
वाराणसी/यूपी: सिगरा पुलिस ने मंगलवार को एक 22 वर्षीय दलित युवती के साथ कई बार दुष्कर्म करने और उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में 28 साल के मनोज मौर्य को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अश्लील वीडियो बनाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने जैसे संगीन आरोप लगे हैं। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के साथ-साथ एससी/एसटी एक्ट (SC/ST Act) के तहत भी मुकदमा दर्ज किया है।
सिगरा थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि यह अहम गिरफ्तारी एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। दरअसल, पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद से ही आरोपी मनोज पुलिस के रडार पर आ गया था। युवती ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया था कि आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और धोखे से एक अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
पीड़िता के मुताबिक, आरोपी उसी वीडियो को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका शारीरिक और मानसिक शोषण कर रहा था। इसके अलावा, उसने पीड़िता और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। बात यहीं तक नहीं रुकी, उसने दुष्कर्म पीड़िता और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया गया। बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज होने के बाद पुलिस टीमों ने फौरन कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने कई जगहों पर दबिश दी और आखिरकार मंडुआडीह के रहने वाले आरोपी मनोज मौर्य को धर दबोचा।
द मूकनायक की प्रीमियम और चुनिंदा खबरें अब द मूकनायक के न्यूज़ एप्प पर पढ़ें। Google Play Store से न्यूज़ एप्प इंस्टाल करने के लिए यहां क्लिक करें.
'द मूकनायक' जनवादी पत्रकारिता करता है. यह संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय पर चलने वाला मीडिया समूह है। अगर आप भी चाहते हैं कि 'द मूकनायक' हमेशा हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज बुलंद करता रहे, बेजुबानों की पीड़ा दिखाते रहें तो सब्सक्राइब करें।
यहां सब्सक्राइब करें