तमिलनाडु: दहेज़ या जातिवाद? शादी के महज 3 महीने बाद दलित बेटी की मौत, की थी लव मैरिज शादी

तमिलनाडु के विल्लुपुरम में लव मैरिज का दर्दनाक अंत। दहेज और जातिगत प्रताड़ना के आरोपों के बीच दलित युवती की संदिग्ध मौत।
सांकेतिक- महिला की हुई मौत
सांकेतिक- महिला की हुई मौतInternet
Published on

विल्लुपुरम (तमिलनाडु): तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले के सोरनावुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ 22 वर्षीय दलित ईसाई विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के परिवार ने उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जातिसूचक गालियाँ देने का गंभीर आरोप लगाया है।

क्या है पूरा मामला?

मृतका की पहचान ए. देवजेस्सी प्रिया (22) के रूप में हुई है, जिसने लगभग तीन महीने पहले अपने कॉलेज के दोस्त एम. वसंत कुमार (24) से प्रेम विवाह किया था। वसंत कुमार हिंदू वन्नियार समुदाय से ताल्लुक रखता है। शादी के बाद यह जोड़ा विल्लुपुरम जिले के वलावनूर के पास सोरनावुर गांव में रह रहा था। प्रिया के परिजनों का कहना है कि यह शादी लड़के वालों की मौजूदगी में हुई थी, लेकिन प्रिया के रिश्तेदारों को इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई।

प्रिया के बड़े भाई ए. रिचर्ड (26) द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद से ही प्रिया को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोपों के अनुसार, इस उत्पीड़न में पति वसंत कुमार के अलावा उसके माता-पिता मुरुगन और लक्ष्मी, तथा बड़ा भाई भक्तवचलम भी शामिल थे।

वह आखिरी फोन कॉल

घटनाक्रम 31 जनवरी का है, जब प्रिया ने अपनी मौसी को फोन किया था। उस दौरान उसने बताया कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और दहेज के लिए तंग किया जा रहा है। विडंबना देखिए कि इस कॉल के महज एक घंटे बाद ही पति ने परिवार को सूचित किया कि प्रिया की मौत हो चुकी है।

रिचर्ड ने दावा किया है कि उनकी बहन ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या की गई है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रिया के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जो मारपीट की गवाही दे रहे हैं।

मीडिया से बात करते हुए रिचर्ड ने कहा, "हम चाहते हैं कि पुलिस इस मामले की जाँच जातिगत भेदभाव और दहेज उत्पीड़न की संवेदनशीलता को ध्यान में रखकर करे। मेरी बहन को बुरी तरह प्रताड़ित किया गया और फिर मार डाला गया।"

संघर्षपूर्ण रहा है प्रिया का जीवन

प्रिया मूल रूप से कुड्डालोर जिले के पनरुति तालुक स्थित अलगप्पा समुद्रम की रहने वाली थीं। बचपन में ही माता-पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद, उनका पालन-पोषण उनके बड़े भाई, दादी जोसेफिना मैरी और मौसियों ने विल्लुपुरम जिले के तिरुवेन्नैनल्लूर के पास मडमपट्टू गांव में किया था।

पढ़ाई-लिखाई में होनहार प्रिया ने पेरियार गवर्नमेंट आर्ट्स कॉलेज, कुड्डालोर से माइक्रोबायोलॉजी में बीएससी की डिग्री हासिल की थी और वह चेन्नई के पास सुंगुवरचत्रम में एक निजी कंपनी में कार्यरत थीं। परिवार के सूत्रों के अनुसार, कॉलेज के दिनों से ही उसका वसंत कुमार के साथ प्रेम संबंध था। हालांकि, कुमार ने बाद में कॉलेज छोड़ दिया था, लेकिन उनका रिश्ता जारी रहा और तीन महीने पहले दोनों शादी के बंधन में बंध गए।

पुलिस की कार्रवाई और परिवार का विरोध

दहेज उत्पीड़न और जातिगत दुर्व्यवहार की शिकायत के बावजूद, वलावनूर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 (3) के तहत मामला दर्ज किया है और मंगलवार को पति कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

हालांकि, मृतका के परिजन पुलिस की कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने प्रिया का शव लेने से इनकार कर दिया है और उनकी मांग है कि कुमार के माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों को भी तुरंत गिरफ्तार किया जाए। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के बाद मुंडियाम्बक्कम स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रखा गया है, जहाँ परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।

सांकेतिक- महिला की हुई मौत
मुरैना में दलित युवक के साथ अमानवीयता का वीडियो वायरल, 7 महीने पुराने मामले में आरोपी धर्मेंद्र तोमर गिरफ्तार
सांकेतिक- महिला की हुई मौत
MP भागीरथपुरा दूषित पानी कांड: 32वीं मौत से दहशत में लोग, नल का पानी अब भी भरोसे से बाहर!
सांकेतिक- महिला की हुई मौत
MP बालाघाट में 10 मुस्लिम परिवारों का सामाजिक बहिष्कार: लेन-देन बंद, रोजगार छिना, डर के साए में जिंदगी

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com