MP: छतरपुर के हमा गांव में संत रविदास की मूर्ति क्षतिग्रस्त, सामाजिक संगठनों ने की कार्रवाई की मांग

अज्ञात असामाजिक तत्वों की करतूत से गांव में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग
छतरपुर के हमा गांव में संत रविदास की मूर्ति क्षतिग्रस्त
छतरपुर के हमा गांव में संत रविदास की मूर्ति क्षतिग्रस्तInternet
Published on

भोपाल। संत रविदास महाराज की शिक्षाओं से जुड़े ग्राम हमा में शनिवार को उस समय तनाव फैल गया, जब गांव में स्थापित उनकी मूर्ति को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। यह घटना सामने आते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों का कहना है कि संत रविदास महाराज केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेशवाहक हैं। उनकी मूर्ति को नुकसान पहुंचाना न सिर्फ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य है, बल्कि गांव की सामाजिक शांति और सौहार्द को बिगाड़ने की सुनियोजित कोशिश भी है। ग्रामीणों ने दोषियों की तत्काल पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर, मूर्ति को अभिरक्षा में लिया

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने खंडित मूर्ति को अपने कब्जे में लेकर थाने में सुरक्षित रख लिया है। अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ-साथ साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया चल रही है।

कोतवाली में प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग

रविवार को ग्रामीणों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग बड़ी संख्या में सिटी कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गांव के ही एक युवक पर मूर्ति तोड़ने का आरोप लगाते हुए उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए, तो इससे समाज में गलत संदेश जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को बढ़ावा मिलेगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने समझाइश दी और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

भीम आर्मी ने उठाये सवाल

भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष संतोष रैदास ने आरोप लगाया कि मूर्ति तोड़ने की घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति गांव का ही एक बदमाश है, जिस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने दावा किया कि आरोपी ने घटना से एक रात पहले गांव में गाली-गलौज कर समाज के लोगों को धमकाया था और इसके बाद मंदिर में रखी मूर्ति को तोड़कर फेंक दिया। भीम आर्मी ने इस घटना को दलित समाज की आस्था पर सीधा हमला बताते हुए प्रशासन से कठोरतम कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की जांच जारी

सिटी कोतवाली टीआई अरविंद दांगी ने बताया कि ग्राम हमा में मूर्ति खंडित करने की घटना पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। ग्रामीणों और संगठनों द्वारा जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके आधार पर विधि अनुसार जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

छतरपुर के हमा गांव में संत रविदास की मूर्ति क्षतिग्रस्त
MP में 36 वर्षीय युवक से नाबालिग की हो रही थी शादी, एन वक्त पर प्रशासनिक कार्रवाई से विवाह रुका
छतरपुर के हमा गांव में संत रविदास की मूर्ति क्षतिग्रस्त
MP लाड़ली बहनों पर सियासत की सख़्ती! मंत्रियों के बयानों से उठा डर का सवाल, अब राजस्व मंत्री ने मंच से धमकाया
छतरपुर के हमा गांव में संत रविदास की मूर्ति क्षतिग्रस्त
MP भागीरथपुरा दूषित पानी कांड: 32वीं मौत से दहशत में लोग, नल का पानी अब भी भरोसे से बाहर!

द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.

The Mooknayak - आवाज़ आपकी
www.themooknayak.com