MP: मैनिट में रैगिंग इस माह तीसरी शिकायत, जूनियर छात्र से मारपीट का गंभीर आरोप, जानिए क्या है मामला?

यूजीसी एंटी रैगिंग हेल्पलाइन ने प्रकरण को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा, मैनिट प्रबंधन ने शुरू की जांच
MP: मैनिट में रैगिंग इस माह तीसरी शिकायत, जूनियर छात्र से मारपीट का गंभीर आरोप, जानिए क्या है मामला?
Published on

भोपाल। मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) में रैगिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इस माह की तीसरी रैगिंग की शिकायत UGC एंटी रैगिंग हेल्पलाइन पर दर्ज की गई है। शनिवार को सामने आए ताज़ा मामले में प्रथम वर्ष के एक छात्र ने आरोप लगाया है कि छह से सात सीनियर विद्यार्थियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित छात्र ने सभी आरोपित सीनियर विद्यार्थियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है।

यूजीसी एंटी रैगिंग हेल्पलाइन ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण को ‘गंभीर श्रेणी’ में रखा है और मैनिट प्रबंधन को तत्काल कार्रवाई कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। हेल्पलाइन के निर्देशों के बाद मैनिट प्रशासन हरकत में आया है और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा अधिकारी और एंटी रैगिंग कमेटी के अध्यक्ष ने संस्थान परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि शिकायत में बताए गए समय और स्थान पर हुई गतिविधियों की पुष्टि की जा सके।

जांच के दौरान पीड़ित छात्र द्वारा बताए गए घटनास्थल और समय-सीमा के अनुरूप फुटेज का मिलान किया जा रहा है। इसके साथ ही सोमवार को मैनिट प्रबंधन इस प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगा। इस दौरान न केवल पीड़ित जूनियर छात्र और आरोपित सीनियर विद्यार्थियों से, बल्कि उस समय आसपास मौजूद अन्य विद्यार्थियों से भी पूछताछ की जाएगी, ताकि घटनाक्रम की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच हो सके।

गौरतलब है कि जनवरी माह में भी मैनिट में रैगिंग से जुड़े दो प्रकरण सामने आए थे, जिनकी जांच अभी जारी है। प्रशासन का कहना है कि उन मामलों में भी जांच अंतिम चरण में है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। लगातार सामने आ रही शिकायतों ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और रैगिंग रोकने के लिए बनाए गए तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि ताज़ा मामले में जांच कितनी तेजी से पूरी होती है और दोषियों पर कब और कैसी कार्रवाई की जाती है।

पिछले वर्ष भी मैनिट में रैगिंग से उपजा था तनाव

भोपाल स्थित मैनिट कॉलेज परिसर में रैगिंग को लेकर तनाव का मामला पिछले साल भी सामने आया था। फरवरी 2025 में प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष के छात्रों के बीच विवाद ने गंभीर रूप ले लिया था। बताया गया था कि रैगिंग के आरोपों के बाद दोनों पक्षों में झड़पें शुरू हुईं, जो धीरे-धीरे कॉलेज कैंपस के माहौल को प्रभावित करने लगीं। हालात ऐसे बन गए थे कि छात्रों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया।

मामला उस समय और बिगड़ गया, जब दूसरे वर्ष के कुछ छात्रों ने सोशल मीडिया पर अपने जूनियर्स को धमकियां दीं। इसके बाद भय के चलते प्रथम वर्ष के छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर दिया। वहीं सीनियर छात्रों ने मैनिट प्रशासन के खिलाफ विरोध रैली निकाली, जबकि फ्रेशर छात्रों ने प्रशासन के समर्थन में रैली से दूरी बनाए रखी। यह पूरा घटनाक्रम मैनिट परिसर में अनुशासन, सुरक्षा और एंटी-रैगिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला साबित हुआ था।

MP: मैनिट में रैगिंग इस माह तीसरी शिकायत, जूनियर छात्र से मारपीट का गंभीर आरोप, जानिए क्या है मामला?
MP: महिला पटवारी से दुष्कर्म मामले में डिप्टी कलेक्टर दोषी, कोर्ट ने सुनाई 10 साल की सजा
MP: मैनिट में रैगिंग इस माह तीसरी शिकायत, जूनियर छात्र से मारपीट का गंभीर आरोप, जानिए क्या है मामला?
MP इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी मामला: त्रासदी में 31वीं मौत, इलाके में दहशत का माहौल
MP: मैनिट में रैगिंग इस माह तीसरी शिकायत, जूनियर छात्र से मारपीट का गंभीर आरोप, जानिए क्या है मामला?
MP सागर में आदिवासी सुसाइड केस: SIT ने सुप्रीम कोर्ट से मांगा वक्त, मार्च में पेश होगी रिपोर्ट, जानिए क्या है मामला?

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com