
तमिलनाडु के पुदुकोट्टई जिले में 20 वर्षीय दलित युवक आर. हरिहरन का शव 23 अप्रैल को एक खदान के पास मिला है। युवक 21 अप्रैल से लापता था। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या एक अन्य जाति की लड़की के परिवार वालों ने की, क्योंकि हरिहरन का उस लड़की के साथ प्रेम संबंध था।
घटना तमिलनाडु के पुदुकोट्टई जिले के कुलतूर तालुक स्थित नाडुपट्टी गांव की है। हरिहरन 21 अप्रैल को एक संदिग्ध फोन कॉल के बाद लापता हो गया था। मोबाइल बंद होने के बाद परिवार ने उसे तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। 23 अप्रैल को जंगल के पास पशु चरा रहे ग्रामीणों ने एक खदान में शव तैरता देखा, जिसे बाद में हरिहरन के रूप में पहचाना गया।
पिता पी. राजकुमार की शिकायत पर वेल्लानुर पुलिस ने 24 अप्रैल को बीएनएसएस की धारा 194 (संदिग्ध मौत) के तहत मामला दर्ज किया था। पोस्टमॉर्टम के बाद 27 अप्रैल को शव परिवार को सौंपा गया। हालांकि, परिजन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग को लेकर अड़े रहे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में लड़की और उसके परिवार की संलिप्तता की आशंका के बाद 25 अप्रैल को एफआईआर बदल दी गई।
19 वर्षीय लड़की जो हिंदू जातीय समुदाय से आती है, उसके पिता राजेंद्रन, भाई षण्मुगसुंदरम और एक अन्य व्यक्ति कृष्णन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(va) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार हरिहरन का लड़की के साथ प्रेम संबंध था। दोनों ने करीब पांच महीने पहले भागकर शादी करने की कोशिश की थी, लेकिन जातीय अड़चनों के चलते दोनों परिवारों को कीरनूर पुलिस थाने में काउंसलिंग के बाद अलग होने के लिए मजबूर किया गया था। परिजनों का आरोप है कि लड़की के परिवार ने दबाव बनाकर हरिहरन की हत्या करवाई, जबकि अब उनके खिलाफ केवल उकसाने का मामला चल रहा है। फिलहाल इस मामले में किसी तरह के विरोध प्रदर्शन की सूचना नहीं है, और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें