
जयपुर- कई सालों से भैंसों के तबेले में चल रहे रामपुरा-कंवरपुरा क्षेत्र के सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्था सुधरने वाली है। शुक्रवार को 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत जब कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की टीम स्कूल का ऑडिट करने पहुंची तो स्थानीय लोगों ने उन्हें रोका, मारपीट की, पत्थरबाजी की, कारों के शीशे फोड़े और कपड़े फाड़े। टीम पर ट्यूब में पत्थर डालकर भी हमला किया गया।
इस पूरे विवाद और सोशल मीडिया पर फैले आक्रोश के महज 48 घंटे बाद राजस्थान सरकार ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। शनिवार देर शाम सीजेपी संयोजक अभिजीत दिपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका ने इंस्टाग्राम लाइव में बताया कि सरकार ने 1 सितंबर से स्कूल में निर्माण और मरम्मत का काम शुरू करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। दोनों नेताओं ने इसे छात्रों की सुरक्षा के लिए बड़ी जीत बताया।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने सीजेपी सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली और उन पर व्यवधान पैदा करने का आरोप लगाया। एक स्थानीय विधायक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके हमलावरों का बचाव भी किया। सीजेपी ने आरोप लगाया था कि स्कूल की जर्जर हालत सुधारने के बजाय प्रशासन और राजनीतिक ताकतें टीम को दबाने में लगी थीं।
अभिजीत दिपके ने लाइव में कहा, “अगर राजस्थान सरकार ने पहले दिन ही यह घोषणा कर दी होती, तो उन्हें सीजेपी के खिलाफ हिंसा का सहारा लेने की जरूरत नहीं पड़ती।” आशुतोष रांका ने सरकार की तेज कार्रवाई का श्रेय सीजेपी समर्थकों और ऑनलाइन समुदाय द्वारा बनाए गए दबाव को दिया। दोनों नेताओं ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित स्कूल दिलाने के लिए वे जेल जाने को भी तैयार हैं।
सीजेपी ने स्पष्ट किया कि स्कूल की मरम्मत की मांग पर सरकार के झुकने के बावजूद न्याय की लड़ाई जारी रहेगी। टीम ने हमलावरों का अनएडिटेड वीडियो सबूत पुलिस को सौंप दिया है। अभिजीत दिपके ने कहा, “जब तक राजस्थान पुलिस कैमरे में कैद इन गुंडों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती, हम नहीं रुकेंगे।” सीजेपी का कहना है कि पुलिस को निष्पक्षता दिखाते हुए हमलावरों को गिरफ्तार करना चाहिए, न कि सच उजागर करने वाले कार्यकर्ताओं को निशाना बनाना चाहिए।
एक और सफलता का उल्लेख करते हुए रांका ने बताया कि "राजस्थान के जोधावास, थानागाजी स्थित स्कूल में मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। यह वही स्कूल है जहाँ हम पिछले हफ़्ते गए थे। क्लासरूम्स की मरम्मत की जा रही है, जर्जर भवन को ज़मींदोज़ कर दिया गया है। वाशरूम और प्लेग्राउंड भी जल्द तैयार हो जाएगा। इसी के लिए तो हम लड़ रहे है। स्कूल ठीक हो, बच्चे अच्छे से पढ़ सके। किसी भी समझदार और देशभक्त व्यक्ति को इसमें दिक्कत नहीं हो सकती।"
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें