
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक स्थानीय मनबढ़ किस्म के व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर पीटे जाने और जातिसूचक गालियां देने से आहत होकर एक दलित युवक ने खुद को आग के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना शनिवार को जिले की खतौली तहसील के गंगधाड़ी गांव में घटी। बताया जा रहा है कि 25 वर्षीय दलित युवक हिमांशु ने आरोपी का कोई काम करने से मना कर दिया था। इस बात से नाराज होकर 28 वर्षीय आरोपी टिंकू उर्फ गौरव ने कथित तौर पर हिमांशु की बुरी तरह पिटाई कर दी।
पीड़ित के परिवार द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, काम से इनकार करने पर टिंकू ने हिमांशु को थप्पड़ जड़ दिया और उसकी जाति को निशाना बनाते हुए बेहद अपमानजनक और भद्दी टिप्पणियां कीं। इस सार्वजनिक अपमान से युवक मानसिक रूप से तनाव में आ गया।
इस जलालत और प्रताड़ना को बर्दाश्त न कर पाने के कारण हिमांशु ने आत्महत्या करने के इरादे से खुद को आग लगा ली। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस दर्दनाक घटना में युवक का शरीर 30 प्रतिशत से अधिक जल गया है।
रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने पत्रकारों को इस मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी टिंकू उर्फ गौरव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के साथ-साथ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसएसपी संजय कुमार ने आगे पुष्टि की कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, 30 फीसदी से ज्यादा झुलस चुके पीड़ित हिमांशु की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
‘द मूकनायक’ जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है. अगर आप भी चाहते हैं कि ‘द मूकनायक’ हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहे तो सपोर्ट करें.
यहां सपोर्ट करें