएं और युवा तक सिलेंडर के लिए भागदौड़ कर रहे हैं। कहीं लोग अपने खाली सिलेंडर लेकर घंटों लाइन में खड़े हैं तो कहीं पुलिस की मौजूदगी में गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति न बने।

शनिवार को भोपाल में कई गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर पुलिस की गाड़ियां लगातार गश्त करती नजर आईं। प्रशासन को आशंका थी कि गैस की कमी को लेकर भीड़ में तनाव या हंगामा हो सकता है। शहर की करीब 23 गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही। इस बीच गैस बुकिंग का ऑनलाइन सर्वर भी ठप बताया जा रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें 7 से 8 दिन तक सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जिससे घरेलू रसोई भी प्रभावित हो रही है।

जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई

इस बीच राज्य सरकार ने स्थिति को लेकर सफाई दी है। सरकार का कहना है कि प्रदेश में एलपीजी की आपूर्ति सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। साथ ही प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसी को लेकर प्रदेश के कई जिलों में कलेक्टरों को भी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वितरण व्यवस्था पर नियंत्रण रखा जा सके।

भोपाल के जिंसी में गैस एजेंसी पर लगी लंबी कतारे
भोपाल के जिंसी में गैस एजेंसी पर लगी लंबी कतारेफ़ोटो- अंकित पचौरी, द मूकनायक

भोपाल में एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की कतारें

एलपीजी संकट की स्थिति को समझने के लिए द मूकनायक की टीम शनिवार सुबह भोपाल के जिंसी चौराहे स्थित इंडेन गैस एजेंसी पहुंची। यहां सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी हुई थी। कई लोग अपने खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े थे, तो कुछ लोग सिर्फ बुकिंग नंबर लगवाने के लिए एजेंसी के बाहर इंतजार कर रहे थे।

लाइन में खड़े लोगों से बातचीत करने पर सामने आया कि गैस बुकिंग की प्रक्रिया भी बड़ी समस्या बन चुकी है। एक ग्राहक ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से गैस सिलेंडर का नंबर लगाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। उसने बताया कि आज वह सुबह से ही एजेंसी के बाहर लाइन में खड़ा है, ताकि किसी तरह सिलेंडर का नंबर लग सके।

जब ऑन कैमरा बुकिंग नम्बर पर ग्राहक ने किया कॉल

एक युवक ने मौके पर ही गैस बुकिंग के लिए दिए गए फोन नंबर पर कॉल करके देखा। कॉल करने पर उसे सूचना मिली कि सेवाएं फिलहाल इनकमिंग के लिए बंद हैं। युवक ने बताया कि वह लगातार वेबसाइट और फोन के जरिए बुकिंग करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन न तो वेबसाइट काम कर रही है और न ही कॉल के जरिए नंबर लग पा रहा है। मजबूर होकर वह सुबह से एजेंसी के बाहर लाइन में खड़ा है, ताकि सिलेंडर के लिए अपना नंबर दर्ज करा सके।

गैस बुकिंग फोन नम्बर बंद
गैस बुकिंग फोन नम्बर बंदद मूकनायक

महिलाएं भी कतारों में दिखाई दीं

तेज धूप के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं भी गैस एजेंसी के बाहर इंतजार करती दिखाई दीं। द मूकनायक प्रतिनिधि ने उनसे बातचीत की तो उन्होंने भी गैस की किल्लत को लेकर अपनी परेशानी बताई। लाइन में खड़ी अंबिता दुबे नाम की एक महिला ने बताया कि वह भी सुबह से गैस सिलेंडर के लिए नंबर लगवाने के लिए लाइन में खड़ी हैं। उनका कहना था कि घर में गैस खत्म होने की स्थिति है, इसलिए मजबूरी में धूप में खड़े होकर इंतजार करना पड़ रहा है।

लाइन में खड़े एक अन्य उपभोक्ता राम सिंह ने द मूकनायक से बातचीत में कहा कि देश में आम जनता को बार-बार लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कभी नोटबंदी के समय लोगों को घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ा, तो कभी हवाई जहाज की टिकट, अब गैस कनेक्शन और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं के लिए भी लोगों को लाइन लगानी पड़ रही है।

राम सिंह ने कहा कि इन सबका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उनके अनुसार लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए घंटों धूप में खड़े रहने को मजबूर हैं, जबकि प्रशासन और सरकार इस स्थिति को संभालने में सक्षम नहीं दिखाई दे रही है।

उन्होंने मांग की कि सरकार ऐसी व्यवस्था बनाए जिससे जनता को बार-बार परेशान न होना पड़े और हर जरूरतमंद उपभोक्ता को समय पर एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हो सके।

प्रदेश में गैस आपूर्ति को लेकर बनी यह स्थिति आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल और रेस्टॉरेंट व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए भी चिंता का कारण बन गई है। हालांकि सरकार का दावा है कि आपूर्ति सामान्य है, लेकिन एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें और उपभोक्ताओं की बढ़ती परेशानी यह संकेत दे रही है कि जमीनी स्तर पर एलपीजी वितरण व्यवस्था फिलहाल दबाव में है।

Ground Report: एमपी में गहराया LPG संकट! एजेंसियों पर लंबी कतारें, 5 दिन से 50 हजार होटल-रेस्टॉरेंट को नहीं मिले कॉमर्शियल सिलेंडर
MP के बहुचर्चित अंजना हत्याकांड की जांच अब CBI के हवाले: SC के आदेश से बढ़ीं पूर्व गृह मंत्री की मुश्किलें, जानिए पूरा मामला?
Ground Report: एमपी में गहराया LPG संकट! एजेंसियों पर लंबी कतारें, 5 दिन से 50 हजार होटल-रेस्टॉरेंट को नहीं मिले कॉमर्शियल सिलेंडर
MP: ASP-भीम आर्मी की दतिया-ग्वालियर संकल्प पदयात्रा पर पुलिस ने किया बल प्रयोग, हाईकोर्ट में अंबेडकर मूर्ति मांग के लिए निकले नेता गिरफ्तार
Ground Report: एमपी में गहराया LPG संकट! एजेंसियों पर लंबी कतारें, 5 दिन से 50 हजार होटल-रेस्टॉरेंट को नहीं मिले कॉमर्शियल सिलेंडर
ईरान-इजराइल युद्ध का असर: MP में 2 दिन से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई ठप, होटल-रेस्टॉरेंट और शादियों पर संकट!

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com