
भोपाल। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मटवारा में स्कूटी की मामूली टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। पीड़ित दलित युवक अरविंद का आरोप है कि कुछ लोगों ने पहले बाजार में उसके साथ मारपीट की और इसके बाद उसके घर पहुंचकर उसे घसीटते हुए आंगन में ले गए। यहां उसके साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की गई। इस दौरान उसके कपड़े फाड़ने का भी आरोप है।
घटना का वीडियो सोमवार रात सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया है। वीडियो में एक युवक के साथ कई लोगों द्वारा मारपीट किए जाने और घर की महिलाओं द्वारा उसे बचाने का प्रयास करते दिखाई देने की बात कही जा रही है।
बाजार में विवाद के बाद घर पहुंचे आरोपी
पीड़ित परिवार के मुताबिक, विवाद की शुरुआत स्कूटी को मामूली टक्कर लगने के बाद हुई थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर कुछ लोगों ने बाजार में अरविंद के साथ मारपीट की। इसके बाद विवाद खत्म होने के बजाय आरोपी उसके घर तक पहुंच गए।
परिवार का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद आरोपियों ने अरविंद को बाहर घसीटा और आंगन में ले जाकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए गए उसे नग्न कर बुरी तरह पीटते रहे।
बेटे को बचाने आई मां से भी मारपीट का आरोप
पीड़ित की मां ने आरोप लगाया कि घटना 29 सितंबर की है। उनका कहना है कि जब वह अपने बेटे को बचाने के लिए आगे आईं तो उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई। परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडों से हमला किया।
परिवार के मुताबिक, घटना के दौरान घर में मौजूद महिलाओं ने युवक को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान बनाए गए वीडियो में मारपीट की पूरी घटना के कुछ हिस्से दिखाई दे रहे हैं।
थाने में सुनवाई नहीं होने का आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद वे शिकायत लेकर स्लीमनाबाद थाने पहुंचे थे। परिवार का आरोप है कि तत्काल FIR दर्ज नहीं की गई। इसके बाद 1 अक्टूबर को परिवार ने कटनी एसपी अभिनव विश्वकर्मा को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एसपी के निर्देश के बाद FIR दर्ज
पुलिस के अनुसार, एसपी के हस्तक्षेप के बाद स्लीमनाबाद थाना पुलिस ने मामले में BNS की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस ने धारा 331(2), 296(बी), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब शिकायत और सामने आए वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
FIR के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि मामला दर्ज हुए करीब एक सप्ताह होने के बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिवार ने आरोपियों से खतरा बताते हुए पुलिस से जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
थाना प्रभारी बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी
स्लीमनाबाद थाना प्रभारी विजय विश्वकर्मा ने बताया कि मामले में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। वीडियो और शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नामजद और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें